The Lallantop

शाहरुख खान 'धोनी स्टाइल' में तमिलनाडु को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी दिला गए!

चेन्नई सुपर किंग्स ने तो एमएस धोनी की तस्वीर भी डाल दी!

Advertisement
post-main-image
छक्का मारने के बाद जश्न मनाते शाहरुख खान और दूसरी तस्वीर में सैयद मुश्ताक अली चैंपियन तमिलनाडु टीम ( फोटो क्रेडिट : BCCI screengrab/ ESPNcricinfo)
शाहरुख खान. तमिलनाडु के स्टार ऑलराउंडर. और भारत के उभरते हुए फिनिशर. शाहरुख खान (Shahrukh Khan) ने मैदान पर वो कारनामा किया है जिसके लिए उन्हें लंबे समय तक याद रखा जाएगा. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में शाहरुख खान ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी. शाहरुख ने 15 गेंदों में एक चौका और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 33 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 220 का रहा. कर्नाटक को हराते ही तमिलनाडु ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी डिफेंड कर ली. और कर्नाटक के बाद ऐसा करने वाली तमिलनाडु दूसरी टीम बन गई है. बता दें कि साल 2018-19 और 2019-20 में कर्नाटक ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था. इसके बाद तमिलनाडु ने लगातार दो सीजन जीते. #Karnataka के धुरंधर हुए फ्लॉप इससे पहले टॉस जीतकर तमिलनाडु के कप्तान विजय शंकर ने गेंदबाजी चुनी. बल्लेबाजी करने उतरी कर्नाटक की शुरुआत अच्छी नहीं रही. खाता खोले बिना ओपनर बल्लेबाज रोहन कदम पवेलियन लौट गए. फिर कप्तान मनीष पांडे 13 और करुण नायर 18 रन बनाकर चलते बने. निचले क्रम में प्रवीण दुबे ने 25 गेंदों में 33 रन की पारी खेली. अभिनव मनोहर के 46 रन की बदौलत कर्नाटक ने सात विकेट खोकर 151 रन बनाए. तमिलनाडु की तरफ से साईं किशोर ने चार ओवर के स्पेल में 12 रन देकर तीन विकेट झटके. टीम को जीत के लिए 152 रन का टार्गेट मिला. #Shahrukh Khan-N Jagadeesan लक्ष्य का पीछा करते हुए तमिलनाडु की शुरुआत भी कुछ ठीक नहीं रही. टीम का पहला विकेट 29 रन पर गिरा. ये विकेट था हरि निशांत का, जिन्होंने 12 गेंदों में 23 रन की पारी खेली. वे अनलकी रहे. रन आउट होकर पवेलियन लौटे. बाद में एन जगदीशन ने 41 रन की पारी खेली. वहीं विजय शंकर ने 22 गेंदों में 18 रन बनाए. तमिलनाडु के बल्लेबाजों ने विकेट बचाने के चक्कर में तेजी से रन नहीं बनाए. इसके चलते टीम के आगे आखिरी 18 गेंदों में 36 रन बनाने की चुनौती खड़ी हो गई. उधर, कर्नाटक के गेंदबाज भी कसी हुई गेंदबाजी कर रहे थे. 18वें ओवर में प्रतीक जैन ने एक विकेट लेते हुए सिर्फ छह रन खर्च किए. यानी अब तमिलनाडु को दो ओवर में 30 रन बनाने थे. 19वें ओवर में शाहरुख ने एक छक्का लगाया. बाय में एक चौका मिला. जबकि चार रन दौड़कर लिए गए. इस ओवर में एक विकेट भी गिरा. लेकिन 14 रन भी बने. #आखिरी ओवर की कहानी अब आखिरी ओवर में तमिलनाडु को 16 रन बनाने थे. स्ट्राइक पर स्पिनर आर साईं किशोर थे और गेंद प्रतीक जैन के हाथ में थी. ओवर की पहली गेंद पर साईं किशोर ने चौका लगा दिया. इसके बाद अगली गेंद पर सिंगल. एक वाइड के बाद शाहरुख खान ने सिंगल लिया. जबकि ओवर की चौथी गेंद पर साईं किशोर ने भी एक सिंगल चुराया. अब दो गेंदों में जीत के लिए आठ रन बनाने थे. लेकिन प्रतीक ने दबाव में आकर एक वाइड फेंक दी. और पांचवीं गेंद पर शाहरुख ने भाग कर दो रन चुराए. आखिरी गेंद पर पांच रन बनाने थे. और शाहरुख खान ने वो कारनामा कर दिया जिसका हल्ला अब हर जगह है. उन्होंने छक्का लगाकर तमिलनाडु को जीत दिला दी. शाहरुख खान को प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया. मैच के बाद शाहरुख खान ने कहा,
'मेरे दिमाग में बहुत कुछ चल रहा था. लेकिन मैंने सिंपल रखने की कोशिश की. गेंद रफ हो चुकी थी. और विकेट काफी स्लो था. इसलिए मैं बल्ले के बीच पर शॉट खेलने की कोशिश कर रहा था. मैं लॉन्ग ऑन के ऊपर से हिट करने की सोच रहा था. लेकिन स्क्वायर लेग पर मुझे रूम मिला और उधर घुमा के छक्का मार दिया. आखिरी गेंद पर छक्का लगाना काफी स्पेशल है. इसे मैं लंबे समय तक याद रखूंगा.'
बता दें कि एमएस धोनी भी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला देख रहे थे. चेन्नई सुपर किंग्स ने उनकी तस्वीर के साथ ट्वीट करते हुए लिखा,
फिनिशिंग ऑफ इन स्टाइल (मतलब शाहरुख ने माही के स्टाइल में मैच फिनिश किया.)
बता दें कि शाहरुख खान IPL में पंजाब किंग्स के लिए खेलते हैं. उन्हें बड़े शॉट खेलने के लिए जाना जाता है. आगे मेग ऑक्शन होना है. और शाहरुख खान की इस पारी से कहीं न कहीं पंजाब फ्रेंचाइजी खुश होकर उन्हें रिटेन करने की सोचेगी. अगर ऐसा नहीं होता है तो हिटिंग एबिलिटी की वजह से शाहरुख पर कई फ्रेंचाइजी बोली लगाना चाहेंगी.

Advertisement
Advertisement