पहले टेस्ट से पहले टीम इंडिया ने नेथन लॉयन के लिए तैयारी की थी, टॉड मर्फ़ी आउट-ऑफ-सिलेबस वाले सवाल की तरह आए और बैटिंग को झकझोर गए. मर्फ़ी ने अपने डेब्यू पर पांच विकेट लिए, जिसमें विराट कोहली, केएल राहुल और चेतेश्वर पुजारा शामिल थे. दूसरे दिन के खेल के बाद मर्फ़ी ने कई पहलुओं पर बात की.
पांच विकेट लेकर मर्फी ने अपनी ही टीम को दिया बड़ा चैलेंज़!
कोहली पर मर्फी की बात सुनी?


मर्फ़ी ने विराट कोहली पर क्या कहा, इससे शुरू करते हैं. मर्फ़ी ने कहा,
‘मैंने सबसे ज्यादा विराट का विकेट एन्जॉय किया. वो बॉल बहुत अच्छी नहीं थी. ये सपना सच होने जैसा है. उन्हें मैंने लंबे समय से देखा है. वो हीरो हैं. जब वो बैटिंग करने उतरे, तब जो शोर हुआ, मैं सुनकर चौंक गया. वो लम्हा मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा. उनके साथ क्रिकेट खेलना स्पेशल है. एलेक्स कैरी ने अच्छा कैच भी पकड़ा. उन्होंने कुछ रिव्यू में भी मेरी मदद की.’
मर्फ़ी ने इसके बाद मैच पर भी बात की और अपने बल्लेबाज़ों को भी एक बड़ा चैलेंज दिया है. मर्फ़ी ने कहा,
‘आखिरी पार्टनरशिप तक मैच बैलेंस्ड था. उन दोनों को क्रेडिट (जडेजा और अक्षर पटेल). बॉल अब भी हिल रही है, पर कोई डरावना टर्न नहीं देखने को मिला है. जिन बल्लेबाज़ों ने लंबे समय तक बैटिंग करने की कोशिश की, उन्हें फायदा मिला. हमें अगली सुबह जल्दी तीन विकेट्स लेने की कोशिश करनी चाहिए. जितनी जल्दी हम ये कर पाएंगे, उतनी जल्दी हम फिर बैटिंग कर पाएंगे. हमें उनकी लीड को ख़त्म कर लीड लगानी होगी. अगर हम 150-200 रन की लीड ले लेते हैं, तो बोलर्स के पास मौका रहेगा.’
दूसरे दिन के खेल के बाद भारत ने मैच में 144 रन की बढ़त ले ली है. यानी अगर ऑस्ट्रेलिया को 200 रन की लीड चाहिए, तो कम-से-कम 344-350 रन बनाने होंगे. तीसरे दिन के बाद इस पिच पर 350 रन बनाना, किसी भी टीम के लिए मुश्किल काम है.
इसके बाद मर्फ़ी ने ये भी बताया, कि उन्होंने भारतीय स्पिनर्स से क्या सीखकर पांच विकेट चटकाए. उन्होंने कहा,
‘मैं सोच रहा था कि कम-से-कम एक विकेट ले सकूं. डेब्यू पर पांच विकेट लेना स्पेशल है. मैंने जडेजा, अश्विन और अक्षर को देखा. उन्होंने जो भी किया, कंसिस्टेंटली किया. उन्होंने बहुत कुछ करने की कोशिश नहीं की. मैं यही करने की कोशिश कर रहा था. मैं ऐसे एरिया में बॉल करने की कोशिश कर रहा था, जिससे उनके बल्लेबाज़ों को मुश्किल हो.’
# IND vs AUS Day 2
दूसरे दिन के खेल की बात करें तो कप्तान रोहित ने अश्विन के साथ मिलकर संभलकर पारी को आगे बढ़ाया. 118 रन के स्कोर पर अश्विन के तौर पर भारत को दूसरा झटका लगा. इसके कुछ देर बाद ही विराट कोहली, चेतेश्वर पुजारा और सूर्यकुमार यादव भी चलते बने. हालांकि रोहित डटे रहे और अपना शतक पूरा किया.
रोहित 120 रन बनाकर कमिंस की गेंद पर बोल्ड हुए. वहीं डेब्यू कर रहे केएस भरत भी आठ रन बनाकर आउट हो गए. लेकिन इसके बाद जडेजा और अक्षर पटेल ने नाबाद 81 रन की साझेदारी की. दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने सात विकेट के नुकसान पर 321 रन बना लिए थे. भारत ने 144 रन की लीड ले ली है.
वीडियो: Ind vs Aus 1st टेस्ट के पहले दिन के बाद रवि जडेजा ने क्या कहा?






















