शाहिद अफरीदी और विराट कोहली. फोटो: AP/Afridi Twitter
T20 विश्वकप लगभग खत्म हो चला है. अब भारतीय क्रिकेट टीम अपने अगले कैम्पेन पर ध्यान लगा रही है. भारतीय टीम न्यूज़ीलैंड के साथ सीरीज़ खेलने के लिए तैयार है. 17 नवंबर से तीन मैचों की T20 सीरीज़ और उसके बाद दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ खेली जाएगी. इस सीरीज़ में भारतीय टीम नए कोच और नए कप्तान के साथ नज़र आएगी. कोच रवि शास्त्री का कार्यकाल हाल में UAE में खेले जा रहे T20 विश्वकप के साथ खत्म हो गया है. वहीं विराट कोहली ने भी T20 टीम की कप्तानी छोड़ दी है. अब विराट कोहली सिर्फ वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान हैं. लेकिन विराट कोहली को पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से एक सलाह मिली है. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा है कि विराट कोहली को अपनी बल्लेबाज़ी पर पूरा ध्यान लगाने के लिए बाकी फॉर्मेट की कप्तानी भी छोड़ देनी चाहिए. शाहिद अफ़रीदी ने समा टीवी चैनल पर दिए इंटरव्यू में विराट कोहली पर कहा,
''मुझे लगता है कि वो भारतीय क्रिकेट के लिए एक अहम ताकत हैं. लेकिन मुझे ये भी लगता है कि ये अच्छा होगा अगर वो क्रिकेट के सभी प्रारूपों की कप्तानी छोड़ दें तो.''
शाहिद अफरीदी ने आगे कहा,
''मेरा ऐसा मानना इसलिए है कि विराट को अब कप्तानी छोड़कर अपने बाकी बचे हुए क्रिकेट का मज़ा लेना चाहिए. वो एक टॉप क्लास बल्लेबाज़ हैं और उन्हें बिना किसी दबाव के खेलना चाहिए और अपने क्रिकेट का आनंद उठाना चाहिए.''
भारतीय T20 टीम के नए कप्तान रोहित शर्मा पर भी शाहिद अफरीदी ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा,
''मैं रोहित के साथ एक साल खेला हूं, और मैं ये जानता हूं कि वो बेहतरीन समझ के साथ एक कमाल के खिलाड़ी हैं. उनकी सबसे बड़ी ताकत ये है कि जब ज़रूरत हो वो अग्रेसिव हो सकते हैं और वो शांत रहकर भी अपना काम कर सकते हैं.''
उन्होंने रोहित की कप्तानी पर ये भी कहा कि
''वो बेहतरीन शॉट सेलेक्शन के साथ एक शीर्ष स्तर के खिलाड़ी हैं. उनके पास खिलाड़ियों का अच्छा लीडर होने वाली सोच भी है.''
रोहित शर्मा 17 नवंबर से शुरू होने वाली T20 सीरीज़ में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे. विराट कोहली और रवि शास्त्री की कप्तान कोच वाली जोड़ी के जाने के बाद रोहित और द्रविड़ की जोड़ी पर सभी की निगाहें हैं.