दो महिला फुटबॉल खिलाड़ियों ने अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (All India Football Federation) के एक मेंबर पर गंभीर आरोप लगाए हैं. खिलाड़ियों के मुताबिक, AIFF मेंबर दीपक कुमार (Deepak Kumar) ने कथित तौर पर 28 मार्च की रात को शराब के नशे में आकर उनके साथ होटल के कमर में मारपीट की. दोनों फुटबॉलरों ने AIFF में मामले की शिकायत भी दर्ज करा दी है. दोनों हिमाचल प्रदेश स्थित क्लब खाद FC का हिस्सा हैं. आरोपी दीपक कुमार हिमाचल प्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन का महासचिव भी है.
'शराब पीकर होटल रूम में...' महिला खिलाड़ी ने फुटबॉल महासंघ के मेंबर पर लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता ने बताया कि 28 मार्च की रात को एक लड़की के साथ अपने कमरे की रसोई में अंडे बना रही थी. तभी दीपक कुमार ने उन्हें अपने कमरे में बुलाया.

पीड़िता पलक वर्मा ने घटना के बारे में NDTV से बात की और बताया कि 28 मार्च की रात को एक लड़की के साथ अपने कमरे की रसोई में अंडे बना रही थी. पलक ने कहा कि तभी उनके सर दीपक कुमार ने उन दोनों को अपने कमरे में बुलाया. पलक ने आगे बताया,
दूसरी लड़की वहां गई तो सर ने उसे डांटा और फिर मुझे अंदर बुलाया. उन्होंने गुस्से में पूछा कि मैं अंडा क्यों बना रही हूं . वो नशे में थे. उन्होंने मुझसे अंडे फेंकने के लिए कहा. मैं रोने लगी और अपने कमरे में आ गई. तभी सर बिना खटखटाए कमरे में घुस गए. उन्होंने मेरे साथ मारपीट की. फिर उन्हें मेरी रूममेट ने रोका तो वो चले गए. उनकी पत्नी ने भी हमें परेशान किया. हमने गोवा फुटबॉल एसोसिएशन और AIFF में शिकायत दर्ज कराई है.
इंडिया टुडे के साथ बातचीत में आरोपी दीपक कुमार ने तमाम आरोपों को खारिज किया. कहा,
ये सब बेबुनियाद है. कोई उन्हें भड़का रहा है और बिना बात का मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहा है. वो रात को बाहर से अंडे लेकर आई थी. मैंने बस उसे टाइम को लेकर डांटा था. ये बहुत छोटी सी बात है. घटना 28 मार्च की शाम की है. उस वक्त मेरी पत्नी भी मेरे साथ थी. मैंने AIFF को हर चीज के बारे में जानकारी दे दी है.
मामले पर AIFF की तरफ से भी बयान सामने आया है. AIFF प्रेसिडेंट कल्याण चौबे ने कहा है कि मामले की जांच होगी और उचित दिशानिर्देशों का पालन किया जाएगा. उन्होंने कहा,
किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले दोनों पक्षों को सुनना जरूरी है. हम जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं ले सकते. समाज में ऐसे आचरण को प्रोत्साहन नहीं मिलना चाहिए. हम इसकी सच्चाई का पता लगाएंगे और उसके अनुसार कार्रवाई करेंगे. इंटरनल शिकायत समिति की सामान्य प्रक्रिया का संविधान के हिसाब से पालन किया जाएगा.
खबर है कि गोवा फुटबॉल एसोसिएशन की शिकायत के आधार पर दीपक शर्मा को मापुसा पुलिस स्टेशन में पूछताछ के लिए बुलाया गया है.
वीडियो: FIFA फुटबॉल अवॉर्ड्स से मेसी और उनके फ़ैन्स का दिल खुश हो गया













