The Lallantop

हमने Redmi Note 15 चलाकर देखा, जानें आपके काम का है या नहीं

Redmi Note 15 Review: Xiaomi का सब ब्रांड Redmi अपनी नोट सीरीज का Redmi Note 15 लेकर आया है. ये डिवाइस बजट में शानदार फोन देने वाले पुराने दावे के साथ आया है. पूरे अनुशासन से कंपनी ने इस फोन को बनाया है ताकि प्रतिष्ठा वापस मिले. देखते हैं 'नोट' चलेगा या बंद होगा.

Advertisement
post-main-image
Redmi Note 15 से कंपनी की परंपरा प्रतिष्ठा अनुशासन लौटेगा क्या?

साल 2017 और सितंबर का महीना. चीन की एक स्मार्टफोन कंपनी को भारत में आए तीन साल हो चुके थे. कंपनी भारत के बाजार में अपनी पहचान तलाश रही थी. इसी महीने आई Flipkart की फेमस बिग बिलियन सेल. प्लेटफॉर्म से सिर्फ 48 घंटे में 13 लाख डिवाइस बिक गए. Redmi Note 4 बाजार का सिरमौर बन गया. दुकानदारों ने ऑनलाइन मार्केट से इसे खरीदा और डिमांड बढ़ने पर ब्लैक में बेचा. Note सीरीज ने कंपनी को खूब नोट गिनकर दिए. मगर धीरे-धीरे मामला गड़बड़ा गया. पिछले साल आई नोट 14 सीरीज को तो यूजर और एक्सपर्ट ने सिरे से नकार दिया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

अब कंपनी Redmi Note 15 लेकर आई है. ये डिवाइस बजट में शानदार फोन देने वाले पुराने दावे के साथ आया है. पूरे अनुशासन से कंपनी ने इस फोन को बनाया है ताकि प्रतिष्ठा वापस मिले. देखते हैं 'नोट' चलेगा या बंद होगा.

# Redmi Note 15 5G के डिजाइन से शुरू करते हैं. वैसे तो मार्केट में कर्व्ड डिस्प्ले वाले फोन अब कम नजर आते हैं. लेकिन चीनी कंपनी ने इसी डिजाइन लैंग्वेज को रखा है. फोन बेहद स्लिम और हल्का है. 178 ग्राम वजन की वजह से हाथ में ग्रिप अच्छी मिलती है. 6.77 Inch का AMOLED 3200nits पीक ब्राइटनेस के साथ आता है जो आंखें मिचमिचाने वाले उजियारे में भी बरोबर काम करता है. 

Advertisement

क्या ये भी बताना पड़ेगा कि रिफ्रेश रेट 120 हर्ट्ज है? नहीं भाई, क्योंकि वो तो अब उस फोन में भी आता है जो सालों से 60 हर्ट्ज पर बैठा था. इधर तो होगा ही. कर्व्ड डिस्प्ले की सबसे बड़ी दिक्कत होती है स्क्रीन प्रोटेक्टर, इसलिए कंपनी ने खुद ही इसे लगाकर दे दिया है.

Redmi Note 15
Redmi Note 15

# Redmi Note 15 5G के खिचक-खिचक वाले मामले को सेट करने के लिए इसमें OIS सपोर्ट के साथ 108MP का मास्टर पिक्सल सेंसर लगाया गया है. 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड कैमरा भी है. ‘चल बेटा सेल्फी’ और रील रिकॉर्ड करने के लिए 20MP का शूटर सामने की तरफ मिलेगा. फ्रन्ट कैमरा अपना काम ठीक से करता है. वैसे फोटो खींचते समय लगेगा कि व्हाइट बैलेंस ज्यादा है, मगर फाइनल फोटो अच्छा आता है. माने सॉफ्टवेयर से लेकर प्रोसेसर तक अपना काम ठीक से जानते हैं. 

पोर्ट्रेट मोड में भी क्लिक के टाइम लगेगा कि यार कुछ ज्यादा ही ब्लर हो गया, लेकिन जब फोटो गैलरी में देखोगे तो सब सेट नजर आएगा. फ्रन्ट वाले कैमरे से 30fps पर 1080p में बनने वाले वीडियो की क्वालिटी भी ठीक है.

Advertisement
Redmi Note 15 5G
Redmi Note 15 5G

# Redmi Note 15 5G में कंपनी ने 5520mAh की बैटरी लगाई है. 45W Turbo Charging वाला चार्जर भी डिब्बे में मिलेगा. चार्जिंग टाइम पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत नहीं क्योंकि आपके ब्रेक फास्ट करके तैयार होने तक फोन फुल चार्ज हो जाएगा. अगर रगड़ कर भी फोन चलाया माने कुछ घंटे रील पर उँगलियां फेरी और व्हाट्सऐप पर बतियाए और यूट्यूब भी चला लिया तो पूरा दिन आराम से बैकअप मिलेगा. अगर नॉर्मल यूजर हुए तो डेढ़-पौने दो दिन भी चार्जिंग का तार नहीं खोंसना पड़ेगा.

Redmi Note 15 5G
Redmi Note 15 5G

# डिस्प्ले, कैमरा और बैटरी हो गया. अब बचा क्या? प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर. अब Qualcomm Snapdragon 6 Gen 3 से हमें तो कोई दिक्कत नहीं हुई. अपनी मेन सिम लगाकर भी रोज फोन चलाया और मजे से चलाया. Dolby Atmos स्पीकर्स की वजह से कॉन्टेन्ट देखने में भी मजा आता है. हां एंड्रॉयड 15 पर बेस्ड Xiaomi HyperOS 2 अच्छा नहीं लगा. वैसे तो एंड्रॉयड 16 से कोई बड़ा बदलाव नहीं आता, लेकिन नया फोन तो नया ऑपरेटिंग सिस्टम मांगता रे बाबा क्योंकि एंड्रॉयड 17 भी आ ही गया है. पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम से एक साल का अपग्रेड भी अपने आप कम हो जाता है. ये कमी खली अपने को.

Redmi Note 15
Redmi Note 15

दूसरी कमी कीमत में लगी. वैसे तो 8GB + 128GB जीबी वाला मॉडल 22,999 रुपये का है और 2000 का कार्ड डिस्काउंट भी है तो मामला 21 हजार हो जाता है. लेकिन अगर यही डिवाइस 20 हजार से थोड़ा नीचे होता तो वाकई अच्छा होता. खैर मोबाइल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं तो ऐसे में अगर कंपनी यही दाम बरकरार रखेगी तो भी ठीक रहेगा.

Redmi Note 15 5G अपने को बढ़िया फोन लगा. लेकिन इसके बड़े भाई Redmi Note 15 Pro के बारे में अपनी राय कुछ अलग है. जल्दी बताएंगे.

वीडियो: सोशल लिस्ट: होर्डिंग पर चढ़ी कार वायरल, लोगों को मिला धोखा?

Advertisement