The Lallantop

मोहम्मद रिज़वान ने तोड़ डाला क्रिस गेल का बहुत बड़ा रिकॉर्ड!

ये तो कोहली से भी नहीं हुआ था.

Advertisement
post-main-image
एक साल में खूब रन जड़ दिए. (फोटो – एपी)
T20 वर्ल्ड कप 2021 में पाकिस्तान अच्छा कर रही है. टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है. इस टूर्नामेंट में पाकिस्तानी ओपनर्स ने कमाल की बैटिंग की है. बाबर आज़म और मोहम्मद रिज़वान ने टीम के लिए लगातार रन बनाए हैं. और इसी प्रदर्शन की बदौलत टीम के ओपनर मोहम्मद रिज़वान ने एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है. रिज़वान अब T20 क्रिकेट में एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए है. उन्होंने यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा. # Gayle से आगे Rizwan मोहम्मद रिज़वान के नाम अब एक साल में 1676 रन हो गए हैं. रिज़वान ने स्कॉटलैंड के ख़िलाफ अपनी 15 रन की पारी के दौरान यह रिकॉर्ड बनाया. इस मुकाबले में उतरने से पहले रिज़वान को गेल का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए सिर्फ पांच रन की जरूरत थी. और उन्होंने पारी के दूसरे ही ओवर में यह रन बना लिए. ब्रैड वील के इस ओवर की पांचवीं गेंद पर सिंगल लेकर रिज़वान ने गेल का रिकॉर्ड तोड़ा. गेल ने साल 2015 में यह रिकॉर्ड सेट किया था. गेल ने 2015 में T20 क्रिकेट में एक साल में सबसे ज्यादा 1665 रन बनाए थे. और बीते छह साल में इस रिकॉर्ड की कोई बराबरी नहीं कर पाया. 2016 में भारतीय कप्तान विराट कोहली ने एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाए थे. कोहली 1614 रन के साथ गेल के रिकॉर्ड से 51 रन दूर रह गए थे. एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में चौथे नंबर पर पाकिस्तान के कप्तान बाबर आज़म आते है. 2019 में बाबर ने 1607 रन बनाए थे. इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर पूर्व साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज एबी डीविलियर्स हैं. डीविलियर्स ने 2019 में 1580 रन बनाए थे. # मैच में क्या चल रहा है? मैच की बात करें तो सुपर 12 के अपने आखिरी मुकाबले में स्कॉटलैंड के खिलाफ पाकिस्तानी कप्तान बाबर आज़म ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम के लिए कप्तान बाबर, मोहम्मद हफीज़ और शोएब मलिक ने शानदार बल्लेबाजी की. बाबर ने 66, शोएब मलिक ने 54 और हफीज़ ने 31 रन बनाए. टीम ने स्कॉटलैंड के सामने जीत के लिए 20 ओवर में 190 रन का लक्ष्य रखा है. बताते चलें कि शोएब मलिक की 54 रन की पारी सिर्फ 18 गेंदों में आई है. इस तूफानी पारी के साथ ही उन्होंने T20I मैचों में पाकिस्तानी पुरुष क्रिकेट टीम के लिए सबसे तेज हाफ सेंचुरी का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है. इतना ही नहीं, यह पाकिस्तान की ओर से T20I की सबसे तेज फिफ्टी भी है. पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तानी विमिंस टीम की ऑलराउंडर निदा डार के नाम था. निदा ने 20 गेंदों में हाफ सेंचुरी जमाई थी.

Advertisement
Advertisement