The Lallantop

दुनिया को जलाना है? हाथ में Google Pixel 10a काफी है!

Google Pixel 10a एक परफेक्ट एंड्रॉयड डिवाइस नहीं है. कई खामियां हैं, मगर वो पिक्सल परफेक्ट फोन जरूर है. जो आप पिक्सल पगलू हैं तो फिर कोई बात ही नहीं. शानदार सॉफ्टवेयर के साथ बढ़िया कैमरा और 7 साल का साथ चाहिए तो पिक्सल ही सही है.

Advertisement
post-main-image
Google Pixel 10a

एक होता है iPhone, एक होता है एंड्रॉयड स्मार्टफोन. फिर आता है Google Pixel. वैसे तो ये भी एंड्रॉयड बिरादरी का फोन है, मगर मार्केट में मिलने वाले सभी एंड्रॉयड डिवाइस से एकदम यूनीक होता है. इसका अपना फैन बेस है. इसके अपने चाहने वाले हैं. चाहत ऐसी की जब इंडिया में मिलना बंद हुआ तो बाहर से बिना वारंटी वाला ले आए. पिक्सल प्रेमियों को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि उनके फोन में फीचर कम हैं या ज्यादा. उनके पास पिक्सल डिवाइस है, वही बहुत है. ऐसे ही पिक्सल प्रेमियों के लिए पेश है Google Pixel 10a का रीव्यू.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
गूगल का सस्ता फोन

वैसे तो Google Pixel 10a का दाम 49,999 रुपये है. मगर फिर भी इसे गूगल बाबा के हिसाब से सस्ता ही मानेंगे. ऐसा लिखने के दो कारण हैं. पहला, गूगल की फ्लैग्शिप 10 सीरीज का दाम लाख रुपया है. और दूसरा, पिछले साल के मुकाबले इस साल a सीरीज का दाम बढ़ा नहीं. जबकि पिछले कुछ महीनों में कई स्मार्टफोन कंपनियों ने अपने डिवाइस के दामों में बढ़ोतरी की है.

डिजाइन का दम

गूगल पिक्सल से दुनिया के बाकी स्मार्टफोन को सीखना चाहिए कि सुंदर फोन कैसे बनाते हैं. एक तो सुंदर, दूसरे कैमरा बंप नहीं. नहीं मतलब नहीं. एकदम फ्लैट पैनल. टेबल पर रखो तो मजाल क्या फोन हिले. पहली बार फोन हाथ में पकड़ो तो लगेगा कि कैमरा नहीं लगाया है क्या? ऐप्पल जी और सैमसंग जी, देखो जरा. आपके फोन में कैमरा ऐसे लगता है मानो अलग से फिट किया गया हो. टेबल पर रखो तो नीचे इतनी जगह होती है कि एक छोटा फोन निकल जाए. थोड़ा ज्यादा हो गया, मगर काफी खाली जगह होती है.

Advertisement
Google Pixel 10a
Google Pixel 10a 
कैमरे का किंग

आप कहो उसके पहले हम ही कह देते हैं कि फोटो के मामले में वीवो के फोन बहुत आगे हैं, मगर पिक्सल आज भी वहीं हैं जहां पहले दिन से था. फोन का सिंगल कैमरा क्या कर सकता है इसकी पहली झलक गूगल पिक्सल ने ही दिखाई थी. आज भी खिचक-खिचक का मामला वैसा ही है. क्लिक करो और भूल जाओ. एकदम रियल लगने वाला फोटो सामने होता है.

Google Pixel 10a
Google Pixel 10a

नेचुरल कलर से लेकर शार्पनेस, डिटेलिंग और डायनेमिक रेंज एकदम स्पॉट ऑन. लो-लाइट में भी तस्वीरों के डिटेल और डायनेमिक रेंज सही रहते हैं तो noise भी कंट्रोल में रहता है. कुल जमा बात ये है कि इमेज प्रोसेसिंग एकदम सटीक है. इसी कीमत के दूसरे फोन के मुकाबले बहुत अच्छी.

