The Lallantop

शुभमन वेस्टइंडीज के ख‍िलाफ बदलेंगे ODI में कप्तानी का रिकॉर्ड?

50 ओवर्स के वर्ल्ड कप के लिए अब एक साल बचा है. अगले साल अक्टूबर और नवंबर के दौरान 50 ओवर का वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा. भारतीय टीम वर्ल्ड कप की दावेदार मानी जा रही है.

Advertisement
post-main-image
शुभमन गिल अपनी कप्तानी में सिर्फ एक ODI सीरीज जीत पाए हैं. (Courtesy: PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच 27 सितंबर से 3 ODI मैचों की सीरीज शुरू हो रही है, जिसमें शुभमन गिल कप्तान के रूप में अपनी कप्तानी का रिकॉर्ड सुधारने का प्रयास करेंगे।
  • भारतीय टीम ने पिछले एक साल में ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ ODI सीरीज में हार का सामना किया है, जिससे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों के लिए यह सीरीज अहम बन गई है।
  • यदि भारत वेस्टइंडीज़ के खिलाफ यह सीरीज जीतता है तो उसे आगामी न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI मुकाबलों से पहले सुधार का मौका मिलेगा और टीम की विश्व कप की तैयारी मजबूत होगी।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 ODI मैचों की सीरीज 27 सितंबर से शुरू हो रही है. यह सीरीज टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल के लिए अहम है. सीरीज के दौरान वह अपनी कैप्टेंसी के रिकॉर्ड को बदलना चाहेंगे. इसके अलावा रोहित शर्मा और विराट कोहली भी बेहतरीन प्रदर्शन करके वर्ल्ड कप 2027 के लिए अपना दावा और पुख्ता करेंगे. सीरीज में श्रेयस अय्यर पर भी नजर रहेगी. वाइस कैप्टन श्रेयस को बड़ी और इम्पैक्टफुल पारियां खेलनी होंगी. ODI वर्ल्ड कप के लिहाज से यह सीरीज भारत के लिए बहुत इंपॉर्टेंट हैं. 

Advertisement
भारत के लिए अहम सीरीज क्यों है?

50 ओवर्स के वर्ल्ड कप के लिए अब एक साल बचा है. अगले साल अक्टूबर और नवंबर के दौरान 50 ओवर का वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा. भारतीय टीम वर्ल्ड कप की दावेदार मानी जा रही है. लेकिन, वर्ल्ड कप 2027 के लिहाज से अगर टीम इंडिया की ODI परफॉर्मेंस देखें, तो अच्छी नहीं है. बीते एक साल में भारतीय टीम ने 5 में से दो ODI सीरीज जीती हैं. भारत ने 2025 में साउथ अफ्रीका को अपने घर में 2-1 से हराया था. इसके बाद उसने अफगानिस्तान जैसी टीम के खिलाफ अपने होम ग्राउंड पर जीत दर्ज की. 

इस टाइम पीरियड में भारत को ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ ODI सीरीज में हार का सामना करना पड़ा. कंगारू टीम ने भारत को 3 वनडे मैचों की सीरीज में 2-1 से हराया था. इस बीच न्यूजीलैंड ने भारत को उसके ही घर में बेइज्जत किया. कीवियों ने 3 ODI मैचों की सीरीज में भारत को 2-1 से शिकस्त दी. इसके बाद इंग्लैंड टूर पर भी भारत को मुंह की खानी पड़ी. इंग्लिश टीम के खिलाफ ODI सीरीज में भारत को 2-1 से हार मिली थी.

Advertisement

वर्ल्ड कप 2027 को देखते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI सीरीज भारत के लिए अहम है. क्योंकि, इस सीरीज के जरिए टीम इंडिया वर्ल्ड कप की तैयारियों को अंजाम देगी. अगर भारत, वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज जीतता है, तो टीम पर इसका पॉजिटिव असर पड़ेगा. इस दौरान अगर टीम इंडिया को कोई कमजोरी दिखी, तो उसे सुधारने का भी मौका मिलेगा. वेस्टइंडीज के बाद, भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज खेलनी है.

शुभमन को सुधारना होगा कैप्टेंसी रिकॉर्ड

वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में शुभमन गिल को अपनी कप्तानी के रिकॉर्ड को भी सुधारने का चांस मिलेगा. क्योंकि, उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने एक ही सीरीज जीती है. शुभमन अब तक 4 वनडे सीरीज में भारत की कप्तानी कर चुके हैं. लेकिन, उन्हें सिर्फ अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में जीत मिली. इस दौरान शुभमन अपनी कैप्टेंसी में ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ ODI सीरीज हार गए. साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम इंडिया के कप्तान केएल राहुल थे. अब शुभमन के पास मौका है कि वह वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में अपने कप्तानी के रिकॉर्ड को बेहतर करें. 

कप्तानी में कैसी रही शुभमन की बैटिंग?

