केपटाउन के न्यूलैंड्स में निर्णायक टेस्ट मैच शुरू हो चुका है. मुकाबले के पहले दिन मेजबान साउथ अफ्रीकी टीम क्रूज कर रही थी. लेकिन, एक बड़ा स्कोर बोर्ड पर टांगने की उनके मंसूबों पर मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) ने पानी फेर दिया. दरअसल, लंच तक ऑस्ट्रेलियन टीम पिछड़ रही थी. मेजबान साउथ अफ्रीका ने बिना नुकसान 158 रन बना लिए थे. लेकिन, स्टार्क ने इसके बाद कंगारुओं का जबरदस्त कमबैक कराया. साउथ अफ्रीकी टीम को महज 329 रन पर ढेर कर दिया. स्टार्क ने 6 विकेट झटके. पिछले मुकाबले में ड्रॉप किए गए लायन ने भी दो अहम विकेट चटकाए.
मिचेल स्टार्क ने न्यूलैंड्स में कैसे बरपाया कहर? 158 बिना विकेट से 329 पर पूरी टीम समेट दी
SA vs Aus 3rd Test : न्यूलैंड्स में खेले जा रहे निर्णायक तीसरे टेस्ट के पहले दिन Mitchell Starc ने 6 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की शानदार वापसी कराई. बिना नुकसान के 158 रन बनाने वाली दक्षिण अफ्रीका की टीम 329 रनों पर सिमट गई. Marques Ackerman ने 95 और Aiden Markram ने 78 रन बनाए.

साउथ अफ्रीका का मिडिल ऑर्डर मुकाबले में कुछ खास योगदान नहीं दे सका. उन्हें मार्केस एकरमैन (Marques Ackerman) ने बढ़िया शुरुआत दिलाई. महज 94 गेंदों में उन्होंने करियर बेस्ट 95 रन कूट डाले. एडेन मार्करम (Aiden Markram) ने भी उनका पूरा साथ दिया. उन्होंने भी 78 रनों की पारी खेली. इन दोनों की ओपनिंग पार्टनरशिप ने ऑस्ट्रेलियन पेसर्स के नए गेंद से स्ट्रगल को साफ कर दिया. साथ ही कप्तान पैट कमिंस के पहले बॉलिंग करने के फैसले ने भी हैरान किया. धूप में बैटिंग करते हुए साउथ अफ्रीकी टीम ने लंच तक बिना विकेट गंवाए 140 रन बना लिए थे.
लंच से पहले रहा साउथ अफ्रीकी बैटर्स का बोलबोलालंच से पहले स्टार्क की भी जमकर कुटाई हुई. एकरमैन उन्हें आड़े हाथों ले रहे थे. लंच से ठीक पहले एकरमैन ने उनके खिलाफ लगातार 4 चौके जड़ दिए. मार्करम भी काफी सहज नजर आ रहे थे. इसी बीच, ट्रैविस हेड ने मार्करम का कैच टपका दिया. तब एडेन महज 39 रन पर थे. इस कैच ड्रॉप ने ऑस्ट्रेलिया की निराशा बढ़ा दी. लंच के बाद ऑस्ट्रेलिया को पहली सफलता मिली. एकरमैन ने नाथन लायन की गेंद पर आगे बढ़कर शॉट खेलना चाहा. लेकिन एलेक्स कैरी ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया. वो अपने पहले टेस्ट शतक से महज 5 रन दूर रह गए.
इसके बाद, मार्करम भी 78 रन बनाकर आउट हो गए. जोश हेजलवुड की गेंद पर उन्होंने पुल शॉट खेलने की कोशिश की. लेकिन बॉल उनके बैट का टॉप एज लेकर लॉन्ग लेग पर खड़े स्टार्क के हाथों में चली गई. यहां से साउथ अफ्रीका की पारी लड़खड़ा गई. लायन ने कप्तान तेम्बा बावुमा को शून्य पर क्लीन बोल्ड कर दिया. वहीं, कूपर कोनोली ने मैथ्यू ब्रेट्जके को LBW आउट कर दिया. ये कोनोली के टेस्ट करियर का पहला विकेट था.
