कगीसो रबाडा ने किया वो कमाल जो इंग्लैंड के खिलाफ कोई बोलर नहीं कर पाया था!
इसके बाद भी बाहर हुआ साउथ अफ्रीका.
Advertisement

Kagiso Rabada ने Hat trick मार South Africa को जिता दिया (एपी फोटो)
कगीसो रबाडा. साउथ अफ्रीका के बहुत तेज फेंकने वाले बोलर. हाल के महीनों में फॉर्म बहुत अच्छी नहीं थी. लगातार रन लीक कर रहे थे. और सिर्फ इतना ही नहीं, उन्हें विकेट भी नहीं मिल रहे थे. मतलब चहुंओर निराशा ही छाई थी. लेकिन T20 वर्ल्ड कप 2021 के अपने आखिरी मैच में उन्होंने सारा हिसाब चुकता कर लिया. रबाडा ने बेहतरीन हैटट्रिक मारते हुए साउथ अफ्रीका को इंग्लैंड पर 10 रन से जीत दिला दी. रबाडा की हैटट्रिक इंग्लैंड की पारी के आखिरी ओवर में आई. जीत के लिए 190 रन का पीछा कर रही इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने 19 ओवर्स में पांच विकेट खोकर 176 रन बना लिए थे. टीम को जीत के लिए आखिरी छह गेंदों में 14 रन चाहिए थे.
# Kagiso Rabada Hat trick
क्रीज पर कप्तान ऑयन मॉर्गन के साथ थे क्रिस वोक्स, जिन्होंने टूर्नामेंट की अपनी पहली ही गेंद पर बेहतरीन छक्का मारा था. गेंद मिली कगीसो रबाडा को. रबाडा के पहले तीन ओवर में 45 रन आ चुके थे, वो भी बिना किसी सफलता के. माहौल एकदम टेंस था. लोगों को लग रहा था कि इंग्लैंड आसानी से इस मैच को निकाल लेगा. लेकिन रबाडा ने हालात ही बदल दिए. ओवर की पहली गेंद, वोक्स ने इसे लेग साइड की ओर उछाल दिया. डीप मिडविकेट की ओर जा रही गेंद देखकर लगा कि इस पर छह रन आ जाएंगे. लेकिन वहां फील्डिंग कर रहे एनरिक नॉर्किए ने बेहतरीन कैच लपक इंग्लैंड का एक और विकेट गिरा दिया. अब बैटिंग के लिए आए क्रिस जॉर्डन, लेकिन स्ट्राइक थी ऑयन मॉर्गन के पास. अगली गेंद, स्लो थी और इसे उड़ाने की कोशिश करते हुए मॉर्गन डीप बैकवर्ड स्क्वॉयर लेग पर पकड़े गए. रबाडा ने दो गेंदों में दो विकेट लेकर साउथ अफ्रीका की उम्मीदें जगा दीं. और अब पूरा प्रेशर इंग्लैंड पर आ चुका था. और इस प्रेशर को रिलीज करने का जिम्मा था आदिल रशीद और जॉर्डन पर. ओवर की तीसरी गेंद. जॉर्डन ने इसे उड़ाया और गेंद गई सीधे लॉन्ग ऑफ पर खड़े डेविड मिलर के हाथों में. साउथ अफ्रीकी प्लेयर्स और फ़ैन्स को भरोसा ही नहीं हो रहा था कि ये क्या हो गया. और दूसरी ओर सन्न पड़े इंग्लिश खेमे को रबाडा की हंसी और चुभ रही थी. लेकिन इनकी चुभन अभी बढ़ने वाली थी. रबाडा की इस स्लोअर पर आए विकेट के बाद बची हुई तीन गेंदों पर रशीद और मार्क वुड तीन रन ही बना पाए. इंग्लैंड ने मैच को 10 रन से गंवा दिया. और रबाडा T20 इंटरनेशनल में हैटट्रिट लेने वाले पहले साउथ अफ्रीकी पुरुष क्रिकेटर बन गए. साथ ही वह इंग्लैंड के खिलाफ हैटट्रिक लेने वाले पहले प्लेयर भी बन गए हैं.
हालांकि इस जीत के बाद भी साउथ अफ्रीका की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई. इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ने बेहतर रन रेट के आधार पर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली. इस मैच की डीटेल्स में जाएं तो साउथ अफ्रीका ने टॉस हारकर पहले बैटिंग की. रसी वान डर दुसें और एडन मार्करम की विस्फोटक पारियों की मदद से साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर्स में 189 रन बनाए. डर दुसें को 60 गेंदों पर 94 रन बनाने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया. जबकि मार्करम ने 25 गेंदों पर 52 रन बनाए. इंग्लैंड के मोईन अली और आदिल रशीद ने एक-एक विकेट लिया. जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर्स में आठ विकेट खोकर 179 रन ही बना पाई. टीम के लिए मोईन अली ने 37 और दाविद मलान ने 33 रन बनाए. जबकि साउथ अफ्रीका के लिए रबाडा ने तीन और तबरेज़ शम्सी और ड्वाइन प्रीटोरियस ने दो-दो विकेट निकाले.
Advertisement










