The Lallantop

100 ओवर का मैच 15 ओवर की खुशी, बस इतना सा था फाइनल

Cricket World Cup 2023 में ऑस्ट्रेलियाई ने भारत को 6 विकेट से हरा दिया. टीम इंडिया के हिस्से मैच में खुशनुमा पल कम ही आए.

Advertisement
post-main-image
ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट से हराकर भारत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया.

भारत 2023 का वनडे वर्ल्डकप (World Cup 2023) हार गया है. बॉलिंग, फील्डिंग और बैटिंग तीनों में ऑस्ट्रेलिया हमसे इक्कीस साबित हुई. ऑस्ट्रेलिया फाइनल में एक विश्वविजेता की तरह खेली. टीम इंडिया (Team India) को पहले बड़ा स्कोर बनाने से रोका और बाद में बैटिंग करते हुए 6 विकेट से हराकर छठा वनडे वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम कर लिया. 93 ओवर के खेल में भारतीय फ़ैन्स के लिए महज़ 15 ओवर सुकून भरे रहे. इन 15 ओवर के अलावा ऑस्ट्रेलिया मैच में हर वक्त हावी रहा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
बैटिंग में शुरुआती 10 ओवर की खुशी:

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा फाइनल में टॉस हार गए. ऑस्ट्रेलिया ने भारत को बैटिंग करने के लिए बुलाया. शुरुआती पांच ओवरों में जैसी उम्मीद थी रोहित शर्मा ने टीम को शानदार शुरुआत देने की कोशिश की. चार ओवर के बाद टीम का स्कोर था 30 रन. पांचवां ओवर फेंकने आए ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के अनुभवी तेज गेंदबाज मिशेल स्टॉर्क. इस ओवर की दूसरी गेंद पर शुभमन गिल मिडऑन पर जम्पा को कैच दे बैठे. लेकिन कप्तान रोहित शर्मा ने अपनी ताबतोड़ बैटिंग जारी रखी. उन्होंने स्टॉर्क के इस ओवर की अंतिम गेंद पर लॉन्ग ऑफ के ऊपर शानदार छक्का जड़ दिया.

कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने फाइनल में कोशिश जरूर की लेकिन…(क्रेडिट:PTI)

शुभमन के ऑउट होने के बाद क्रीज पर उतरे विराट कोहली. शानदार फॉर्म में चल रहे कोहली के बल्ले से इस वर्ल्डकप में सबसे ज्यादा रन निकले हैं. उन्होंने भारतीय पारी के सातवें और स्टॉर्क के चौथे ओवर की शुरुआती तीन गेदों पर तीन चौके जड़ दिए. मैदान पर मैच देख रहे लगभग डेढ़ लाख दर्शकों की खुशी सातवें आसमान पर थी. ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस को बॉलिंग आक्रमण में चेंज करना पड़ा. उन्होंने गेंद थमाई ग्लेन मैक्सवेल को. उनके पहले ओवर में बने सात रन. लेकिन मैक्सवेल के दूसरे ओवर में रोहित शर्मा ने शुरुआती तीन गेंदों में एक छक्का और एक चौका जड़ दिया. मैदान के बाहर और अंदर दर्शकों को उम्मीद जगी कि आज विश्वकप में फिर भारतीय बल्लेबाज़ों का हाहाकार दिखेगा.

Advertisement

लेकिन फिर अगली गेंद पर मैक्सवेल की गेंद पर रोहित शर्मा एक बार फिर बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में आउट हो गए. ट्रैविस हेड ने डाइव मारकर मिडऑन पर उनका बेहतरीन कैच पकड़ा. इसके बाद बैटिंग के लिए आए श्रेयस अय्यर ने चौका जड़ दिया. टीम का स्कोर 10 ओवर में 80 रन पर दो विकेट. लेकिन इसके बाद भारतीय बैट्समैन एक अदद बॉउंड्री के लिए 97 गेंदों तक तरस गए. भारतीय खिलाड़ियों ने कोशिश तो पूरी की लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने मैदान के चारों ओर अपनी टाइट फील्डिंग से दिखा दिया कि फर्क़ कहां है. इसके बाद केएल राहुल और विराट कोहली ने अर्धशतक ज़रूर पूरे किए लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण टीम बड़ा स्कोर नहीं खड़ा कर सकी.    

गेंदबाजों ने शुरुआती 5 ओवर में बनाए रखी पकड़

ऑस्ट्रेलियाई टीम को 300 गेंदों में जीत के लिए बनाने थे 240 रन. टीम की बैटिंग स्ट्रेंथ और ओस से मिलने वाली मदद को देखते हुए यह लक्षय कठिन नहीं था. पैट कमिंस के जांबाजों ने अंत में इसे साबित भी किया. लेकिन उससे पहले शुरुआती 10 ओवर में भारतीय गेंदबाजों ने भरसक प्रयास किया. वर्ल्डकप के सभी मैच में बुमराह के अलावा दूसरे छोर से बॉलिंग की शुरुआत मोहम्मद सिराज़ करते आए हैं. लेकिन फाइनल में कप्तान रोहित शर्मा ने सिराज की जगह वर्ल्डकप 2023 के सबसे सफल गेंदबाज मोहम्मद शमी को गेंद थमाई. उन्होंने अपने पहले ही ओवर में डेविड वॉर्नर को केएल राहुल के हाथों कैच ऑउट कराकर उम्मीद जगा दी थी.

 ऑस्ट्रेलिया ने भारत की उम्मीदों को चकनाचूर कर दिया. (तस्वीर:PTI)

इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने अपने दूसरे ओवर में मिशेल मॉर्श और स्टीवन स्मिथ के रूप में दो झटके दिए. ऑस्ट्रेलियाई पारी के पांचवें ओवर में मेहमान टीम का स्कोर था 41 रन पर तीन विकेट. लगा अभी भी मैच टीम इंडिया की झोली में आ सकता है. लेकिन ट्रेविस हेड और लाबुशेन ने इसके बाद अंत तक लगातार रन बनाए. दोनों ने भारतीय खिलाड़ियों की उम्मीदों और दर्शकों के उत्साह पर पानी फेर दिया. ट्रेविस हेड ने 15 चौके और 4 छक्कों की मदद से 137 रन की पारी खेली और टीम को जीत के मुकाम तक ले गए.
 

Advertisement

वीडियो: विश्व कप 2023 फाइनल मैच में शाहरुख खान ने कुछ ऐसा किया कि अक्खा इंटरनेट उनकी तारीफ़ कर रहा है

Advertisement