तमाम विवादों और नोटिस के बावजूद रेसलर विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) बृजभूषण सिंह के गढ़ गोंडा पहुंच गई हैं. मंगलवार, 12 मई को जिले में महिलाओं की फ्रीस्टाइल रेसलिंग होनी है. इस बीच, विनेश फोगाट ने WFI के कारण बताओ नोटिस का जवाब भी दिया है. उन्होंने कहा है कि वह संन्यास के बाद वापसी के लिए पूरी तरह एलिजिबल हैं. लेकिन WFI का अभी भी मानना है कि विनेश ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकतीं.
बृजभूषण के गढ़ गोंडा पहुंचीं विनेश फोगाट, WFI के साथ शुरू हुई नई लड़ाई!
विनेश फोगाट को WFI की तरफ से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. उन्होंने इसका जवाब दे दिया है, लेकिन फेडरेशन इससे संतुष्ट नहीं है. फेडरेशन ने कहा कि अनुशासनात्मक कार्रवाई पूरी होने तक वह टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकती.


विनेश फोगाट मां बनने के बाद वापसी कर रही हैं. उन्होंने बीते साल जुलाई में बेटे को जन्म दिया था. वह दिल्ली में 30 मई को होने वाले एशियन गेम्स ट्रायल्स के लिए क्वालिफाई करने की कोशिश में थीं, लेकिन इस पर ब्रेक लग गया. WFI की पॉलिसी के हिसाब से विनेश इन ट्रायल्स के लिए एलिजिबल नहीं है.
इसके बाद विनेश ने ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट के जरिए वापसी करने का फैसला किया था. टूर्नामेंट के लिए वेरिफिकेशन सोमवार, 11 मई की शाम पांच से सात बजे के बीच होगा. वहीं वेट-इन अगले दिन सुबह सात बजे होगा.
विनेश फोगाट ने X पर अपनी बात सामने रखी. उन्होंने लिखा कि वह नोटिस का जवाब अपनी लीगल टीम से बात करने के बाद देंगी. लेकिन विनेश ने कुछ चीजें साफ कीं. उन्होंने पोस्ट में नोटिस के हर पॉइंट को लेकर जवाब दिया है. उन्होंने कहा,
WFI ने मेरे ब्रेक के टाइमलाइन को गलत समझा है. WFI ने अपने नोटिस में कहा है कि मैं 26 जून 2026 को टूर्नामेंट्स में हिस्सा लेने के लिए एलिजिबल हूं, जबकि मैं 1 जनवरी 2026 से इसके लिए एलिजिबल हूं. मैंने इस बारे में ITA को जानकारी दे दे थी. इसलिए मैं 10 से 12 मई तक होने वाले टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए एलिजिबल हूं. मैंने अपना रजिस्ट्रेशन भी पूरा कर दिया था, ऐसे में मैं इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेना चाहती हूं.
विनेश फोगाट से नोटिस में 2024 और 2025 में हुए ADVR (एंटी डोपिंग वॉएलेशन रूल) को लेकर सवाल किया गया था. साथ ही विनेश से यह भी पूछा गया था कि, साल 2024 में हुए सेलेक्शन ट्रायल में उन्होंने एक साथ दो वेट कैटेगरी में हिस्सा क्यों लिया? विनेश ने इसका भी जवाब दिया है. उन्होंने कहा,
जहां तक बात हैं 2024 सितंबर के वेहरअबाउट फेलियर, 2025 दिसंबर में डोप टेस्ट मिस करने का, तो दोनों ही चीजों को लेकर एजेंसी के साथ कोऑपरेट किया. यह दोनों ही चीजें NADA और WADA के नियमों के तहत एंटी डोपिंग रूल वॉएलेशन नहीं है. 2024 के सेलेक्शन ट्रायल्स को लेकर भी मैं साफ कर दूं कि उस समय फेडरेशन का काम देख रही AD-hoc कमेटी और WFI दोनों ने ही कोई ऑब्जेक्शन नहीं उठाया था.
यह भी पढ़ें- MI से नाराज हैं हार्दिक पांड्या? इंस्टाग्राम पर अपनी ही टीम को अनफॉलो किया
WFI सूत्रों ने हालांकि कहा कि फेडरेशन उनके जवाब से संतुष्ट नहीं है. फेडरेशन का मानना है कि विनेश ने सिर्फ एलिजिबिलिटी के पहलू पर जवाब दिया है, जबकि उनके खिलाफ लगाये गए अनुशासनहीनता के आरोपों का जवाब नहीं आया है.
फेडरेशन के एक सूत्र ने एक न्यूज एजेंसी से कहा,
उनका जवाब पूरा नहीं है. उन्होंने पूरे कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं दिया है. जब तक अनुशासनात्मक कार्रवाई पूरी नहीं हो जाती, वह टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकतीं.
विनेश ने अपने पोस्ट में साफ तौर पर कहा है कि वो वह 14 दिन के अंदर जवाब दे देंगी. साथ ही ये भी कहा कि वह एशियन गेम्स और आने वाले अंतररष्टीय टूर्नामेंट की तैयारी में भी लगी हुई हैं, और इसके लिए हर संभव कोशिश करेंगी.
वीडियो: उर्विल पटेल ने आईपीएल में कौन सा रिकॉर्ड तोडा? LSG के खिलाफ खेली ऐतिहासिक पारी




















