गोकुलम केरल (Gokulam Kerala) विमेंस टीम उज़्बेकिस्तान से बिना टूर्नामेंट खेले ही वापस लौटेगी. फीफा (FIFA) ने इंडियन फुटबॉल पर जो बैन लगाया है, उसके बाद एएफसी (AFC) यानी एशियन फुटबॉल कॉनफेडरेशन ने गोकुलम केरल को AFC विमेंस क्लब चैंपियनशिप से बाहर कर दिया है. स्पोर्ट्स मंत्रालय ने फीफा और एएफसी से गुहार लगाई थी कि गोकुलम केरल और ATK मोहन बागान को एशियन कॉम्पटीशन खेलने दें, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. एएफसी ने गोकुलम को एशियन कॉम्पटीशन से बाहर कर दिया है.
फीफा और एएफसी ने नहीं मानी खेल मंत्रालय की गुहार, उज़्बेकिस्तान से वापस आएगी गोकुलम केरल की टीम
फीफा ने हाल ही में इंडिया पर बैन लगाया था.


23 प्लेयर्स की गोकुलम की टीम 16 अगस्त को ही ताशकंद पहुंच गई थी. पहुंचने के बाद टीम को फीफा के बैन के बारे में पता चला. उसके बाद से ही गोकुलम के प्लेयर्स इस समस्या के सुलझने का इंतज़ार कर रहे थे. गोकुलम को उज़्बेकिस्तान के क्लब सोगडियाना के खिलाफ 23 अगस्त को खेलना था. 26 अगस्त को गोकुलम का मैच ईरान के क्लब बम खातून एफसी से होना था. लेकिन अब ये सभी मैच कैंसिल कर दिए गए हैं.
इस बात की पुष्टि गोकुलम केरल के अध्यक्ष प्रवीन ने की है. प्रवीन ने PTI से बात करते हुए कहा -
‘खेल मंत्रालय ने हमें बताया कि उनकी रिक्वेस्ट नहीं मानी गई है. इसलिए हम AFC विमेंस क्लब चैंपियनशिप्स में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. ऑर्गनाइजर्स ने भी हमें बता दिया है कि हमें इस टूर्नामेंट में खेलने नहीं दिया जाएगा.’
इसी बातचीत में प्रवीन ने आगे कहा -
‘हम चाहते थे कि प्लेयर्स रविवार को ही लौट जाएं. लेकिन उस दिन ताशकंद से भारत के लिए कोई भी फ्लाइट नहीं है. सबसे पहली फ्लाइट सोमवार को है. हम कोशिश कर रहे हैं कि प्लेयर्स सोमवार या मंगलवार तक वापस आ जाएं. प्लेयर्स अचानक आई इस परिस्थिति से बहुत परेशान हैं. बिना किसी गलती के उन्हें बहुत कुछ झेलना पड़ा है. क्लब को भी बहुत परेशानी हुई है.’
प्रवीन ने ये भी कहा कि एएफसी को गोकुलम को इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने देना चाहिए था. क्योंकि प्लेयर्स बैन घोषित होने से पहले ही भारत से निकल चुके थे.
‘जब हम कोझिकोड से निकले थे, तब हमें बैन के बारे में नहीं पता था. या तो बैन इन चैंपियनशिप्स के बाद लगाना चाहिए था. या फिर हमें इन चैंपियनशिप्स में हिस्सा लेने देना चाहिए था.’
प्रवीन ने ये भी कहा कि गोकुलम एएफसी से खिलाड़ियों की यात्रा और आवास पर खर्च किए गए पैसे की भरपाई करने का अनुरोध करेगा. उन्होंने बताया कि इसमें लाखों रुपये खर्च हुए हैं. उन्होंने कहा,
‘एएफसी आम तौर पर फ्लाइट टिकट्स और रहने का खर्च उठाता है. इसलिए, हम एएफसी से इसके लिए अनुरोध करेंगे. देखते हैं क्या होता है.’
गोकुलम केरल ने स्पोर्ट्स मंत्रालय और प्रधानमंत्री मोदी को भी मदद करने के लिए पत्र लिखा था. एएफसी ने गोकुलम केरल के निर्धारित मैचों को भी अपनी वेबसाइट से हटा दिया है. ये एटीके मोहन बागान फ़ैन्स के लिए भी चिंता का सबब है. इंडिया को जल्द-से-जल्द फीफा के सुझाव के अनुसार कदम उठाते हुए ये बैन हटवाने पर काम करना चाहिए. कई लोगों ने AIFF के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भर दिया है. जिनमें बाईचुंग भूटिया और कल्याण चौबे जैसे नाम शामिल हैं.
AIFF पर लगे FIFA बैन पर सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में क्या सफाई दी?




















