The Lallantop

'हम भारत के नौकर'-रमीज़ राजा ने PCB को याद दिलाया अपना कार्यकाल!

PCB से नाखुश हैं रमीज़.

Advertisement
post-main-image
रमीज़ राजा ने फिर दिखाए तेवर (Twitter)

पाकिस्तान क्रिकेट में इन दिनों कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है. क्रिकेट टीम अपने ही घर में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया से हार गई. और इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रेसिडेंट रमीज़ राजा (Ramiz Raja) को उनके पद से हटा दिया गया. उनकी जगह ये जिम्मेदारी नजम सेठी को सौंप दी गई. और इस घटना के बाद से राजा अपने यूट्यूब चैनल पर वापस लौट आए हैं. और इस वापसी के बाद से ही वह काफी गुस्से में हैं.

साल 2023 में होने वाले एशिया कप की मेजबानी पाकिस्तान के पास है. वहीं विश्व कप भारत में होने वाला है. BCCI सचिव जय शाह ने कुछ समय पहले ही कहा था कि टीम इंडिया एशिया कप के लिए पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगी. जिसके बाद PCB के तत्कालीन चीफ रमीज़ राजा ने विश्व कप के बॉयकॉट की धमकी दी थी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

लेकिन कुछ समय बाद ही उनकी कुर्सी चली गए. जिसके बाद आए नजम सेठी ने कहा कि विश्व कप के लिए भारत जाने, या ना जाने का फैसला बोर्ड नहीं बल्कि देश की सरकार करेगी. और उनका ये बयान सुन रमीज़ तिलमिला गए हैं. उन्होंने PCB से भारत के आगे नहीं झुकने की बात कही है.

# Raja ने PCB से किया आग्रह

रमीज़ राजा ने नजम सेठी के बयान के बाद सवाल उठाया कि क्या हम सब नौकर ही रहेंगे, और हम उनकी (भारत की) हर चीज मानते जाएंगे? उन्होंने दुनिया न्यूज से बात करते हुए कहा,

Advertisement

‘लीडरशिप क्या है? एशियन क्रिकेट काउंसिल ने पाकिस्तान से एक टूर्नामेंट की मेजबानी करने के लिए कहा. लेकिन भारत कहता है कि उसकी टीम पाकिस्तान नहीं जाएगी और टूर्नामेंट को न्यूट्रल वेन्यू पर शिफ्ट कर देंगे तो ऐसे में प्रतिक्रिया क्या होनी चाहिए? क्या हम सब नौकर रहेंगे इंडिया के, क्योंकि वो अपने हिसाब से क्रिकेट में एक वर्ल्ड पावर है. क्या हम हर चीज उनकी मानते जाएंगे?’

इसके अलावा पूर्व PCB चीफ ने कहा कि इंग्लैंड ने पाकिस्तान आने से इनकार कर दिया था. लेकिन बाद में वहां के कर्मचारियों ने ऑफिस आकर उनसे माफी मांगी. उन्होंने कहा,

’बतौर चेयरमैन मेरे कार्यकाल में एक पॉजिटिव बात यह थी कि मैंने लीडरशिप दिखाई. न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान में खेलने से इनकार कर दिया था, तो हमने उन्हें बताया कि आपने जो किया वो गलत था. ऐसे ही इंग्लैंड ने भी आने से इनकार कर दिया तो हमने उनसे बात की. जिसके बाद उन्होंने पांच की जगह सात T20I मैच खेले. वहीं इंग्लिश बोर्ड के कर्मचारी लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम आए, मेरे ऑफिस भी आए और माफी मांगी. ऑस्ट्रेलिया ने भी यहां का दौरा किया.'

Advertisement

अब पाकिस्तानी टीम भारत में विश्व कप खेलने आती है या नहीं, ये तो देखने वाली बात होगी. लेकिन लगातार भारत के खिलाफ जहर उगलने वाले रमीज़ राजा की कुर्सी फिलहाल जा चुकी है. और रमीज़ के इन बयानों का असर दोनों बोर्ड्स के आगे के रिश्तों पर पड़ने की संभावना बहुत कम है.

वीडियो: रमीज़ राजा का टीम इंडिया पर बयान सुनकर लगेगा कि नौकरी छूटने का उनको भारी धक्का लगा है

Advertisement