भारतीय बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर ने छह अक्टूबर को टीम इंडिया की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया. शाम होते-होते स्मृति मंधाना नई कप्तान बन गईं. इसके बाद खबरें आईं कि हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था. इसकी वजह भी कप्तानी ही थी. इन खबरों के बीच स्मृति मंधाना ने हरमनप्रीत कौर के लिए इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की है. इस स्टोरी की काफी चर्चा हो रही है.
क्या सच में हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना के बीच खटास है?
स्मृति मंधाना टीम इंडिया की कप्तान बन गई हैं. कप्तान बनने के बाद खबरें आईं कि स्मृति और पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के बीच सब कुछ ठीक नहीं है. कप्तानी के कारण दोनों के रिश्ते में खट्टास आ गई है.

स्मृति मंधाना ने छह अक्टूबर को हरमनप्रीत कौर को लेकर कोई स्टोरी या पोस्ट नहीं किया था. उनके पोस्ट न करने की चर्चा होने लगी. टीम इंडिया की नई कप्तान बनने के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर हरमनप्रीत कौर का पोस्ट शेयर किया. उन्होंने कैप्शन में लिखा,
आपके साथ इतने सालों तक खेलना एक खास अनुभव था. 10 साल तक आपकी लीडरशिप में हम साथ खेले. यह शानदार था. हम अब भी साथ खेलेंगे और देश के लिए कई और ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेंगे.
मंधाना लंबे समय से कप्तानी का इंतजार कर रही थीं. उन्होंने कई इंटरव्यू में खुलकर यह इच्छा भी जाहिर की थी. एक न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट में दावा किया गया कि मंधाना सिलेक्टर्स से खफा चल रही थीं. पिछले साल घरेलू मैदान पर ODI वर्ल्ड कप जीतने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि टीम की कमान उन्हें मिल जाएगी. लेकिन, ऐसा नहीं हुआ. इससे मंधाना काफी निराश थीं.
यह भी पढ़ें- अमेरिका ने भारत के इन 9 पहलवानों को 'बेरोजगार' बोलकर वीजा नहीं दिया

एशियन गेम्स के लिए भी हरमनप्रीत कौर को ही कप्तान बनाया गया. गोल्ड जीतने के बाद स्मृति ने कहा था कि भारत को अब बड़े टूर्नामेंट्स जीतने पर फोकस करना चाहिए.
मंधाना और हरमनप्रीत लंबे समय से एक साथ खेल रही हैं. दोनों के बीच गहरी दोस्ती भी थी. लेकिन सूत्रों के हवाले से छपी मीडिया रिपोर्टों की मानें तो हरमनप्रीत और मंधाना के बीच कप्तानी को लेकर तनातनी चल रही थी. पहले दोनों एक-दूसरे के लिए सोशल मीडिया पर अक्सर पोस्ट डाला करती थीं. पिछले कुछ समय में यह सब बदला हुआ नज़र आया. दावा किया जा रहा है कि कप्तानी का मुद्दा दोनों के रिश्ते में खटास ले आया. टीम के एक सूत्र ने बताया,
काफी समय से दोनों के बीच तालमेल नहीं बैठ रहा था. इसकी वजह से ड्रेसिंग रूम का माहौल साफ तौर पर काफी असहज हो गया था.
इसके बाद 6 अक्टूबर को BCCI की रिव्यू मीटिंग हुई. इस मीटिंग में हरमनप्रीत कौर शामिल नहीं हुईं. उनकी जगह स्मृति मंधाना मीटिंग का हिस्सा बनीं. मीटिंग में हरमनप्रीत कौर के प्रदर्शन और उनकी कप्तानी पर चर्चा हुई. मीटिंग खत्म होने के बाद हरमप्रीत कौर ने कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था.
वीडियो: Lionel Messi की इंटरनेशनल फुटबॉल से विदाई, Farewell Match में क्या-क्या हुआ?













