पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 में एक बड़े सिक्योरिटी ब्रीच का मामला सामने आया है. लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी और सिकंदर रजा पर चार मेहमानों को होटल के कमरे में जबरन ले जाने का आरोप लगा है. ये घटना 28 मार्च की रात को लाहौर के पीसी होटल में हुई, जहां सभी PSL टीमें ठहरी हुई हैं.
PSL में नया विवाद, शाहीन-सिकंदर रजा पर होटल की सिक्योरिटी तोड़ने का आरोप
शाहीन अफरीदी और सिकंदर रजा चार मेहमानों को होटल के कमरे में जबरन ले जाना चाहते थे. सिक्योरिटी की वजह से उनकी ये मांग ठुकरा दी गई.


28 मार्च की रात लाहौर कलंदर्स के लायजन ऑफिसर ने PCB के सिक्योरिटी और एंटी-करप्शन मैनेजर अख्तर हुसैन से परमिशन मांगी. ESPN की रिपोर्ट के मुताबिक सिकंदर रजा के चार रिश्तेदार उनके कमरे में मिलना चाहते थे. सिक्योरिटी की वजह से उनकी ये मांग ठुकरा दी गई.
इसके बाद टीम के मालिक समीन राना ने PSL के CEO सलमान नसीर से परमिशन ली, लेकिन उन्हें भी मना कर दिया गया. इसके बावजूद शाहीन अफरीदी और सिकंदर रजा ने सिक्योरिटी प्रोटोकॉल की परवाह नहीं की. वो वहां लगे गार्ड्स के विरोध के बावजूद चार मेहमानों को जबरन एस्कॉर्ट करके होटल के कमरे में ले गए. रिपोर्ट के अनुसार चारों करीब तीन घंटे तक वहां रहे.
पंजाब पुलिस ने इस घटना को सिक्योरिटी प्रोटोकॉल का गंभीर उल्लंघन बताया है. डिप्टी पुलिस इंस्पेक्टर की ओर से PSL सीईओ सलमान नसीर को एक लेटर लिखा. जिसमें शाहीन अफरीदी और सिकंदर रजा पर सीधा आरोप लगाया गया है कि उन्होंने निर्देशों की अनदेखी की और गार्ड्स के मना करने के बावजूद मेहमानों को अंदर ले गए.
पुलिस ने PSL से इस मामले की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए जरूरी कार्रवाई करने की मांग की है. ये लेटर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद ये खबर पब्लिक प्लेटफॉर्म पर आई.
PSL 2026 इस बार लाहौर और कराची में बिना क्राउड के खेला खेला जा रहा है. वेस्ट एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण एनर्जी बचाने के लिए ये फैसला लिया गया है. खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुरक्षा को बहुत गंभीरता से लिया गया है. होटलों के बाहर सिक्योरिटी टाइट है, और चेकपॉइंट लगाए गए हैं. खिलाड़ियों का बाहर की दुनिया से संपर्क सीमित रखा गया है. ऐसे में ये घटना बड़े स्तर पर सुरक्षा चूक मानी जा रही है.
लाहौर कलंदर्स के मीडिया हेड ने इस मामले को लेकर कहा,
"हम दो प्लेयर्स से जुड़ी इस घटना के बारे में जानते हैं और PSL के साथ इस मामले पर बातचीत कर रहे हैं."
PSL की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. अभी तक किसी खिलाड़ी पर किसी भी तरह की कार्रवाई की बात सामने नहीं आई है.
वीडियो: अरे, ये क्या हुआ? PSL के पहले ही मैच सफेद से गुलाबी हुई बॉल?




















