The Lallantop

कोहली के गेंदबाज ने T20 विश्वकप में कौन सा बड़ा रिकॉर्ड बना दिया?

कमाल के प्रदर्शन के बावजूद हुई टीम की हार.

Advertisement
post-main-image
विकेट लेने के बाद जश्न मनाते हसरंगा और जीत के बाद हुंकार भरते रबाडा-मिलर ( फोटो क्रेडिट : AP)
वानिंदु हसरंगा. श्रीलंका के ऑलराउंडर. T20 विश्वकप में श्रीलंका के इस खिलाड़ी ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ बड़ा रिकॉर्ड बनाया है. वानिंदु हसरंगा ने हैट्रिक ली है. उन्होंने एडेन मार्करम, तेम्बा बवुमा और ड्वेन प्रिटोरियस को आउट कर हैट्रिक लेने का कारनामा किया है. और T20 विश्वकप में ऐसा करने वाले वह तीसरे गेंदबाज बन गए हैं. हसरंगा से पहले आयरलैंड के कर्टिस कैम्फर ने नीदरलैंड के खिलाफ हैट्रिक लेकर रिकॉर्ड बनाया था. जबकि साल 2007 में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ ब्रेट ली ने बांग्लादेश के खिलाफ T20 विश्वकप की पहली हैट्रिक ली थी. बता दें कि वानिंदु हसरंगा ( Wanindu Hasaranga) ने अपनी T20 हैट्रिक दो ओवर में पूरी की. दरअसल, 15वें ओवर में वानिंदु हसरंगा गेंदबाजी करने आए थे. ओवर की आखिरी गेंद पर वानिंदु ने एडेन मार्करम को क्लीन बोल्ड किया. गेंद ऑफ स्टंप पर गिरी थी. लेकिन नीची रह गई. मार्करम बड़े शॉट के लिए जा रहे थे. और इसी में चकमा खाकर बोल्ड हो गए. इसके बाद वानिंदु हसरंगा 18वें ओवर में गेंदबाजी के लिए आए. पहली गेंद काफी छोटी. ये गेंद छक्का डिजर्व करती थी. इसलिए, तेम्बा बवुमा पुल शॉट के लिए गए. एक दम थप्पड़ शॉट लगाया. लगा कि छक्का होगा. लेकिन गेंद सीधे बाउंड्री पर खड़े निसंका के हाथों में चली गई. और बवुमा एक खराब गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे. इस ओवर की दूसरी गेंद पर ड्वेन प्रिटोरियस आउट हुए. हसरंगा ने गेंद प्रिटोरियस के आगे फेंकी थी. और प्रिटोरियस ने उठा के मारा. गेंद बल्ले पर चढ़ी नहीं. हवा में उठ गई. भानुका राजपक्षे ने आसानी से कैच लपक लिया. और इस तरह वानिंदु हसरंगा ने अपनी T20 हैट्रिक पूरी की. बता दें कि वानिंदु हसरंगा विश्व क्रिकेट के ऐसे सिर्फ चौथे गेंदबाज बने, जिन्होंने वनडे और T20 में हैट्रिक लेने का कारनामा किया है. हसरंगा से पहले ब्रेट ली, तिसारा परेरा और लसिथ मलिंगा ये कारनामा कर चुके हैं. और दिलचस्प बात ये है कि इस लिस्ट में तीन श्रीलंकाई खिलाड़ी हैं. मैच की बात करें तो हसरंगा की हैट्रिक टीम के काम नहीं आई. रोमांचक मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने श्रीलंका को चार विकेट से हरा दिया. दासुन शनाका की अगुवाई वाली श्रीलंकाई टीम ने 20 ओवर में 142 रन बनाए थे. जवाब में छह विकेट खोकर साउथ अफ्रीका ने लक्ष्य हासिल कर लिया. आपको याद दिला दें कि साल 2021 में हाल में ही खत्म हुए IPL 2021 में वानिंदु विराट कोहली की RCB के लिए खेल चुके हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement