The Lallantop

प्रभास को लेकर ख़ूंखार फिल्म बनाने जा रहे आदित्य धर!

इस फिल्म का स्केल 'धुरंधर' से काफ़ी बड़ा बताया जा रहा है. रणवीर सिंह के भी इससे जुड़ने की चर्चाएं हैं.

Advertisement
post-main-image
चर्चाएं हैं कि इस फिल्म में आदित्य धर अखंड भारत के विचार को मूर्त रूप देने वाले तीन सम्राटों की कहानी कहेंगे.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • आदित्य धर अपनी अगली फिल्म प्रभास के साथ बनाने की अफवाहों पर चर्चा हो रही है, जिसमें प्रभास एक राजा का किरदार निभा सकते हैं और यह फिल्म भारतीय इतिहास पर आधारित होगी।
  • आदित्य धर और प्रभास के साथ काम करने की संभावना इस आधार पर बढ़ी कि दोनों की पिछली परियोजनाओं और सोशल मीडिया पर हुई बातचीत से इस बात के संकेत मिल रहे हैं।
  • यह फिल्म 23 अक्टूबर को प्रभास के जन्मदिन पर अनाउंस की जा सकती है, जिससे इसका प्रमोशन और दर्शकों की रुचि दोनों बढ़ सकती है।

क्या Aditya Dhar अपनी अगली फिल्म Prabhas के साथ बनाने वाले हैं? Alia Bhatt और Bobby Deol स्टार Alpha का Teaser कैसा है? Hai Jawani To Ishq Hona Hai पिटने के बाद अब Varun Dhawan किस तरह की फिल्म करने वाले हैं? 

Advertisement

# आदित्य धर की अगली फिल्म में प्रभास?

प्रभास और आदित्य धर. दो ऐसे वज़नदार नाम जिन पर मेकर्स आंख बंद कर करोड़ों का दांव लगा दें. 'धुरंधर' के बाद फैन्स मेनिफेस्ट कर रहे थे, कि आदित्य धर को अगली फिल्म प्रभास को लेकर बनानी चाहिए. और उनका मेनिफेस्टेशन सही होता नज़र आ रहा है. फिल्म सर्कल्स में चर्चाएं हैं कि आदित्य धर अपनी अगली फिल्म प्रभास को लेकर बनाएंगे. एक बार पहले भी कयासों के दौर चले थे. ये तब हुआ था जब संदीप रेड्डी वांगा और प्रभास ने हैदराबाद के अल्लू सिनेमाज़ में 'धुरंधर 2' देखी. फिर संदीप रेड्डी ने आदित्य धर की तारीफ़ करते हुए X पर लंबी पोस्ट लिखी. संदीप रेड्डी को शुक्रिया कहते हुए जो जवाब आदित्य धर ने दिया, उसमें प्रभास के लिए उन्होंने लिखा 'लेजेंड प्रभास सर'. इसके बाद से ही अनुमान लगने लगे थे कि जल्द ही आदित्य और प्रभास साथ काम करेंगे. और एक बार फिर ऐसी ही रिपोर्ट्स आ रही हैं. अगस्त 2025 में पीपिंग मून ने रिपोर्ट किया था क‍ि आदित्य धर की अगली फिल्म इंडियन हिस्ट्री पर बेस्ड होगी. फिर मार्च में बॉली ब्लाइंड्स एंड गॉसिप नाम के पेज ने भी हिस्टॉरिकल फिल्म की बात रिपोर्ट की. इसके मुताबिक आदित्य अखंड भारत के विचार को मूर्त रूप देने वाले तीन सम्राटों पर फिल्म बनाने वाले हैं. अब X पर पढ़ने में आ रहा है कि इस फिल्म में एक राजा का किरदार प्रभास निभाएंगे. दूसरा लीड रोल रणवीर सिंह कर सकते हैं. कहा जा रहा है कि 23 अक्टूबर को प्रभास के बर्थ-डे पर ये पैन इंडिया फिल्म अनाउंस की जाएगी.

