The Lallantop

खतरे में है ऋषभ पंत का T20I करियर? डेनियल विटोरी ने टीम में भूमिका पर बड़ी बात बोल दी

न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलते हुए क्यों कंफ्यूज नजर आए पंत, विटोरी ने बता दिया.

Advertisement
post-main-image
ऋषभ पंत और डेनियल विटोरी ( फोटो क्रेडिट : PTI)
न्यूज़ीलैंड के पूर्व कप्तान डेनियल विटोरी ने भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) को लेकर बड़ी बात कह दी है. डेनियल विटोरी का कहना है कि ऋषभ पंत को बैटिंग लाइनअप में अपनी भूमिका के बारे में पता नहीं है. उनके मुताबिक यही वजह है कि न्यूज़ीलैंड के खिलाफ T20I सीरीज में ऋषभ पंत अपनी बल्लेबाजी को लेकर कन्फ्यूज़ दिखे. डेनियल विटोरी का ये भी कहना है कि अगर समय रहते ऋषभ पंत को उनकी भूमिका नहीं समझाई गई तो फिर उनकी जगह लेने के लिए केएल राहुल और ईशान किशन तैयार बैठे हैं. न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ने ESPNCricinfo से बातचीत के दौरान ऋषभ पंत की बल्लेबाजी पर अपनी राय रखी. डेनियल विटोरी ने कहा,
'T20I क्रिकेट में ऋषभ पंत को अब तक अपना टेम्पो नहीं मिल पाया है. वो अपने रोल को अच्छी तरह से समझ ही नहीं पाए हैं और खासकर इस सीरीज में काफी कंफ्यूज दिखे. कभी-कभी तो ऋषभ पंत काफी सावधानी से खेलते हैं और फिर अचानक से गैरज़िम्मेदाराना शॉट खेल देते हैं. ऐसा लगता ही नहीं है कि वो फ्लो में हैं. जब T20I का एक बड़ा बल्लेबाज बैटिंग कर रहा होता है तो उसके खेलने का फ्लो ही अलग होता है. ऋषभ पंत अभी तक बिल्कुल भी लय में नहीं दिखे हैं.'
ऋषभ पंत तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए विकेटकीपिंग करते हैं. लेकिन टीम में केएल राहुल और ईशान किशन बैकअप विकेटकीपर के तौर पर उपलब्ध हैं. ऐसे में अगर ऋषभ पंत आगे भी ठीक से बल्लेबाजी नहीं करते हैं, तो फिर ईशान किशन से भी विकेटकीपिंग कराई जा सकती है. डेनियल विटोरी का कहना है,
'अगर टीम मैनेजमेंट ऋषभ पंत के साथ उनके रोल को लेकर बात नहीं करता है तो मुझे काफी हैरानी होगी. लेकिन बात फिर ऋषभ पंत पर आ जाती है कि उन्हें अपनी बल्लेबाजी में सही रिदम ढूंढना होगा. हक़ीकत ये भी है कि अगर ऋषभ पंत ऐसा नहीं कर पाते हैं तो मैनेजमेंट के पास ईशान किशन और केएल राहुल के तौर पर विकल्प मौजूद हैं.'
गौरतलब है कि न्यूज़ीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज में ऋषभ पंत बल्लेबाजी के दौरान संघर्ष करते दिखे. उन्हें नंबर चार और पांच पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया था. वे दो बार नाबाद भी रहे. इसके बावजूद तीनों मैचों में केवल 33 रन जोड़ सके. हालांकि, दूसरे मैच में ऋषभ पंत ने दो गेंदों में लगातार दो छक्के लगाकर शानदार फिनिश किया था. हालांकि इससे उनके औसत प्रदर्शन को लेकर जानकारों की राय बदलने नहीं वाली. वैसे T20 इंटरनेशनल में ऋषभ पंत का ओवरऑल प्रदर्शन कुछ ख़ास नहीं रहा है. 35 पारियों में केवल दो अर्धशतक की मदद से वो 623 रन ही बनाए हैं. 23 का एवरेज और 123 का स्ट्राइक रेट है. साल 2021 की बात करें तो ऋषभ ने 10 T20I पारियों में सिर्फ 213 रन ही बनाए हैं. इनमें उनका स्ट्राइक रेट 125 का रहा है.

Advertisement
Advertisement