The Lallantop

अध्यक्ष पद से हटने के बाद रमीज़ राजा ने क्यों कहा भारत में मुझे सब बहुत प्यार करते हैं?

PCB में हुई नाइंसाफी पर क्या बोले रमीज़.

Advertisement
post-main-image
रमीज़ राजा. फोटो: File Photo

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व चेयरमैन और बल्लेबाज़ रमीज़ राजा ने कहा है कि उन्हें हमेशा भारत में और भारतीय क्रिकेट फैन्स से प्यार मिला है. रमीज़ राजा ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा है कि उन्हें बतौर प्रशासक मुश्किल फैसले लेने पड़े. इसके साथ ही उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के नए चेयरमैन पर भी सवाल उठाए हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

रमीज़ राजा ने ये बातचीत उन सवालों के जवाब में की जिसमें उन्हें भारत और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के खिलाफ़ बताया गया.  

रमीज राजा ने इस बातचीत में अपने उस बयान का भी जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर BCCI ने 2024 में एशिया कप के लिए अपनी टीम पाकिस्तान नहीं भेजी, तो पाकिस्तान भारत में 2023 विश्व कप का बहिष्कार करने पर विचार करेगा. दरअसल रमीज़ राजा का ये बयान जय शाह के उस बयान के बाद आया था, जिसमें जय शाह ने कहा था कि भारतीय टीम एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी. इन तमाम चीज़ों पर फैन के एक सवाल का जवाब देते हुए रमीज़ राजा ने कहा,

Advertisement

'मेरे मन में भारतीय प्रशंसकों के लिए बहुत सम्मान है, इसमें कोई शक नहीं है कि मैंने सालों भारत में अपने कार्यकाल का पूरा आनंद लिया. क्रिकेट बाधाओं को तोड़ता है, यह बाधाओं को पार करने में मदद करता है. बतौर क्रिकेटर, बतौर कॉमेंटेटर, मुझे वहां बहुत प्यार मिला.'

रमीज़ ने आगे कहा,

'हालांकि परेशानी तब शुरू होती है जब आप क्रिकेट प्रशासक बनते हैं. ऐसे में आपको कड़े फैसले लेने होते हैं. उन कड़े फैसलों को भारतीय नज़रिए से आंकते हैं, पाकिस्तान में प्रशंसक और क्रिकेट बोर्ड इसमें अपना फायदा देख रहे हैं. हर कोई ऐसी चीज़ों को अपने नज़रिये से देखता है.'

Advertisement

रमीज़ ने आगे ये भी बताया कि आखिर क्यों ये पूरा विवाद खड़ा हुआ. रमीज़ ने कहा,

'प्रॉब्लम तब शुरू हुई जब हमें एशिया कप की मेज़बानी के राइट्स मिल गए. ऐसे में भारत ने सोचा कि वो पाकिस्तान नहीं जाएंगे और एशिया कप पाकिस्तान की जगह किसी न्यूट्रल वेन्यू पर खेला जाएगा. आप जानते हैं कि दुनियाभर की बड़ी इंटरनेशनल टीम्स पाकिस्तान नहीं आती थी. लंबे समय बाद पाकिस्तान को किसी इंटरनेशनल टूर्नामेंट को होस्ट करने का मौका मिला. जिसकी वजह से ये मेरा स्टैंड था.'

पूर्व क्रिकेटर रमीज राजा को कुछ दिनों पहले ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन पद से हटाया गया है. रमीज़ राजा की जगह पाकिस्तान सरकार ने पूर्व पत्रकार नज़म सेठी को PCB का अध्यक्ष बनाया है. रमीज़ राजा ने पद से हटने के बाद कहा है कि वो इस पूरे मामले को इंटरनेशनल फोरम पर उठाएंगे.

रमीज़ ने इस पर कहा,

'ऐसा सिर्फ पाकिस्तान में ही हो सकता है कि आप नियमों का उल्लंघन करते हुए किसी को कार्यकाल खत्म होने से पहले ही हटा दें. मैं इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाउंगा. यह पूरी तरह राजनीतिक दखल है. आप किसी को कार्यकाल के बीच में ही साइड होने को कहते हैं. अगर ऐसे पिछले हरवाज़े से लोग आएंगे तो क्या होगा. इससे बाबर आज़म और पूरी टीम पर प्रेशर आ गया है क्योंकि उन्हें नए लोगों के साथ काम करना होगा.'

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड चाहता है कि 2023 में एशिया कप की मेज़बानी उनके हाथ से ना जाए. 

वीडियो: बेन स्टोक्स के IPL टीम CSK से जुड़ते ही कप्तानी पर बवाल कटने लगा!

Advertisement