The Lallantop

दी लल्लनटॉप की यूपी चुनाव यात्रा हीरा-मोती की जोड़ी के साथ शुरू

पहले दिन बागपत और बुलंदशहर की कवरेज.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
दी लल्लनटॉप. देसी नाम. मॉर्डन फ्लेवर. चौचक हिंदी में. लेकर आ रहा है यूपी चुनाव यात्रा. यूपी चुनाव की भौकाली कवरेज. ग्राउंड रिपोर्ट्स. वीडियो और शो. विधानसभा नंबर 1 बेहट से लेकर विधानसभा नंबर 403 दुद्धी तक. सहारनपुर से रॉबर्ट्सगंज तक का चुनावी सफर. हर फेज की अहम सीटें, जहां से दागी नेता, मंत्री, पूर्व मंत्री, आपराधिक छवि वाले नेता या हैवीवेट नेता चुनाव लड़ रहे हैं. आइए जानें, क्या खास होगा लल्लनटॉप पोल यात्रा में: https://www.youtube.com/watch?v=VWIxUBCT9so 1. प्रेमचंद की अमर कहानी. दो बैलों की जोड़ी. हीरा और मोती. वैसे ही हमारी दो पोल टीमें. हीरा और मोती. सफर शुरू करेंगी दफ्तर नोएडा से. तारीख 28 जनवरी को. गणतंत्र की शपथ के दो रोज बाद. लोकतंत्र के सबसे अहम उत्सव चुनाव का जायजा लेने. उत्तर प्रदेश में. जिसकी बारी है अब प्रश्न पूछने की. अपने हुक्मरानों से. और उनसे भी जो तख्त पर चढ़ने का दावा कर रहे हैं. एक टीम नोएडा से बागपत, सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद और बरेली होते हुए तमाम इलाकों से गुजरते हुए लखनऊ और गोरखपुर की तरफ निकलेगी. दूसरी टीम नोएडा से बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा की तरफ से घूमते हुए आगरा, बांदा, इलाहाबाद और वाराणसी के इलाके छानेगी. सात फेज के चुनाव में ये टीम 40 दिनों तक लगातार ग्राउंड पर रहेगी. हर अहम विधानसभा का आंखों देखा हाल सुनाएगी. सिर्फ जातीय समीकरणों और विकास के दावों और हकीकत तक सिमटी नहीं रहेगी. खेत-खलिहान, गांव-चौपाल, शहरी अड़ेबाजी के अड्डे, कॉलेज और बाजारों से हाल लाएगी. 2. रोजाना दोनों टीमें करेंगी तीन-तीन फेसबुक लाइव. यानी बिना काट-छांट के जनता की बात, जनता तक, लल्लनटॉप के जरिए. इसके अलावा हर अहम विधानसभा के मजेदार किस्से, कैंडिडेट्स के प्रोफाइल, नारे और उस इलाके की मुश्किलों का हाल भी बयान करेंगे. ग्राउंड रिपोर्ट के जरिए. 3. इसके अलावा होंगे पांच दी लल्लनटॉप शो. आगरा (8 फरवरी), बरेली (11 फरवरी), लखनऊ (16 फरवरी), गोरखपुर (26 फरवरी) और बनारस (5 मार्च) में ये शो होंगे. हर शो शाम को 4.30 बजे शुरू होगा. कुल चार सेशन होंगे. इस तरह से: पहला सेशन - म्यूजिक पार्टी या व्यंग्य के कवि. बताएंगे अपने इलाके के नेताओं की हवाबाजी और असली हवा का बयान. दूसरा सेशन - पॉलिटिकल किस्से. इलाके के पुराने नेता, वकील, पत्रकार सुनाएंगे मुहर के जमाने के वाकये. तीसरा सेशन - जनता का घोषणापत्र. पब्लिक के पांच पंच (किसान, नौजवान, मजदूर, कारोबारी, शिक्षक, पत्रकार वगैरह) बताएंगे इलाकाई दिक्कतें. किसके राज में क्या काम हुआ. और कहां सिर्फ लफ्फाजी हुई. और नई सरकार के दावेदारों से क्या है उनकी मांग. चौथा सेशन - वोट नहीं तो खोट नहीं. क्योंकि हर एक वोट जरूरी होता है. एक लोकल सेलिब्रिटी सुनाएंगे अपनी लाइफ के वाकये. करेंगे लोगों से अपील. वोट जरूर डालें. अगर आप अपने अधिकार का इस्तेमाल नहीं करेंगे तो इस गणतंत्र में बतौर नागरिक मिलने वाले अधिकारों को लेकर आप शिकायत नहीं कर पाएंगे. 4. ग्राउंड रिपोर्ट के अलावा आपके सामने आएंगे चौकस चचा. चुनाव के दौरान नेता तमाम वादे और बातें करते हैं. चचा अपने अंदाज में उनकी असल मुराद से पर्दा उठाएंगे. ये काम करेंगे 'सिर्री बात' के एंकर आशुतोष. 5. साथ में बदस्तूर जारी रहेंगे लल्लनटॉप पॉलिटिकल किस्से का यूपी स्पेशल. जिसमें गुजरे जमाने के नेताओं के रोचक किस्से पेश किए जाते हैं. चुनाव यात्रा के पहले दिन टीम हीरा (अमित चौधरी और रजत सेन) होंगे बागपत में. किसान राजनीति का मक्का. जहां से सियासत की चौधराहट तय होती है. दूसरी टीम मोती (कुलदीप सरदार और अमितेश) होंगे बुलंदशहर में. जहां के नेता अपने धाकड़ और दबंग तेवरों के लिए कुख्यात विख्यात हैं. क्या है इन इलाकों का हाल. कौन है फाइट में और कौन हवा हवाई में. बताएं आपको यहीं. अगर आपके पास हैं इन इलाकों से जुड़े कोई सुझाव, कोई फीडबैक. तो हमें मेल करें lallantopmail@gmail.com पर. [facebook_embedded_post href="https://www.facebook.com/thelallantop/videos/1636086076698229"]

Advertisement
Advertisement