Advertisement

# माइक फ्लैनेगन की 'दी एक्सॉर्सिस्ट' का शूट ख़त्म

स्कारलेट जोहैन्सन स्टारर 'दी एक्सॉर्सिस्ट' का शूट पूरा हो गया है. डायरेक्टर माइक फ्लैनेगन ने सोशल मीडिया पर ये अपडेट दिया. ये फिल्म साल 1973 में आई कल्ट हॉरर फिल्म 'दी एक्सॉर्सिस्ट' का एडैप्टेशन है. इसमें डाएन लेन, जेकोबी ज्यूप, चिवेटेल एजियोफ़ो और लॉरेंस फिशबर्न भी अहम किरदारों में हैं.

# YRF स्पाय यूनिवर्स की 'अल्फ़ा' का टीज़र आया

Advertisement

YRF स्पाय यूनिवर्स की अपकमिंग फिल्म 'अल्फ़ा' का टीज़र आया है. टीज़र को पब्लिक से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिल रहा है. इसमें बॉबी देओल और आलिया बाप-बेटी के किरदार में हैं. बॉबी ने अपनी बेटी को तेज़-तर्राट एसैसिन बनाया है. पिता अपनी बेटी को उसके 18वें बर्थ-डे पर डिनर पर ले जाता है. और तोहफ़े में उसे उसका पहला एसैसिनेशन टास्क देता है. टीज़र में आलिया के फाइट सीन्स भी हैं. शरवरी वाघ और अनिल कपूर की झलक इसमें नहीं दिखी. शिव रवैल के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म 3 जुलाई को रिलीज़ होगी.

# 'लॉकअप सीज़न 2' में फ़राह खान-रितेश देशमुख की एंट्री

रियलिटी शो 'लॉकअप' का दूसरा सीज़न आने वाला है. आज 10 जून को मेकर्स ने इसका टीज़र रिलीज़ किया. इसमें फ़राह खान और रितेश देशमुख भी हैं. चार साल पहले आए इस शो का पहला सीज़न कंगना रनौत ने होस्ट किया था. नए सीज़न में कंगना वापसी करेंगी या नहीं, ये अभी स्पष्ट नहीं है. शो का पहला सीज़न अल्ट बालाजी और MX प्लेयर पर प्रीमियर हुआ था. मगर दूसरा सीज़न नेटफ्लिक्स पर आएगा. ये 27 जून को प्रीमियर होगा.

# विजय वर्मा ने पूरा किया 'फैमिली बिज़नेस' का शूट

अनिल कपूर और विजय वर्मा को लेकर एक सीरीज़ बन रही हैं. टाइटल है 'फैमिली बिज़नेस'. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक विजय ने अपने हिस्से की शूटिंग पूरी कर ली है. डायरेक्टर हंसल मेहता के मुताबिक ये रियल स्टोरी से इंस्पायर्ड शो है. इसमें नेहा धूपिया, रिया चक्रवर्ती, राइमा सेन, अनंत नाग, कंवलजीत सिंह और ध्रुव सहगल भी काम कर रहे हैं. ये सीरीज़ इसी साल नेटफ्लिक्स पर प्रीमियर होगी.

# अब सीरियस फिल्म करेंगे वरुण धवन!

वरुण धवन की लेटेस्ट रिलीज़ 'है जवानी तो इश़्क होना है' हफ्ता पूरा होने से पहले ही पसर गई. अब जल्द ही वो एक सीरियस फिल्म करेंगे. बॉलीवुड हंगामा से चर्चा में उन्होंने कहा, "मुझे कॉमेडी पसंद है. मगर सीरियस सिनेमा भी बनना चाहिए. अब मैं जो फिल्म करने जा रहा हूं, वो इससे बिल्कुल अलग है." ये फिल्म कौन सी है, ये उन्होंने स्पष्ट नहीं किया. मगर ये मैडॉक फिल्म्स की 'भेड़िया 2' या फिर ऑपरेशन सिंदूर पर बनने वाली विवेक अग्निहोत्री की फिल्म हो सकती है. 

वीडियो: आदित्य धर अगली फिल्म सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य पर बनाएंगे?

Advertisement