एक आम स्मार्टफोन यूजर को फोन से क्या चाहिए होता है? बड़ा सा डिस्प्ले, अच्छा डिजाइन, बड़ी बैटरी, स्मूद प्रोसेसर और भरोसेवाला कैमरा. इसके साथ अगर 6GB रैम और 5G नेटवर्क का सपोर्ट हो तो 80 फीसदी काम बन गया. इसके बाद कीमत अगर 20 हजार के अल्ले-पल्ले हो तो मामला 100 फीसदी सेट हो जाता है. 6GB रैम की बात करना इसलिए जरूरी है क्योंकि आजकल 20 हजार के बजट में ‘रैम की राम कहानी’ 4GB पर आ गई है. ऐसे में हमने अपनी सिम खोंसी POCO M8x 5G में. जानते हैं क्या मिला हमें?
POCO M8x 5G: 20 हजार में 6GB रैम और बड़ी बैटरी, चिप भी जोरदार
POCO M8x 5G में कंपनी ने 6.9 इंच का बड़ा डिस्प्ले लगाया है. स्मार्टफोन में Qualcomm Snapdragon 4 Gen 5 चिपसेट लगा है जो भारत में पहली बार किसी डिवाइस में चिपकाया गया है. स्मार्टफोन में 7900mAh की बैटरी लगी है जो आराम से दो दिन चलती है.

POCO M8x 5G में कंपनी ने 6.9 इंच का बड़ा डिस्प्ले लगाया है. हालांकि, ये एक एचडी प्लस आईपीएस डिस्प्ले है लेकिन 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है तो यूट्यूब पर The Lallantop देखने या इंस्टा पर रील-रील खेलने या नेटफ्लेक्स पर चिल करने में कोई परेशानी नहीं होगी. हमारे पास जो यूनिट आई है वो लेदर ग्रीन कलर (eco leather) है, जिसका बैक पैनल वाकई बढ़िया लगता है. फोन में बैक कवर लगाने का मन नहीं करेगा. डिस्प्ले को Gorilla Glass 7i का प्रोटेक्शन भी मिला है.

स्मार्टफोन में Qualcomm Snapdragon 4 Gen 5 चिपसेट लगा है जो भारत में पहली बार किसी डिवाइस में चिपकाया गया है. स्नैपड्रेगन है तो फिर परफॉर्मेंस ‘मक्खन’ ही मिलेगा. फोन देर तक चलाने पर भी गर्म नहीं होता है. देर तक चलाने से याद आया. डिवाइस में दो स्टीरियो स्पीकर लगे हैं, जो अपना काम बखूबी करते हैं. माने, अगर आपने फुल वॉल्यूम कर लिया तो फिर दूसरे कमरे तक आवाज पक्का जाएगी. वैसे तो कंपनी ने इसका 4GB रैम वाला मॉडल भी मार्केट में उतारा है, लेकिन हमारी आपको सलाह रहेगी कि 6GB+128GB वाला मॉडल खरीदें. अगर फोन आपको लेना है तो.
स्मार्टफोन में 7900mAh की बैटरी लगी है जो आराम से दो दिन चलती है. माने नॉर्मल इस्तेमाल में अगर आपने इंस्टाग्राम चलाया या यूट्यूब देखा या व्हाट्सऐप पर बतिया लिए तो भी शाम तक मामला 50 फीसदी से नीचे नहीं आएगा. हां, चार्जर के मामले में आधा नंबर काट लेंगे क्योंकि इतनी बड़ी बैटरी के साथ 45W का चार्जर ‘ऊंट के मुंह में जीरे’ जैसा लगता है. 22.5W की रिवर्स वायर चार्जिंग एक अच्छा फीचर है. मुसीबत में ये डिवाइस पावर बैंक का काम बखूबी करेगा.
ये भी देखें: स्मार्टफोन्स महंगे होने की वजह AI के लिए RAM की बढ़ती डिमांड?
कैमरा और सॉफ्टवेयरPOCO M8x 5G का कैमरा थका हुआ नहीं है. मतलब, फोटो क्लिक होने में कोई टाइम नहीं लगता. खिचक-खिचक करते हुए फोटो ठीक आते हैं. हालांकि वीडियो का मामला हमें नहीं जमा. डिवाइस एंड्रॉयड 16 पर बेस्ड Xiaomi Hyper OS के साथ आता है. कंपनी 4 साल के सॉफ्टवेयर अपडेट का वादा भी करती है जो अच्छी बात है.

POCO M8x 5G की कीमत इसका मजबूत पक्ष है. सॉलिड बैटरी और 6GB रैम के साथ इसका दाम 22,999 रुपये है लेकिन 2000 का डिस्काउंट लगाने से मामला 21 हजार पर आ जाता है. चार्जर, बैक कवर भी साथ में आता है तो उसके पैसे भी बच गए. आजकल जिस तरीके से मोबाइल के दाम रोज बढ़ रहे हैं और 4GB रैम वाले डिवाइस भी 18-20 हजार में मिल रहे हैं. वैसे में ये डिवाइस अपनी कीमत पर घाटे का सौदा नहीं है.
वीडियो: खर्चा पानी: Apple ने iPhone 17 इतना महंगा क्यों कर दिया?











