विराट कोहली. इंडिया का भयानक बैट्समैन. इंडिया क्या, दुनिया का भयानक बैट्समैन. टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे हैं. एक साल उन्हें कोई कुछ नहीं कह पाया लेकिन अब उनकी टीम किसी को कुछ कह नहीं पा रही है. साउथ अफ़्रीका में इंडिया की बैटिंग रो रही है. दो मैचों में दो मैच हारे हैं. तीसरा मैच जोहान्सबर्ग में शुरू हो गया है. पहले दिन इंडिया ने टॉस जीता और बैटिंग करने का फ़ैसला किया. लेकिन फिर वही ख़राब शुरुआत. वर्नन फिलेंडर ने केएल राहुल को विकेट्स के पीछे कैच करवाया. शानदार स्विंग बॉलिंग. इसके बाद मुरली विजय भी राहुल के साथ पवेलियन में बैठने के लिए चल पड़े. उनका विकेट रबाडा ने लिया. फिर आए कोहली. कोहली ने शुरुआत तो की लेकिन वो शुरुआत काफ़ी गड़बड़ी से भरी रही. कोहली के अभी तक 2 कैच छूटे हैं. एक लंच से पहले, एक लंच के बाद. इंडिया के जब मात्र 27 रन थे और कोहली बस 11 रन बनाकर ही खेल रहे थे तो रबाडा की गेंद पर एक कैच उठा. छोटी पटकी गेंद को कोहली ने पुल करना चाहा और गेंद टॉप एज लेकर हवा में बहुत ऊपर उठ गई. वर्नन फिलेंडर ने कहा कि वो कैच लेंगे लेकिन उन्होंने कैच छोड़ दिया.
इसके बाद अगला मौका 33वें ओवर में आया जब कोहली को मोर्केल ने गेंद फेंकी. एक छोटी गेंद जो बहुत ही बाहर थी. न जाने क्या सोच कर कोहली ने उस पर बल्ला पेल दिया. बहुत ही कैज़ुअल शॉट. गेंद स्लिप्स में गई जहां डिविलियर्स ने उसे छोड़ा. ये सबसे चौंकाने वाली बात थी. डिविलियर्स कमाल के फील्डर हैं. उनका कैच छोड़ना जमा नहीं. लेकिन कोहली भी बेहतरीन बल्लेबाज हैं, उनका ऐसा शॉट मारना भी नहीं जमा. लेकिन मोर्केल भी बेहतरीन गेंदबाज हैं, उन्होंने ऐसी गेंद फेंकी और ये कतई नहीं जमा.
ये भी पढ़ें:
जब पाकिस्तान में चलते मैच के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान पर हमला हुआ