Google Pixel 10a
Google Pixel 10a

वैसे तो फोन में अलग से कोई टेलीफोटो लेंस नहीं लगा है, मगर 2x lossless prese मैक्रो शॉट्स शानदार तरीके से कैप्चर करता है. सेल्फी में आपके चेहरे की रियल स्किन टोन साफ ही दिखती है. अलग से चमचम नहीं लगा होता. हां पोर्ट्रेट शॉट में मामला मजेदार नहीं.

Advertisement
Google Pixel 10a
Google Pixel 10a
अपडेट का अंकल

है कोई मैदान में. एंड्रॉयड है और पिक्सल है तो सॉफ्टवेयर में कोई दूर-दूर तक नहीं मिलने वाला. एंड्रॉयड 16 के साथ आया है और अगले 7 साल का प्रबंध भी है. वैसे तो कई और स्मार्टफोन इसी वादे के साथ आते हैं, मगर लेट-लतीफी के साथ. पिक्सल में ऐसा कुछ नहीं. अभी जुलाई तक 17 भी मिल जाएगा, फिर 18, फिर 19. माने पुराने पिक्सल के साथ भी इस्टाइल मार सकते हैं कि मेरे पास तो लेटेस्ट अपडेट है. थर्ड पार्टी ऐप्स तो मिलेंगे ही नहीं. बाकी सारे एंड्रॉयड फोन में आपको कमाल का यूजर इंटरफेस (UI) तो मिल जाएगा, मगर स्टॉक एंड्रॉयड सिर्फ पिक्सल में मिलेगा. पिक्सल के अलावा अब लावा ही बचा है क्योंकि Nothing में भी थोड़े बहुत थर्ड पार्टी ऐप्स आने लगे हैं.

प्रोसेसर और बैटरी

गूगल का फोन है तो प्रोसेसर और रैम की कोई चिंता नहीं, क्योंकि सब कुछ अच्छे से ऑप्टिमाइज़ होता है. कितने भी ऐप्स ओपन हों फोन हैंग नहीं होता. बिल्ड क्वालिटी सालिड है. स्पीकर्स अच्छे हैं और हैपटिक फीडबैक मतलब गिरर-गिरर करने वाली वाईब्रेशन मोटर कमाल है. 5,100mAh की बैटरी मिलती है जो 30W की वायर चार्जिंग और 10W की वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करती है.

पिक्सल परफेक्ट फोन है?

एकदम नहीं. तमाम खामियां हैं, जैसे चार्जिंग स्पीड स्लो है. सिर्फ 5,100mAh की बैटरी है जबकि मार्केट में आजकल 6500-7000 नॉर्मल है. फुल चार्ज के लिए दो घंटे पकड़ लो जो काफी ज्यादा है. डिस्प्ले में बैजल दिखते हैं. अल्ट्रावाइड कैमरा कमजोर है. पिक्सल यूजर इंटरफ़ेस बोरिंग लगता है. कई फीचर कम लगते हैं जैसे म्यूट करने के लिए वॉल्यूम बटन दबाकर रखना पड़ता है. कीमत ज्यादा है, वगैरा-वगैरा. 

लेकिन बात फिर वही आ जाती है. ये पिक्सल फोन है. आप चाहें तो कोई दूसरा फोन ले सकते हैं जैसे Vivo V70 Elite या  iQOO 13 या 10 हजार कम में Nothing 4a Pro. मगर शानदार सॉफ्टवेयर के साथ बढ़िया कैमरा और 7 साल का साथ चाहिए तो पिक्सल ही सही है.

सूचनार्थ: पहले 6 पैराग्राफ 2015 से ‘पिक्सल पगलू’ ने लिखे हैं. लास्ट वाला टेक एक्सपर्ट ने लिखा है.

वीडियो: नालंदा के शीतला माता मंदिर में भगदड़ मची, 8 की मौत, चश्मदीदों ने सब बताया

Advertisement