The Lallantop

ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श वर्ल्ड कप बीच में छोड़कर चले गए, वापस आने का पता नहीं

AUS vs ENG मैच से पहले Glenn Maxwell बाहर हो गए. अब Mitchell Marsh अनिश्चितकाल के लिए टीम के साथ नहीं रहेंगे.

Advertisement
post-main-image
ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट टीम की बढ़ी मुश्किलें (PTI)

ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट टीम (Australian Cricket Team) वर्ल्ड कप 2023 (World Cup 2023) के सेमीफाइनल में पहुंचने की जद्दोजहद में लगी हुई है. आगे आने वाला मैच बहुत बड़ा है. 4 नवंबर को. चिर प्रतिद्वंद्वी इंग्लैंड के साथ (AUS vs ENG). लेकिन इस मैच से पहले कंगारू टीम पर एक के बाद एक मुसीबत आती जा रही है. 1 नवंबर को खबर आई थी कि ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) इस मैच से बाहर हो गए. अब टीम के धाकड़ ऑलराउंडर मिचेल मार्श (Mitchell Marsh) भी इस मैच से बाहर हो गए हैं. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तरफ से इस बात की जानकारी दी गई है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

रिपोर्ट्स के मुताबिक मार्श सिर्फ इंग्लैंड के खिलाफ ही नहीं, बल्कि अनिश्चितकाल के लिए टीम के साथ नहीं रहेंगे. मतलब ये बात भी साफ नहीं है कि वो वर्ल्ड कप में फिर से खेल पाएंगे भी या नहीं. मार्श के निजी वजहों से वापस जाने की बात सामने आई है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,

‘मिचेल मार्श निजी कारणों की वजह से घर लौट गए हैं. वो अनिश्चितकाल के लिए टूर्नामेंट से बाहर रहेंगे.’

Advertisement

मार्श के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने टीम के लिए सभी छह मुकाबले खेले हैं. इनमें उनके नाम 37.50 की औसत से 225 रन्स हैं. मार्श ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच में 121 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी. इसके साथ ही उनके नाम दो विकेट भी हैं.

मैक्सवेल हो चुके हैं बाहर

इससे पहले ग्लेन मैक्सवेल भी इंग्लैंड के खिलाफ मैच से बाहर हो चुके हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक़ 30 अक्टूबर की शाम मैक्सवेल गोल्फ कोर्ट से गिर पड़े, जिससे उन्हें कंकशन हुआ था. ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट से इस इंजरी की जानकारी दी गई. cricket.com.au की रिपोर्ट के मुताबिक़ ये हादसा सोमवार, 30 अक्टूबर की शाम हुआ. मैक्सवेल तब गोल्फ खेलकर गोल्फ कार्ट के पीछे बैठकर टीम होटल लौट रहे थे. तभी, अचानक कार्ट का बैलेंस डगमगा गया और वो गिर गए. इसके बाद उन्हें कंकशन (तेज चक्कर आना) हुआ. बताया गया कि उनके सिर पर चोट भी आई है. कई ऑस्ट्रेलियन प्लेयर्स फिलहाल गुजरात में हैं. मैचों के बीच मिले एक हफ्ते के गैप में वो गोल्फ का लुत्फ उठा रहे हैं.

अब ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के कंकशन नियमों के हिसाब से मैक्सवेल को छह से आठ दिनों के लिए ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा. यानी वो 4 नवंबर को इंग्लैंड के खिलाफ़ नहीं खेल पाएंगे. इसके अलावा, अगर सिर की चोट का असर लंबा रहता है, तो मैक्सवेल 7 नवंबर को अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ़ होने वाले मैच में भी बाहर हो सकते हैं.

Advertisement

वीडियो: विश्व कप 2023 के सेमिफाइनल में अब भी पहुंच रहा है पाकिस्तान

Advertisement