अकाउंट में पैसे आने का मेसेज आए तो मत खोलना, अकाउंट खाली हो सकता है
ये एक नई तरह की धांधली है!
Advertisement

फ्रॉडिए SMS भेजते हैं कि आपके अकाउंट में पैसे आए हैं.
जैसे सोमवार हर हफ़्ते मुंह उठाकर चला आता है, कोई न कोई नया स्कैम भी हर हफ़्ते जाग उठता है. कभी फ़्री लैपटॉप के नाम पर आपसे किसी लिंक पर क्लिक करवाते हैं और फोन हैक कर लेते हैं, कभी UPI के जरिए पैसे भेजने का बोलकर उल्टा आपसे पैसे ले लेते हैं, तो कभी प्रधान आवास योजना का नाम लेकर ठगी का प्लान बनाते हैं. डिश वही होती है, बस मसाला बदल जाता है. मतलब कि फ्रॉडिए बस ये चाहते हैं कि किसी तरह जुगाड़ भिड़ाकर या तो आपका फोन हैक कर लें या आपकी ऐसी जानकारी निकाल लें जिससे आपको पैसे की चपत लगाई जा सके. साइबर पुलिस के पास कम्प्लेन्ट लेकर जाने पर भी आम तौर पर कुछ हल नहीं निकल पाता, तो बस लोगों को जागरूक करके ही ऐसे फ्रॉड को रोका जा सकता है. ट्विटर पर हमें एक नए टाइप का स्कैम नज़र आया जहां धांधली करने वाले बुजुर्गों को टारगेट कर रहे हैं. फ्रॉडिए उम्र देखकर निशाना इसलिए बना रहे हैं क्योंकि ज़्यादातर बुजुर्ग टेक-सैवी नहीं होते और इनके भेजे हुए लिंक-विंक पर क्लिक कर सकते हैं. आप पहले नीचे लगी हुई ट्वीट देखिए:
यहां एक बुजुर्ग शख्स के मोबाइल पर मैसेज आ रहे हैं. मैसेज में बताया जा रहा है कि इनके अकाउंट में फलां-फलां रकम जमा कर दी गई है, डीटेल देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें. हमारे अंदर तो इतनी हिम्मत नहीं है कि अपने उस स्मार्टफोन में ये लिंक खोल दें जिसमें हमारी बैंकिंग डीटेल पड़ी है. लैपटॉप पर इनमें से कुछ लिंक खोलकर ट्राई किया तो बस एक ब्लैंक पेज खुलकर आया. मोबाइल पर शायद ये कोई मालवेयर या ऐप एक्शन चालू कर देता जिससे सिवाय नुकसान और कुछ नहीं मिलने वाला था. अगर आपको भी इस तरह का कोई मैसेज आए तो किसी भी लिंक पर क्लिक करने से बचिए. किसी तरह का कंफ्यूज़न होने पर अपने किसी जानकार साथी से शेयर करें. फोन पर किसी अंजान शख्स के कहने पर कोई आलतू फालतू ऐप कतई इंस्टॉल न करें. UPI वाले फ्रॉड से बचने के लिए इतना ध्यान रखिए कि पैसे भेजने के टाइम पर UPI PIN डाला जाता है, पैसे लेने या कैशबैक रिसीव करने के लिए आपको अपनी तरफ़ से कुछ नहीं करना होता है.
Add Lallantop as a Trusted Source

Advertisement
Advertisement
Advertisement






















