The Lallantop

इंग्लैंड को फोड़ने वाले जिमी नीशम को लोग धोनी क्यों बुला रहे?

नीशम ने वायरल फोटो पर कमेंट भी किया है.

Advertisement
post-main-image
न्यूज़ीलैंड की जीत के बाद शांत बैठे जिम्मी नीशम ( फोटो क्रेडिट : ESPN Cricinfo twitter)
जिमी नीशम. न्यूज़ीलैंड के स्टार ऑलराउंडर. इंग्लैंड के खिलाफ जिमी नीशम ने अधूरा काम पूरा किया. वो काम जो साल 2019 के विश्वकप फाइनल में पूरा न हो सका था. अबूधाबी में खेले गए T20विश्वकप 2021 के पहले सेमीफाइनल में न्यूज़ीलैंड ने इंग्लैंड को हरा दिया. केन विलियमसन एंड कंपनी ने पांच विकेट से जीत हासिल की. और इस जीत में जिमी नीशम की भूमिका अहम रही. न्यूज़ीलैंड को आखिरी 24 गेंदों में 57 रन बनाने थे. तभी नीशम ने महज 11 गेंदों में 27 रन की पारी खेलकर टीम के लिए जीत का रास्ता खोल दिया. बाकी कसर डैरिल मिचेल ने पूरी कर दी. और न्यूज़ीलैंड पहली बार T20 वर्ल्ज कप के फाइनल में पहुंच गया. इंग्लैंड को हराने के बाद न्यूज़ीलैंड के खिलाड़ी जश्न मनाने लगे. डग आउट में बैठे सभी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ खुशी के मारे उछल पड़े. यहां तक कि हमेशा शांत रहने वाले केन विलियमसन का चेहरा भी खुशी से खिल उठा. # Jimmy Dhoni Neesham लेकिन मैच जिताऊ पारी खेलने वाले जिमी नीशम एकदम शांत बैठे रहे. कोई खुशी ही नहीं. शांत भी ऐसे मानो कीवी टीम मैच हार गई हो. सोशल मीडिया पर अब ये तस्वीर खूब वायरल हो रही है. ट्विटर पर कई यूजर्स जिमी नीशम की तुलना एमएस धोनी से कर रहे हैं. तस्वीर शेयर करते हुए उस्मान नाम के यूजर ने लिखा,
'जिमी नीशम एमएस धोनी की तरह कर रहे हैं.'
दरअसल, लोग ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि धोनी अपने कूल अंदाज के लिए जाने जाते हैं. मैच के परिणाम से धोनी के चेहरे का भाव नहीं बदलता है. मैदान पर शांत रहते हैं. नीशम की ये फोटो इतनी वायरल हुई कि उन्हें खुद भी इस पर रिएक्शन देना पड़ा. नीशम ने ESPN Cricinfo के ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए लिखा,
'मुझे नहीं लगता है कि अभी काम खत्म हुआ है.'
बता दें कि 10 नवंबर की रात के हीरो रहे नीशम की एक ही तस्वीर वायरल नहीं है. वायरल हुई एक दूसरी तस्वीर में नीशम अकेले कुर्सी पर बैठे हुए हैं. देखने से ऐसा लगता है कि जीत के बाद सभी खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में चले गए हैं. जबकि नीशम वहीं के वहीं बैठे हैं. बताते चलें कि ये पहला मौका है जब न्यूज़ीलैंड ने T20 विश्वकप के फाइनल में जगह बनाई है. अब न्यूज़ीलैंड का सामना ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल मैच के विजेता से होगा.

Advertisement
Advertisement