"सचिन तेंडुलकर के बेटे अर्जुन तेंडुलकर अगर ऊपर बैटिंग करते हैं, तो वो अपनी टीम के लिए बल्लेबाजी में वो काम कर देगा, जो सचिन, युवराज और विवियन रिचडर्स किया करते थे."
ये बात हम नहीं, अर्जुन के कोच और युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने कही है. योगराग ने एक इंटरव्यू में बताया कि अर्जुन ने 15 मिनट बल्लेबाज़ी कर ग्राउंड में रखी तमाम चीज़ें तोड़ दी थी. उन्होंने 90 से 100 यार्ड के छक्के लगाए थे. योगराज ने ये भी कहा कि अर्जुन 145 kmph की स्पीड से बॉलिंग कर सकते हैं. बताते चलें, अर्जुन ने युवराज के पिता योगराज सिंह से ट्रैनिंग ली है.
दैनिक भास्कर से एक इंटरव्यू में योगराज ने अर्जुन के गेम के कई पहलुओं पर बात की. इस इंटरव्यू में योगराज ने मुंबई इंडियंस के कैप्टन रोहित शर्मा से अर्जुन को ओपनिंग या नंबर तीन पर मौका देने को कहा. योगराज ने कहा कि -
'उसे 5 ओवर दे दो, जिस दिन उसका बल्ला चलेगा, वह दुनिया का बादशाह बनेगा और अपने पिता की तरह बल्लेबाजी में राज करेगा. कोई ऐसे ही महान खिलाड़ी नहीं बनता, उसको मौका मिलना चाहिए.'
योगराज ने अर्जुन की तुलना जसप्रीत बुमराह, लसिथ मलिंगा से भी की. उन्होंने आगे कहा -
अर्जुन के एंगल पर काम करने की जरूरत है, जिस दिन ऐसा हो गया, अर्जुन वो काम कर देगा, जो पाकिस्तान के लिए वसीम अकरम किया करते थे. मुझे लगता है कि वे बुमराह-मलिंगा की तरह बॉल डालते हैं. मलिंगा का हाथ काफी नीचे था. अर्जुन का 45 डिग्री पर है.
योगराज ने आगे बताया अर्जुन कैसे और फास्ट बॉलिंग कर सकते हैं.
उनकी पीठ में कंधे के नीचे पहले फ्रैक्चर था. इस वजह से उन्हें कान के पास से हाथ लेने में दिक्कत होती है, लेकिन इसे दूर करना ही पड़ेगा. उनके कोच यह समस्या प्रैक्टिस से दूर कर सकते हैं. अभी वे 120 और 125 किमी की रफ्तार से गेंद फेंकते हैं, वह बढ़कर 140-145 तक हो सकती है. यह नेचुरल प्रोसेस है. जब वे मेरे पास आए थे तो उनकी लोअर बॉडी और लेग कमजोर थे. उस पर वे काम कर रहे थे. अभी उसमें काफी सुधार हो चुका है.
योगराज ने एक और दावा किया.
अगर किसी कारण से वे बेहतर ऑलराउंडर नहीं बन पाते हैं तो मुझे अफसोस होगा कि हम एक टैलेंट को संभाल नहीं सके. यह क्रिकेट के लिए एक तरह से नुकसान होगा.
सचिन के बेटे अर्जुन ने बेंच पर तीन साल काटने के बाद आखिरकार IPL 2023 में डेब्यू किया. शुरुआती कुछ मैचों में उनका एफेक्ट उतना नहीं दिखा. हालांकि, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी की.
वीडियो: अर्जुन तेंडुलकर बैटिंग करने आए और सचिन के इस आंकड़े को पीछे छोड़ गए