भारतीय रेसलर संगीता फोगाट (Sangeeta Phogat) ने हंगरी रैंकिंग सीरीज टूर्नामेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता है. उन्होंने 59 किलोग्राम वर्ग में ये मेडल अपने नाम किया है. संगीता को पहले हार मिली थी, लेकिन दूसरे मुकाबले में वापसी करते हुए वो जीत गईं. संगीता को सेमीफाइनल में हार मिली थी. इसके बाद ब्रॉन्ज मेडल के लिए हुए मुकाबले में संगीता ने हंगरी की पहलवान विक्टोरिया बोरसोस 6-2 से हरा दिया.
बृजभूषण के खिलाफ प्रदर्शन करने वाली संगीता फोगाट ने जीता मेडल, ट्वीट कर बड़ी बात कह दी
फोगाट ने हंगरी रैंकिंग सीरीज टूर्नामेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता है.
.webp?width=360)
संगीता उन पहलवानों में शामिल थीं जो रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. ये सभी पहलवान बृजभूषण के खिलाफ कार्रवाई और उन्हें पद से हटाने की मांग कर रहे थे. संगीता पिछले साल ही 62 किलोग्राम वर्ग में नेशनल चैंपियनशिप जीती थीं.
जीत के बाद संगीता ने अपने मेडल को उन महिलाओं को समर्पित किया है जो अपराध के खिलाफ लड़ रही हैं. संगीता ने ट्विटर पर लिखा,
"आप सभी के बधाई के संदेश मुझ तक पहुंच रहे हैं इस पल पर बहुत भावुक हूं. आप सभी का बहुत बहुत शुक्रिया. यह मेडल सिर्फ़ मेरा नहीं है. सब आप सभी का मेडल है. मैं इस मेडल को दुनिया की उन सभी संघर्षशील महिलाओं को समर्पित करती हूं जो महिलाओं के विरुद्ध हुए अपराधों के खिलाफ संघर्षरत हैं. जय हिंद."
बृजभूषण सिंह के खिलाफ धरना देने वाले पहलवानों का आरोप था कि नेशनल कैंप्स में नियुक्त कुछ कोच सालों से महिला खिलाड़ियों का यौन उत्पीड़न कर रहे हैं. उनमें WFI अध्यक्ष बृजभूषण सिंह भी शामिल हैं.
प्रदर्शन में विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के अलावा रियो ओलंपिक की ब्रॉन्ज़ मेडल विजेता साक्षी मलिक, सरिता मोर, संगीता फोगाट समेत कई पहलवान शामिल हैं. जनवरी में सरकार के आश्वासन और कमिटी बनाने के बाद उन्होंने प्रदर्शन वापस ले लिया था. हालांकि अप्रैल में फिर ये पहलवान धरने पर बैठ गए थे. बीती 30 मई को पहलवानों ने अपने मेडल गंगा में बहाने हरिद्वार चले गए थे. उनमें संगीता फोगाट भी शामिल थीं. लेकिन किसान नेताओं के मनाने के बाद उन्होंने मेडल नहीं बहाया था.
वीडियो: बृजभूषण सिंह के समर्थन में पहलवानों पर बोलते हुए भूले मर्यादा, कुछ ऐसा कहा जो हजम नहीं होगा.












