The Lallantop

BCCI प्रेसिडेंट सौरव गांगुली को अब ICC में बड़ी ज़िम्मेदारी

अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट को लेकर भी उठाया कदम.

Advertisement
post-main-image
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली और पूर्व क्रिकेटर अनिल कुंबले. फोटो: PTI
BCCI प्रेसिडेंट सौरव गांगुली को एक और बड़ी ज़िम्मेदारी मिल गई है. सौरव गांगुली को ICC क्रिकेट समिति का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है. बुधवार 17 नवंबर के दिन ICC की गर्वनिंग बॉडी ने इसकी घोषणा की. सौरव गांगुली को टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर अनिल कुंबले के स्थान पर इस पद पर चुना गया है. अनिल कुंबले का कार्यकाल खत्म होने के बाद गांगुली का चुनाव किया गया है. कुंबले ने बतौर ICC क्रिकेट समिति चेयरमैन तीन साल के तीन टर्म पूरे किए जिस पर वो 2012 से मौजूद थे. ICC के चेयरमेन ग्रेग बार्कले ने गांगुली के चुने जाने पर कहा,
''मुझे आईसीसी पुरुष क्रिकेट समिति के अध्यक्ष के पद पर सौरव का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है. बतौर क्रिकेटर और प्रशासक उनका अनुभव हमारे क्रिकेट से जुड़े फैसलों में मदद करेगा. इसके साथ ही अनिल का भी शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने पिछले नौ सालों में अपने पद का बेहतरीन नेतृत्व किया. साथ ही DRS और संदिग्ध गेंदबाज़ी ऐक्शन जैसी चीज़ों पर बेहतरीन तरीके से काम किया.''
ICC क्रिकेटिंग बोर्ड ने ICC क्रिकेट समिति के चेयरमेन के अलावा भी कई अहम फैसले लिए. जिनमें एक फैसला अफ़ग़ानिस्तान के क्रिकेट के भविष्य को लेकर भी है. ICC ने अफ़ग़ानिस्तान के क्रिकेट के स्टेट्स को रिव्यू करने के लिए एक वर्किंग कमेटी बनाई है. ये फैसला अफ़ग़ानिस्तान में सरकार के बदलाव के बाद लिया गया है. दरअसल अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान के शासन के बाद से अफ़ग़ानिस्तान में महिलाओं के क्रिकेट को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है. जिसकी वजह से ऑस्ट्रेलिया ने भी अफ़ग़ानिस्तान के साथ ऐतिहासिक टेस्ट मैच को टाला हुआ है. ICC ने अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट के लिए बनाई वर्किंग कमेटी के ग्रुप में रॉस मैक्कलम, लॉसन नाएडो और रमीज़ राजा को रखा है. इसके साथ ही ग्रेग बार्कले ने कहा कि
''ICC बोर्ड पुरुषों और महिलाओं के क्रिकेट की बेहतरी के लिए अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट को सपोर्ट करता रहेगा.''
ICC क्रिकेट समिति के नए चेयरमेन और अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट को लेकर बनाई वर्किंग कमेटी के अलावा ICC ने ये भी फैसला किया है कि ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप को उसी फॉर्मेट में बरकरार रखा जाएगा. जिस फॉर्मेट में वो खेली गई है. यानि नौ टीमों के साथ दो साल के साइकिल में ही अगली वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप खेली जाएगी. वहीं 2027 वनडे विश्वकप को लेकर ICC ने ऐलान किया है कि टीमों की संख्या बढ़ाकर 14 की जाएगी. जिनमें टॉप-10 टीमें रैकिंग के आधार पर सीधे क्वालीफाई करेंगी. जबकि बाकी चार टीमें क्वालीफायर्स के जरिए विश्वकप खेलने पहुंचेंगी.

Advertisement
Advertisement