T20 वर्ल्ड कप में भारत का खाता खुल गया. (फोटो - एपी)
T20 वर्ल्ड कप में भारत ने अपना पहला मुकाबला जीत लिया है. टीम इंडिया ने अफ़ग़ानिस्तान को 66 रन से हराया. इस मुकाबले में भारत ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी की थी. टीम के लिए रोहित शर्मा ने 74 और केएल राहुल ने 69 रन की पारी खेली. इन दोनों ओपनर्स के आउट होने के बाद मैदान पर आए ऋषभ पंत ने 27 और हार्दिक पंड्या ने भी 35 रन का योगदान दिया. मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए रोहित शर्मा को मैन ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया. अवार्ड जीतने के बाद पोस्ट मैच में रोहित शर्मा ने माना कि वो बीते दो मुकाबलों में जिस तरह की चाहते थे वो उनको नहीं मिली. उन्होंने कहा,
‘हम अच्छी शुरुआत करना चाहते थे जो पहले दो मैचों में नहीं हुई. हमने कोशिश की थी कि हम एक अच्छा प्लेटफॉर्म तैयार करें ताकि अन्य बल्लेबाज आकर खुद को एक्सप्रेस कर सकें. केएल राहुल ने भी शानदार बल्लेबाजी की.’
अफ़ग़ानिस्तान की बात करते हुए रोहित ने कहा,
‘ट्रेंड को देखते हुए, उन्होंने हर मैच में पहले बल्लेबाजी की थी. तो हम पहले फील्डिंग का सोच रहे थे. लेकिन ये पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी थी. एक अच्छी शुरुआत और एक सम्मानजनक स्कोर हमारी तरफ से बहुत महत्वपूर्ण था. हम जानते थे कि रन रेट खेल में आ सकता है और इसलिए हम एक अच्छी मार्जिन से जीतना चाहते थे, खुशी है कि हम ऐसा कर पाए. टीम में जिस चीज़ की भी जरूरत होगी, मैं वो करने की कोशिश करूंगा. आज जल्दी शुरुआत की जरूरत थी. आमतौर पर मैं शुरुआत में आंकलन करने की कोशिश करता हूं, लेकिन आज मुझे थोड़ा अलग तरीके से खेलना था.’
रोहित शर्मा ने मैच के बाद मीडिया से भी बात की. टूर्नामेंट पर बात करते हुए उन्होंने कहा,
‘हां, सच कहूं तो यह हमारे लिए उस तरह की स्थिति थी. हम जानते हैं कि अगर हम यहां से कोई गेम हारते हैं, तो हम टूर्नामेंट से बाहर हो जाते हैं. इसलिए हमें सब कुछ जीतना है. और जब आप उस तरह की स्थिति में होते हैं तो आपको निडर होकर खेलना होता है. इस बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहिए कि क्या हो रहा है.’
अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ अटैकिंग क्रिकेट पर बात करते हुए रोहित बोले,
‘मुझे लगता है कि अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ सभी खिलाड़ियों का अप्रोच अलग था. काश यह पहले दो मैचों में भी होता, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. लेकिन ऐसा हो भी सकता है जब आप एक रोड पर लम्बे समय से हों तो निर्णय लेना कभी-कभी एक समस्या हो सकती है और ठीक ऐसा ही पहले दो मैचों में हुआ था.'
अंत में टीम की तारीफ करते हुए रोहित बोले,
‘हम एक अच्छी टीम है. यह सिर्फ इतना है कि हम उस खास दिन पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ अच्छे नहीं थे. लेकिन हां, आज जो हमने खेल दिखाया, यह काफी हद तक बताता है कि हम इस तरह की टीम हैं. और जब हम निडर होकर खेलते हैं, तो हमें यही जीत मिलती है.’
आपको बता दें कि भारत ने अपने तीसरे मुकाबले में जाकर ये जीत हासिल की है. अब टीम के दो और मुकाबले बचे है. जिसमें 5 नवंबर को टीम का मुकाबला स्कॉटलैंड और 8 नवंबर को नामीबिया से होगा.