The Lallantop

57 गेंद में 100...स्मृति मांधना ने बिश बैश लीग में धुआं उड़ा दिया

ऐसी पारी खेलकर भी स्मृति को क्या मलाल रह गया?

Advertisement
post-main-image
स्मृति मंधाना. फोटो: Sydney Thunder Twitter.
वुमेन्स बिग बैश लीग 2021. ऑस्ट्रेलिया की इस लीग में भारत की सुपरस्टार स्मृति मांधना छा गई हैं. बुधवार को ऑस्ट्रेलिया के मक्काए शहर में खेले गए सिडनी थंडर्स और मेलबर्न रेनेगेड्स के बीच मुकाबले में स्मृति ने ताबड़तोड़ शतक ठोका है. स्मृति ने महज़ 64 गेंदों में 114 रनों की पारी खेली और BBL में अपना पहला शतक जमा दिया. हालांकि इस बेमिसाल पारी के बावजूद वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाईं. स्मृति की टीम इस मैच को पांच रनों से हार गई. इस मुकाबले में सिडनी थंडर्स ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया. लेकिन मेलबर्न रेनेगेड्स की टीम ने इस डिसीज़न को शुरुआत में ही गलत कर दिया. मेलबर्न टीम के शुरुआत में विकेट गिरे लेकिन उधर भी काम भारतीय बल्लेबाज़ ने ही बनाया. टीम इंडिया की स्टार हरमनप्रीत ने ताबड़तोड़ बैटिंग की. उन्होंने 55 गेंदों पर नॉट-आउट 81 रन बनाए. जिसकी मदद से उनकी टीम 175 रनों तक पहुंच सकी. अब सिडनी की टीम को ये टार्गेट चेज़ करना था. शुरुआत में ही 46 रनों तक टीम ने दो विकेट गंवा दिए. लेकिन स्मृति एक एंड पर डटी रहीं. उन्होंने किसी भी पल अपने अटैकिंग माइंड सेट को धीमा नहीं पड़ने दिया. स्मृति ने महज़ 31 गेंदों में अपना पचासा पूरा कर लिया. इसके बाद भी वो जमकर खेलती रहीं और 57 गेंदों में शतक भी पूरा कर लिया. इसके साथ ही वो ऑस्ट्रेलियन धरती पर सभी फॉर्मेट में शतक बनाने वाली दूसरी खिलाड़ी बन गई हैं. उनके अलावा एलिसा पेरी ने टेस्ट, वनडे और T20 में शतक जमाया है. वहीं बात स्मृति की करें तो उन्होंने 2016 में वनडे में, 2021 में टेस्ट में और अब 2021 में फिर से T20 फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया में शतक लगा दिया है. इतना ही नहीं T20 क्रिकेट में तो स्मृति, मिताली राज के बाद दूसरी ऐसी भारतीय बल्लेबाज़ बन गईं हैं जिन्होंने T20 क्रिकेट में दो शतक लगाए हैं. हालांकि इस बेमिसाल पारी और बेमिसाल रिकॉर्ड के बावजूद स्मृति की टीम सिडनी थंडर्स वुमेन्स बिग बैश लीग 2021 के नॉक-आउट की रेस से बाहर हो गई है. स्मृति मांधना ने इस टूर्नामेंट में अब तक कमाल की बैटिंग की है. उन्होंने 2021 के सीज़न में बिग बैश लीग में 348 रन बनाए हैं और वो सबसे ज़्यादा रन बनाने वालों में चौथे स्थान पर हैं. टॉप-4 में दूसरे स्थान पर हरमनप्रीत कौर मौजूद हैं. हरमनप्रीत ने 10 मैचों में 390 रन बनए हैं. लिस्ट को टॉप कर रही हैं बीथ मूनी. बीथ मूनी के नाम कुल 497 रन हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement