शार्दुल ठाकुर और सूर्यकुमार को लेकर क्या है राहुल द्रविड़ का नया प्लान?
दूर तक की सोच रहे हैं राहुल द्रविड़!
Advertisement

भारतीय बल्लेबाज़ सूर्यकुमार यादव(बाएं) और तेज़ गेंदबाज़ शार्दुल ठाकुर(दाएं) (फोटो: पीटीआई)
भारतीय बल्लेबाज़ सूर्यकुमार यादव और तेज़ गेंदबाज़ शार्दुल ठाकुर के लिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के हवाले से एक अच्छी खबर आई है. 25 नवंबर से न्यूज़ीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए सूर्यकुमार को भारतीय टीम में शामिल किया गया है. वहीं, शार्दुल ठाकुर को साउथ अफ्रीका दौरे के लिए 'इंडिया ए' टीम का हिस्सा बनाया गया है. सूर्यकुमार यादव ने इसी साल वनडे और T20 क्रिकेट में अपना डेब्यू किया है. पिछले हफ्ते न्यूज़ीलैंड के खिलाफ समाप्त हुई T20 सीरीज़ में भी वे भारतीय टीम का हिस्सा थे. इसके बाद उन्हें कानपुर में होने वाले पहले टेस्ट के लिए टीम में शामिल किया गया और अब वे टीम इंडिया के साथ हैं. BCCI ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए बीते 12 नवंबर को जिस टीम की घोषणा की थी, उसमें सूर्यकुमार अपनी जगह नहीं बना पाए थे. मिडिल आर्डर में मुंबई के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को चुना गया था. ऐसे में ये कहना मुश्किल है कि सूर्यकुमार पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह बना पाएंगे या नहीं. दूसरी तरफ शार्दुल ठाकुर की बात करें तो बोर्ड ने उन्हें रेस्ट देने का फैसला किया था. न्यूज़ीलैंड के खिलाफ हुई T20 सीरीज़ का भी वे हिस्सा नहीं थे. लेकिन अब अचानक उन्हें अफ्रीका दौरे के लिए 'इंडिया ए' टीम में शामिल किया गया है. हालांकि, इस दौरे पर शार्दुल केवल तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच ही खेलेंगे.
कोच द्रविड़ का क्या है प्लान?
सूर्यकुमार यादव और शार्दुल ठाकुर को अचानक टीम में शामिल किया जाना, भारतीय टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. खबर है कि द्रविड़ चाहते हैं कि भारतीय नेशनल टीम के दिसंबर में होने वाले दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले सभी खिलाड़ी प्रैक्टिस में रहें. साथ ही इस दौरे से पहले नेशनल टीम के ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी दक्षिण अफ्रीका के माहौल और वहां की पिचों के मुताबिक खुद को ढाल लें. बताया जाता है कि इसी रणनीति के तहत भारतीय तेज़ गेंदबाज़ दीपक चाहर और विकेट कीपर बल्लेबाज़ ईशान किशन को भी साउथ अफ्रीकी दौरे के लिए 'इंडिया ए' टीम में शामिल किया गया है. ये दोनों ही इस सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच से टीम के साथ जुड़ेंगे. इंडिया ए टीम का साउथ अफ्रीकी दौरा 23 नवंबर से शुरू हो रहा है. दूसरा मैच 29 नवंबर और तीसरा मैच 6 दिसंबर से खेला जाएगा. वहीं भारत और न्यूज़ीलैंड की टेस्ट सीरीज़ की बात करें तो पहला टेस्ट 25 नवंबर को कानपूर में और दूसरा टेस्ट 3 दिसंबर से मुंबई के वानखेड़े मैदान पर खेला जाएगा. उसके बाद 17 दिसंबर से भारत की नेशनल टीम साउथ अफ्रीका का दौरा करेगी, इस दौरे पर तीन टेस्ट, तीन वनडे और चार T20 मैच खेले जाएंगे.
Advertisement











