रवि बिश्नोई. टीम इंडिया के युवा लेग स्पिनर. बिश्नोई को आखिरकार टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका मिला. और इस मौके को देख फ़ैन्स ने खूब रिएक्ट किया. कुलदीप यादव चोट के चलते वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ़ दूसरे T20I मैच में नहीं खेले. और इसी के चलते गयाना में हुए इस मैच में बिश्नोई को मौका मिला. कुलदीप मैच से पहले बैटिंग प्रैक्टिस के दौरान चोटिल हो गए थे.
टीम इंडिया की मजबूरी ने रवि बिश्नोई फ़ैन्स की मौज कर दी!
बिश्नोई ने बल्ले से कमाल भी किया.


और इसके चलते बिश्नोई को ग्यारह महीने बाद टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका मिला. उन्होंने आखिरी बार भारत के लिए T20I मैच, सितंबर 2022 में खेला था. यह दुबई में हुआ एशिया कप का मैच था. जहां भारत के सामने पाकिस्तान की टीम थी. 22 साल के बिश्नोई ने अभी तक भारत के लिए 10 गेम्स में 16 विकेट लिए हैं.
हार्दिक ने इस बारे में टॉस पर कहा,
'हमें मजबूरी में एक बदलाव करना पड़ा. कल नेट्स में कुलदीप के हाथ में चोट लग गई थी. यह सीरियस नहीं है, लेकिन उन्हें बाहर बैठना होगा. उनकी जगह रवि बिश्नोई खेलेंगे.'
और इसके साथ ही फ़ैन्स ने ट्वीट करना शुरू कर दिया. एक फ़ैन ने लिखा,
‘आखिरकार इंतजार खत्म हुआ. रवि बिश्नोई आज खेल रहे हैं.’
एक दूसरी फ़ैन ने लिखा,
‘आज कुल-चा नहीं दिखेंगे. प्रैक्टिस में चोटिल हुए कुलदीप यादव की जगह रवि बिश्नोई. बिश्नोई अपनी पेस और गुगलीज के साथ वेस्ट इंडीज़ के लिए अलग चुनौती पेश करेंगे.’
टीम इंडिया ने टॉस जीतकर मैच में पहले बैटिंग की. बिश्नोई ने चार गेंद की अपनी पारी में एक बेहतरीन छक्का जड़ा. इसे देख एक फ़ैन ने लिखा,
‘वाह रवि बिश्नोई. यह एक क्लीन स्ट्राइक थी. ये अभी तक कहां थे.’
एक और फ़ैन ने लिखा,
‘रवि बिश्नोई हर मैच में खेलना डिज़र्व करते हैं. वह एक बेहतर बोलर, बैटर और फील्डर हैं. लेकिन फिर भी जाने कैसे टीम मैनेजमेंट उनसे पहले चहल/कुलदीप को खिलाता है.’
इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया. शुभमन गिल का संघर्ष जारी रहा. वह एक बार फिर से सस्ते में आउट हुए. उन्होंने नौ गेंदों पर सात रन बनाए. जबकि सूर्यकुमार यादव तीन गेंद पर एक रन बनाकर रनआउट हुए. नंबर चार पर उतरे तिलक वर्मा ने एक बार फिर से बेहतरीन बैटिंग की. वह इस मैच में भी टीम इंडिया के हाईएस्ट स्कोरर रहे. तिलक ने 41 गेंदों पर 51 रन बनाए.
जबकि ईशान किशन ने 23 गेंदों पर 27 रन की पारी खेली. संजू सैमसन सात गेंद पर सात रन बनाकर आउट हुए. कप्तान हार्दिक पंड्या ने 18 गेंदों पर 24 रन बनाए. जबकि अक्षर पटेल ने 14, बिश्नोई ने आठ जबकि अर्शदीप सिंह ने छह रन का योगदान दिया. भारत ने बीस ओवर्स में सात विकेट खोकर 152 रन बनाए. वेस्ट इंडीज़ के लिए अकील हुसैन, अल्ज़ारी जोसेफ और रोमारियो शेफ़र्ड ने दो-दो विकेट लिए.
भारत पांच मैच की सीरीज़ का पहला मैच चार रन से हार चुका है. टीम इंडिया दूसरे मैच के जरिए वापसी की कोशिशों में जुटी है. और उन्होंने इसकी बेहतरीन शुरुआत की है. भारत ने पहले ओवर में ही वेस्ट इंडीज़ के दो विकेट ले लिए. दोनों ही विकेट कप्तान हार्दिक पंड्या के खाते में गए.
वीडियो: हार्दिक की टीम में होगा बदलाव, इस प्लेयर को मिलेगा मौका?
















