The Lallantop

धुरंधर से कमाई मांग रहा ल्यारी, 3000 करोड़ तक की डिमांड!

ल्यारी के लोग ये तर्क दे रहे हैं कि फिल्म में उनके शहर का नाम और उसकी कहानी इस्तेमाल की गई है. लिहाजा यहां रहने वाले लोगों को आर्थिक रूप से इसका फायदा मिलना चाहिए.

Advertisement
post-main-image
ल्यारी वाले धुरंधर की कमाई से हिस्सा मांग रहे हैं (PHOTO-India Today)

बॉलीवुड फिल्म ‘धुरंधर-2’ इस समय खूब चर्चा में है. मूवी में पाकिस्तानी शहर कराची के ल्यारी की कहानी दिखाई गई है. अब ल्यारी के रहने वाले लोग फिल्म की कमाई से हिस्सा मांग रहे हैं. कुछ ने तो कहा है कि उन्हें फिल्म का 80 फीसदी हिस्सा मिलना चाहिए. इस पैसे से वो अपने इलाके में विकास कराएंगे. बता दें कि रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने अब तक दुनिया भर में 1 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

फिल्म की चर्चा पाकिस्तान में भी खूब हो रही है. खासकर ल्यारी के इलाके में, जो इस फिल्म की कहानी के केंद्र में है. सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो घूम रहे हैं, जिसमें वहां के लोग ये तर्क दे रहे हैं कि फिल्म में ल्यारी का नाम और उसकी कहानी इस्तेमाल की गई है. लिहाजा यहां रहने वाले लोगों को आर्थिक रूप से इसका फायदा मिलना चाहिए. एक निवासी ने कहा कि भारत को ल्यारी के बुनियादी ढांचे खासतौर पर सड़कों बेहतर बनाने के लिए पैसे देने चाहिए. कुछ और लोगों ने सुझाव दिया कि फिल्म की कमाई के सैकड़ों करोड़ रुपये इस इलाके में जनकल्याण के कामों पर खर्च किए जाने चाहिए.

Advertisement

कुछ लोकल लोगों का तो ये कहना है कि फिल्म की कमाई का 70–80 प्रतिशत हिस्सा देना एक उचित हिस्सा होगा. उनका दावा है कि कहानी की असलियत और बाकी सारी कहानियां, ल्यारी के असल किस्सों से ही लिए गए थे. 

पाकिस्तान के यूट्यूब चैनल कंपेरिजन टीवी ने ल्यारी के लोगों से बात की. इस दौरान वहां के लोगों ने कहा कि ल्यारी का नाम इस्तेमाल करके पैसे कमाए गए हैं. इसलिए शहर को इसका हिस्सा मिलना चाहिए. एक ने कहा कि ल्यारी के गरीब बच्चों के लिए इन पैसों से स्कूल बनाया जाए. दूसरे ने कहा कि धुरंधर की कमाई का एक हिस्सा ल्यारी को मिले जिससे यहां ‘सड़क-मड़क’ सही कराया जाए. एक ल्यारी निवासी ने तो फिगर भी बता दिया कि कितना मिलना चाहिए. उसने कहा कि ल्यारी को कम से कम दो-तीन करोड़ मिलना चाहिए ताकि सड़कें सही की जा सकें. बाकी का काम पाकिस्तान की सरकार करे.

इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. रिपोर्टर ल्यारी के लोगों को बताता है कि धुरंधर फिल्म ने अब तक एक हजार करोड़ रुपये यानी 3500 करोड़ पाकिस्तानी रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है. इस पर वहीं का रहने वाला एक शख्स कहता है कि इसमें से ज्यादा नहीं 3000 करोड़ पाकिस्तानी रुपये तो ल्यारी को मिलना चाहिए. 3000 नहीं तो हजार भी मिल जाए. ताकि कम से कम ल्यारी की गलियां, रोड लाइटें सुधर जाएं और ल्यारी थोड़ा तरक्की करे.

Advertisement

एक शख्स का सुझाव था कि ल्यारी की पब्लिक हिस्सेदारी की हकदार है. यहां की पब्लिक को नहीं तो रहमान बलोच के बंदों को, उज़ैर बलोच को या उनके बेटों को पैसे मिलने चाहिए क्योंकि इन्हीं लोगों के नाम के ऊपर फिल्म बनी और इतनी कमाई हुई.

एक शख्स ने कहा कि अगर फिल्म ने 1000 करोड़ कमाए हैं तो ल्यारी वालों को 500 करोड़ मिलने चाहिए. उनसे क्रॉस क्वेश्चन किया गया कि अगर 500 करोड़ ल्यारी को दे देंगे तो फिल्म बनाने वाले आदित्य घर क्या रखेंगे? इस पर जवाब मिलता है कि वो आधी कमाई रखें. आधी ल्यारी को दें, जिससे यहां रोड बने. ये जो कीचड़ में बच्चे जाते हैं, उनके पांव में दाने निकलते हैं. उसे ठीक कराया जाए.

धुरंधर में क्या दिखाया गया है?

बता दें कि धुरंधर मूवी के दोनों पार्ट में पाकिस्तान केे कराची स्थित ल्यारी की कहानी दिखाई गई है. इस फिल्म में रहमान बलोच, उजैर बलोच, जमील जमाली और चौधरी असलम जैसे कुछ किरदार हैं. कहा जाता है कि ये सारे किरदार असली लोगों पर बेस्ड हैं. साथ ही इसमें भारत-पाकिस्तान के बीच की दुश्मनी, 26/11 हमला जैसी चीजों को भी दिखाया गया है. कई सारी कहानियों को एक साथ डिटेलिंग के साथ जोड़ने की वजह से ये मूवी लोगों को खूब पसंद आ रही है. अब ल्यारी के लोगों का कहना है कि फिल्म जब इतनी ही सुर्खियां बटोर रही है, तो उसका हिस्सा ल्यारी वालों को भी मिलना चाहिए.

हालांकि अब तक, न तो आदित्य धर और न ही बाकी मेकर्स ने इन मांगों पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया है. लेकिन जैसे-जैसे फिल्म की कमाई बढ़ रही है, ल्यारी के निवासियों की ये मांगें ऑनलाइन लोगों का ध्यान खींच रही हैं.

वीडियो: 'धुरंधर 2' 5 दिन में 850 करोड़ पार, 'पुष्पा 2' को भी बुरी तरह धोया

Advertisement