शुभमन गिल कप्तान के तौर पर भले इम्पैक्ट न डाल पाए हों, लेकिन इस दौरान उन्होंने शानदार बैटिंग की. कप्तानी पीरियड में वह 12 ODI मैचों की 11 इनिंग्स में 604 रन बना चुके हैं. इस बीच उन्होंने 1 सेंचुरी और 5 हाफ सेंचुरी भी लगाईं. शुभमन का हाईएस्ट स्कोर 154 रन रहा. उन्होंने यह स्कोर अफगानिस्तान के खिलाफ बनाया था. लेकिन, अब शुभमन को बड़ी टीमों के खिलाफ भी लंबी पारियां खेलनी होंगी. 

Advertisement
रोहित-विराट पर नजर

रोहित और विराट के लिए भी ODI सीरीज अहम होगी. वैसे, इन दोनों बल्लेबाजों ने पूरे साल वनडे सीरीज में बेहतर प्रदर्शन किया है. दोनों की वर्ल्ड कप टीम में जगह लगभग पक्की है. फिर भी, वेस्टइंडीज के खिलाफ रोहित और विराट एक बार अपने आपको साबित करना चाहेंगे. 

आंकड़ों पर नजर डालें, तो रोहित ने पिछली 5 ODI सीरीज में 15 मैच खेले हैं. इस दौरान हिटमैन ने 54.8 के एवरेज से 768 रन स्कोर किए. रोहित ने 2 सेंचुरी और 4 हाफ सेंचुरी लगाईं. उनका हाईएस्ट स्कोर 138 रन रहा. यह स्कोर उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स पर बनाया था.

विराट कोहली ने भी वनडे में पूरे साल बल्ले से काफी धूम मचाई. विराट ने पिछले 12 ODI में 76.09 के औसत से 837 रन स्कोर किए. इस दौरान उनके बल्ले से 3 सेंचुरी और 5 हाफ सेंचुरी निकलीं. किंग कोहली का हाईएस्ट स्कोर 135 रन रहा. यह स्कोर उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ बनाया था.

श्रेयस को भी साबित करना होगा

श्रेयस अय्यर टीम इंडिया के ODI सेटअप का हिस्सा हैं. वह वनडे में भारतीय टीम के वाइस कैप्टन भी हैं. अक्टूबर 2025 में उन्हें ODI टीम का उपकप्तान बनाया गया था. लेकिन, बीते एक साल में श्रेयस बैटिंग में ज्यादा प्रभाव नहीं डाल पाए. स्टैट्स पर नजर डालें, तो श्रेयस ने पिछले 11 वनडे में 29.10 के औसत से 291 रन बनाए. इस दौरान वह सिर्फ 2 हाफ सेंचुरी लगा पाए. उनका बेस्ट स्कोर 66 रन रहा. वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रेयस को अपने आपको साबित करने का मौका है. 

ये भी पढ़ें: सचिन तेंदुलकर वाले एलीट क्लब में शामिल हुए मार्को येन्सन

वर्ल्ड कप में रोहित-विराट क्यों जरूरी हैं?

भारतीय टीम मैनेजमेंट ने पिछले कुछ समय से भले यंग प्लेयर्स पर फोकस किया है. लेकिन, वर्ल्ड कप 2027 के लिहाज से रोहित शर्मा और विराट कोहली टीम इंडिया के लिए बहुत जरूरी हैं. अगले साल 50 ओवर का वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जाएगा. रोहित और विराट ऐसे प्लेयर हैं, जिनके पास अफ्रीका में खेलने का काफी एक्सपीरियंस हैं. उनका यह अनुभव टीम इंडिया के काम आएगा. 

आंकड़ों पर गौर करें, तो विराट कोहली की परफॉर्मेंस अफ्रीकी धरती पर शानदार रही है. वह करंट टाइम में टीम इंडिया के पहले बैटर हैं जिन्होंने ODI में अफ्रीका में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं. विराट ने अफ्रीका में 29 वनडे में 1358 रन स्कोर किए हैं. अफ्रीका की सरजमीं पर उनका ODI एवरेज 71.47 है. रोहित शर्मा का रिकॉर्ड ठीकठाक है. उन्होंने अफ्रीका की धरती पर 22 वनडे मुकाबले खेले हैं. इस दौरान हिटमैन ने 32.36 के एवरेज से 615 रन बनाए हैं. 

रोहित और विराट के अलावा श्रेयस अय्यर ने अफ्रीका में 7 ODI खेले हैं. इन 7 वनडे में श्रेयस ने 25.66 के औसत से 154 रन बनाए हैं. वहीं, शुभमन गिल की बात करें, तो उन्होंने अफ्रीका की धरती पर 3 ODI में 245 रन स्कोर किए हैं. अफ्रीका में शुभमन का औसत 122.5 है. कुल मिलाकर आंकड़ों के आधार पर मानें, तो टीम इंडिया में रोहित और विराट के पास अफ्रीका में खेलने का एक्सपीरियंस सबसे ज्यादा है. इसलिए वर्ल्ड कप 2027 में टीम इंडिया को इन दोनों प्लेयर्स की जरूरत है. 

वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: श्रीसंत ने सचिन-सौरव के मजेदार किस्से सुनाए, भज्जी-गंभीर विवाद पर खुलकर बोले

Advertisement