The Lallantop

वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज कहीं खेला न कर दे! 2016 वाला सीन बन रहा है

वेस्टइंडीज (West Indies) की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में सुपर 8 में पहुंच गई है. वह सुपर 8 में पहुंचने वाली पहली टीम है. 15 फरवरी को उसने नेपाल (Nepal) को 9 विकेट से हराया.

Advertisement
post-main-image
वेस्टइंडीज की टीम सुपर 8 में पहुंच गई है. (फोटो-AP)

वेस्टइंडीज की टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में बवाल काट रखा है. 15 फरवरी को उसने नेपाल पर 9 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की. उसे मैच जीतने के लिए 134 रनों का टारगेट मिला था. इस धुआंधार जीत के बाद विंडीज टीम सुपर 8 में पहुंच गई. वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर 8 में पहुंचने वाली पहली टीम है. इस टूर्नामेंट में कैरेबियाई टीम ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है. उसने अपने सभी तीनों मैच जीते हैं. वह अपने ग्रुप में टॉप पर है. आने वाले मैचों में अगर वेस्टइंडीज की टीम इसी तरह परफॉर्म करती रही, तो वह 2016 का इतिहास दोहरा सकती है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
2016 में टॉप पर रही विंडीज टीम

वेस्टइंडीज की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2016 में सुपर 10 ग्रुप वन में टॉप पर रही थी. तब उसने चार में से तीन मैच जीते. इस दौरान उसने इंग्लैंड, श्रीलंका और  साउथ अफ्रीका को हराया था. उसे सिर्फ अफगानिस्तान के खिलाफ हार मिली थी.

ये भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ जारी नो हैंडशेक पॉलिसी! मांजरेकर ने टीम इंडिया को ही सुना दिया

Advertisement

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी वेस्टइंडीज की टीम लगातार तीन मैच जीत चुकी है. टूर्नामेंट में उसने दमदार प्रदर्शन करते हुए स्कॉटलैंड, इंग्लैंड और नेपाल को हराकर हैट्रिक लगाई. अब उसे लास्ट मैच 19 फरवरी को इटली के खिलाफ खेलना है. यह उसका आखिरी ग्रुप मैच होगा. वेस्टइंडीज की टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप 'सी' में रखा गया है.

वर्ल्ड कप में तहलका मचा दिया

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले, वेस्टइंडीज की टीम टी20 इंटरनेशनल में स्ट्रगल कर रही थी. साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में उसे हार मिली. वर्ल्ड कप से पहले मिली इस हार से टीम ने सबक लिया और वर्ल्ड कप में जोरदार वापसी की.  इस दौरान उसने लगातार तीन मैच जीते. वेस्टइंडीज की टीम को वैसे भी सबकॉन्टिनेंट की कंडीशन्स ज्यादा सूट करती हैं.

सबकॉन्टिनेंट में जीते 2 वर्ल्ड कप

वेस्टइंडीज के लिए सबकॉन्टिनेंट की धरती लकी रही है. उसने अपने दोनों टी20 वर्ल्ड कप यहीं पर जीते हैं. विंडीज टीम ने साल 2012 में अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप श्रीलंका में जीता. तब उसने फाइनल में श्रीलंका को हराया था. वहीं, चार साल बाद, वेस्टइंडीज ने सबकॉन्टिनेंट में फिर इतिहास दोहराया. कोलकाता में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में उसने इंग्लैंड को शिकस्त दी.

Advertisement

कुल मिलाकर इस वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के लिए 2016 वाले समीकरण बनते दिख रहे हैं. टीम के हेड कोच डैरेन सैमी पहले ही कह चुके हैं कि 2016 में उनकी टीम को तवज्जो नहीं दी गई थी. लेकिन, हमारी टीम ने ट्रॉफी जीती. डैरेन सैमी दुनिया के पहले कप्तान हैं, जिन्होंने अपनी टीम को दो टी20 वर्ल्ड कप जिताए हैं. इस बार वह टीम के हेड कोच हैं. अब देखना होगा कि उनकी टीम 2016 का इतिहास दोहरा पाती है या नहीं.

वीडियो: तनवीर अहमद की 'बेतुकी' बयानबाजी पर जमकर बरसे हरभजन सिंह

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement