स्मार्टफोन में सबसे जरूरी कैटेगरी है इंट्री लेवल स्मार्टफोन. बाजार की भाषा में जिसे बजट स्मार्टफोन कहते हैं. इसका ग्राहक वो है जिसे फीचर्स से कोई खास लेना-देना नहीं है. उसे ‘शतक मारता’ कैमरा नहीं चाहिए और न 12 जीबी रैम. उसे बस एक फोन चाहिए जो बिना किसी परेशानी के चलता रहे. ऐसा फोन जो किसी यूजर का पहला फोन हो सकता है. घर में किसी स्टूडेंट का पहला फोन हो सकता है या फिर बिजनेस में कनेक्टिविटी के लिए एक अतिरिक्त डिवाइस हो सकता है. ऐसे ही वादे को पूरा करने की बात करता Poco C85x हमारे पास है.
Poco C85x: बड़ी बैटरी, अच्छा डिस्प्ले मगर औसत परफॉर्मेंस
Poco C85x को 10,999 रुपये और 11999 में लॉन्च किया गया है. डिवाइस एंड्रॉयड 16 और Xiaomi Hyper OS 3 के साथ आता है. 6.9 इंच का HD+ IPS LCD डिस्प्ले है और साथ में6,300mAh की बड़ी बैटरी मिलती है.


कीमत: सबसे पहले बात कीमत की करते हैं. डिवाइस के 4GB RAM और 64GB स्टोरेज वाले डिवाइस का दाम है 10,999 रुपये. 128GB स्टोरेज वाले मॉडल के लिए 11999 रुपये खर्च करने होंगे. बॉक्स के साथ चार्जर और कवर भी मिल जाता है.
डिस्प्ले: 6.9 इंच का HD+ IPS LCD डिस्प्ले है जिसमें कॉन्टेन्ट देखने और रोजमर्रा के काम करने में कोई दिक्कत नहीं होती है. मेटल फ्रेम की वजह से ग्रिप भी अच्छी बनती है मगर 210 ग्राम वजन की वजह से एक हाथ से काम करना थोड़ा मुश्किल है. मैट फिनिश के साथ बिल्ड क्वालिटी वाकई अच्छी है इसलिए फोन प्रीमियम फील देता है. प्यारा-दुलारा 3.5mm हेडफोन जैक भी मिलता है तो अलग से ब्लूटूथ हेडफोन्स खरीदने की जरूरत नहीं. वायर वाले हेडफोन्स से काम चलेगा और एफएम सुनने का भी जुगाड़ रहेगा. धूल और पानी की बूंदों से बचाने के लिए IP52 रेटिंग भी मिली हुई है. सिंगल स्पीकर मिलते हैं मगर वॉल्यूम निराश नहीं करता है.

सॉफ्टवेयर: यहां कंपनी ने बढ़िया काम किया है. डिवाइस एंड्रॉयड 16 के साथ आता है. HyperOS 3 भी है जो अभी शाओमी के कई डिवाइस में नहीं आता है. इसके साथ कंपनी 4+6 साल के सॉफ्टवेयर अपडेट का वादा भी करती है. HyperOS अपने साथ कस्टमाइजेशन के भतेरे ऑप्शन लेकर आता है. मसलन थीम स्टोर से लेकर आइकन बैकग्राउन्ड कलर और गेम टर्बो मोड.
कैमरा: बजट फोन के हिसाब से कैमरा ठीक काम करता है. 32 मेगापिक्सल का सेंसर उजाले में ठीक तस्वीरें लेता है. 8 मेगापिक्सल का सेल्फ़ी शूटर भी बुरा नहीं. हालांकि इस बजट में कैमरे से कमाल की उम्मीद करना बेमानी ही होगी.

बैटरी: फोन की असली ताकत है इसकी 6,300mAh बैटरी जो आराम से एक दिन पार लगा देती है. 15W की वायर वाली चार्जिंग थोड़ा ज्यादा टाइम लेती है. फोन से 7.5W रिवर्स वायर चार्जिंग भी कर सकते हैं. कंपनी 1000 चार्जिंग का वादा करती है जो वाकई अच्छा है. नॉर्मल यूज में 5 साल कहीं नहीं गए.

हमारी राय: कीमत के हिसाब से डिवाइस ठीक है. अच्छी बैटरी है और बढ़िया डिस्प्ले है. वैसे फोन फालतू के ऐप्स जैसे Block Puzzle, Bubble Shooter, Carrom Master से भरा हुआ है. लेकिन इतनी कम कीमत पर इनको झेला जा सकता है. Unisoc चिपसेट की वजह से भारी गेमिंग वगैरा की उम्मीद मत रखना. रोज के काम के लिए, बच्चों की पढ़ाई के लिए बढ़िया डिवाइस है.
वीडियो: सेहत: चीनी का बेस्ट ऑप्शन पता है?




















