न्यूज़ीलैंड के जीतते ही पाकिस्तानी क्रिएटिविटी से भर गया ट्विटर
फ़ैन्स ने मुंबई एयरपोर्ट तक ट्रेंड करा दिया.
Advertisement

Afghanistan की हार के बाद मैदान से बाहर जाते हुए Mohammad Shahzad और Kane Williamson (एपी फोटो)
ट्विटर. भाईसाब अलग ही दुनिया है. भारत-पाक की जनता की असल जिंदगी में जो भी चल रहा हो ये लोग यहां दूसरों के खूब मजे लेते हैं. और इन मजे लेने वालों की मौज उस दिन होती है जिस दिन कुछ ऐसा हो जाए जो इनकी आम जिंदगी को मिंट जिंदगी बना जाए. बोले तो अगर आप पाकिस्तानी हैं तो भारत हार जाए और अगर आप भारतीय हैं तो पाक परास्त हो जाए. वैसे बॉर्डर के दोनों तरफ की मिंट जिंदगी में कई बार इन दो के अलावा किसी तीसरी टीम को भी एंट्री मिल जाती है. सबसे लेटेस्ट मामले में यह हुआ अफ़ग़ानिस्तान और न्यूज़ीलैंड के खिलाफ हुए मैच में. न्यूज़ीलैंड ने अफ़ग़ानिस्तान को आठ विकेट से हराकर T20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में एंट्री कर ली. इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए अफ़ग़ानिस्तान ने 20 ओवर्स में 124 रन बनाए. जवाब में न्यूज़ीलैंड ने सिर्फ दो विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया. और इस जीत के साथ ही T20 वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट टीम का सफर खत्म हो गया. और ऐसा होते ही ट्विटर पर आंधी आ गई. इस आंधी में कई हैशटैग्स दिखे. और अब हम आपको इन्हीं हैशटैग्स के बारे में बताएंगे.
# IndianCricketTeam
इस हैशटैग में काफी कुछ रहा. इंडियन फ़ैन्स ने इसके जरिए अपना गुस्सा और फ्रस्ट्रेशन दोनों निकाले. कई लोग वर्ल्ड कप से ठीक पहले IPL कराने से नाराज़ थे. तो कुछ लोगों ने अभी से बदले की तैयारी शुरू कर दी थी. वे न्यूज़ीलैंड को इंडिया टूर पर पस्त करने की बातें कर रहे थे.
तो कुछ फ़ैन्स ने इस हैशटैग के जरिए टूर्नामेंट की शुरुआत में फेवरेट बताई गई भारतीय टीम के मज़े भी लिए. वहीं कुछ क्रिकेटप्रेमी ऐसे भी रहे जिन्होंने साफ कर दिया कि इस प्रदर्शन के बाद भी वह अपनी टीम को सपोर्ट करते रहेंगे. कुल मिलाकर यह हैशटैग मिलाजुला रहा.
#MaukaMauka
इस ट्रेंड में पूरी तरह से भारत के मजे लिए गए. पड़ोसी क्रिकेट फ़ैन्स ने ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स के कुख्यात विज्ञापन की लाइंस के जरिए भारतीय क्रिकेट टीम का मजाक बनाया. इस ट्रेंड में कई क्रिएटिव मेमे, जी हां हम यही कहते हैं. हां तो कई क्रिएटिव मेमे दिखे. इस हैशटैग में पाकिस्तानी जनता पूरे रंग में दिखी.
उन्होंने इस विज्ञापन की शुरुआत से अब तक भारतीय जनता द्वारा लिए गए मजे को सूद समेत लौटाने की पूरी कोशिश की. कई पाकिस्तानी फ़ैन्स ने इस ट्रेंड में अपनी पार्टी करती हुई तस्वीरें भी शेयर कर डालीं.
#MumbaiAirport
छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट. जी हां, मुंबई एयरपोर्ट का यही नाम है. और अफ़ग़ानिस्तान के हारते ही ये एयरपोर्ट ट्विटर पर छा गया. पड़ोसी देश के ट्विटर चालकों ने इस ट्रेंड पर खूब क्रिएटिविटी दिखाई. किसी ने लिखा, भारत मजबूत वापसी करेगा... मुंबई एयरपोर्ट पर.
तो किसी ने लिखा कि भारत ने सफलतापूर्वक मुंबई एयरपोर्ट के लिए क्वॉलिफाई कर लिया है. इस ट्रेंड पर बहुत सारे ट्वीट्स हुए. इन ट्वीट्स में मुंबई एयरपोर्ट जाते इंडियन फ़ैन्स से जुड़े मेमे भी शामिल रहे.
#ByeBye
मैच भले ही अफ़ग़ानिस्तान और न्यूज़ीलैंड के बीच था लेकिन ट्विटर के लगभग सारे ही ट्रेंड्स भारत से जुड़े हुए थे. और इन ट्रेंड्स में एक बाय-बाय भी रहा. अफ़ग़ानिस्तान की हार के बाद भारत का बाहर होना पक्का होते ही पाकिस्तानी फ़ैन्स ने ट्विटर पर Bye Bye ट्रेंड कराना शुरू कर दिया.
इस ट्रेंड पर आए तक़रीबन सभी ट्वीट्स भारत को सुखद यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें बाय-बाय कर रहे थे. कुछ यूजर्स ने इस ट्रेंड के जरिए अफ़ग़ानिस्तान को भी अलविदा कहा.
Advertisement