स्टार्क का शॉर्ट बॉल प्लान आया कामवहीं, टी-ब्रेक के बाद स्टार्क का शॉर्ट-बॉल प्लान काम आया. उन्होंने सबसे पहले डेविड बेडिंगहम का शिकार किया. बेडिंगहम 50 रन बना चुके थे. उन्होंने पुल शॉट खेलने की कोशिश की. लेकिन बॉल उनके बैट का टॉप एज लेकर फाइन लेग बाउंड्री के पास खड़े हेजलवुड के पास चली गई. इसके ठीक तीन गेंद बाद, वियान मुल्डर ने भी शॉर्ट गेंद पर शॉट खेलना चाहा. लेकिन गेंद उनके ग्लव्स से लगी और कैरी के हाथों में समा गई.
इन दो बड़े झटकों के बाद साउथ अफ्रीका का स्कोर 5 विकेट पर 187 रन हो गया. ओपनिंग पार्टनरशिप के बाद उन्होंने सिर्फ 29 रनों के भीतर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे. मेजबान टीम को अपनी पारी फिर से संवारने के लिए एक अच्छी साझेदारी की जरूरत थी. ये साझेदारी मार्को येन्सेन और रेयान रिकेल्टन ने दी. इस जोड़ी ने 7वें विकेट के लिए 95 रन जोड़े. इससे साउथ अफ्रीका का स्कोर 300 के पार पहुंच गया. गेबेरहा में 85 रन बनाने के बाद, येन्सेन ने लगातार अपना दूसरा टेस्ट अर्धशतक लगाया. वहीं रिकेल्टन 42 रन बनाकर पारी को आगे बढ़ाते रहे.
ये भी पढ़ें : T20I में बॉलर्स का रोल खत्म हो रहा है? भुवी ने बड़ा दावा कर दिया
हालांकि, दूसरी नई गेंद गेम चेंजर साबित हुई. स्टार्क ने एक ही ओवर में दोनों बैटर्स को फुल लेंथ गेंदों पर आउट कर दिया. गेराल्ड कोएत्जे और कगिसो रबाडा को भी उन्होंने क्लीन बोल्ड कर दिया. इस तरह खेल खत्म होने से पहले ही साउथ अफ्रीका की पारी सिमट गई. स्टार्क ने 16.3 ओवर के अपने स्पैल में 72 रन देकर 6 विकेट लिए. वहीं, लायन को दो सफलताएं मिलीं.
स्टार्क ने क्या कहा?खेल के बाद स्टार्क ने कहा,
हमें शायद पिच से कुछ और उम्मीद थी. हमारी शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही. साउथ अफ्रीका ने इसका फायदा उठाया. पिच काफी धीमी थी. इस पर टेनिस बॉल की तरह उछाल आ रहा था. लंच के समय हमें अपनी रणनीति पर फिर से विचार करना पड़ा. समस्याओं को सुलझाना पड़ा और प्रभावी होने का तरीका खोजना पड़ा. आखिरी दो सेशन हमारे लिए अच्छे रहे.
स्टार्क ने माना कि ऑस्ट्रेलिया को डर था कि उन्हें मैदान पर और भी ज्यादा समय बिताना पड़ सकता है. उन्होंने आगे कहा,
एक समय हमें लगा था कि कल हमें काफी गेंदबाजी करनी पड़ेगी, इसलिए आज ही उन्हें आउट कर देना अच्छी बात है.
सीरीज अभी 1-1 से बराबर है. डरबन में पहला टेस्ट ऑस्ट्रेलिया ने 214 रनों से जीता था. इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने गेबेरहा में पारी और 31 रनों से जीत दर्ज की थी. केप टाउन में जो टीम जीतेगी, वो सीरीज अपने नाम करेगी. साथ ही टेस्ट रैंकिंग में भी नंबर एक स्थान हासिल कर लेगी. वर्तमान में कंगारू टॉप पर हैं.
वीडियो: ईशान किशन, रेड्डी और Travis Head, सभी को स्टार्क ने अकेले संभाल रखा है













