दुबई में हो रहे हमलों के बीच भारत की डबल ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु (PV Sindhu) वहां फंस गई हैं. सिंधु वर्ल्ड चैंपियनशिप खेलने दुबई के रास्ते बर्मिंघम जा रही थीं. सिंधु का पहला मैच तीन मार्च को खेला जाना है. उन्हें अब तक पहुंच जाना चाहिए था, लेकिन अब सिंधु दुबई में ही अटक गई हैं. उन्होंने वीडियो शेयर करके अपनी स्थिति के बारे में अपडेट दी है. उन्होंने बताया कि उनके कोच इस हमले में बाल-बाल बचे हैं.
'कोच से 100 मीटर दूर ही हुआ धमाका', दुबई में फंसी सिंधु ने दिया अपडेट
पीवी सिंधु को तीन मार्च से शुरू होने वाली ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप में हिस्सा लेना है. शनिवार से अपने इंडोनेशियाई कोच इरवांस्याह आदि प्रतामा के साथ दुबई में फंसी हुई हैं.


सिंधु ने शेयर किए गए वीडियो में कहा,
सभी को नमस्कार, मैं आप सभी को जानकारी देना चाहती थी. सबसे पहले उन सभी का धन्यवाद जिन्होंने हमसे संपर्क किया और हमारा हालचाल पूछा. मैं बेंगलुरु में ट्रेनिंग लेती हूं और रहती हूं. मैं ब्रिटेन के बर्मिंघम जा रही थी, जहां मुझे ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में हिस्सा लेना था. दुबई में हमारी फ्लाइट के उतरते ही, ऐसी चीजें हुईं जो कि हमारे कंट्रोल से परे थी. कुछ ही समय बाद एयरस्पेस ब्लॉक कर दिया गया.
सिंधु ने बताया कि उनके कोच ब्लास्ट की जगह से केवल 100 मीटर दूर थे और किसी तरह खुद को वहां से दूर किया. सिंधु ने कहा,
पिछले कुछ घंटे बेहद तनावपूर्ण रहे हैं. हमें ऊपर से मिसाइल के गिरने की आवाजें सुनाई दे रही थीं. कुछ घंटों बाद दुबई हवाई अड्डे पर जहां हम थे, उसके बहुत करीब एक ब्लास्ट हुआ. मेरे कोच उस जगह से लगभग 100 मीटर की दूरी पर थे, जहां ब्लास्ट हुआ और उन्हें तुरंत वहां से निकलना पड़ा.
अपनी बात जारी रखते हुए उन्होंने कहा,
इतने करीब से ऐसी घटना का अनुभव करना वाकई दिल दहला देने वाला होता है. आप कभी उम्मीद नहीं करते कि ऐसी चीजें आपके साथ या आपके किसी करीबी के साथ होंगी, लेकिन कभी-कभी परिस्थितियां आपके कंट्रोल से बाहर होती हैं. मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानती हूं कि मेरे आस-पास इतनी मजबूत और एकजुट टीम है. सभी शांत रहे, एक-दूसरे का साथ दिया और इस बेहद स्थिति में सच्ची हिम्मत दिखाई.
यहां भी पढ़ें- ‘दूसरों को चैंपियन बनाने वाले खुद चैंपियन’, जम्मू-कश्मीर की जीत पर क्या बोल गए सचिन?
कोच ने क्या बताया?सिंधु के कोच इरवांस्याह ने कहा,
‘हवाई अड्डे पर धमाका हुआ था इसलिए हम इस समय यहीं फंसे हुए हैं. उन्होंने हमें होटल में रखा है. हम ठीक हैं, लेकिन फिर भी थोड़ी चिंता है. हम ऑल इंग्लैंड के लिए जाना चाहते हैं. मुझे उम्मीद है कि हम आज उड़ान ले पाएंगे क्योंकि सिंधु का मैच बुधवार को है.
इस बीच, विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने कहा कि वह बैडमिंटन इंग्लैंड के साथ ईस्ट एशिया में चल रही स्थिति से पैदा होने वाली यात्रा चुनौतियों पर करीब से नजर रख रहा है. बीडब्ल्यूएफ ने बयान में कहा,
सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों और सहयोगी स्टाफ की सुरक्षा और भलाई हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
भारत के अधिकतर खिलाड़ी पहले ही बर्मिंघम पहुंच चुके हैं. सात्विक साईंराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की टॉप मेंस डबल्स जोड़ी, पुरुष सिंगल्स खिलाड़ी लक्ष्य सेन, युवा आयुष शेट्टी, गायत्री गोपीचंद और त्रीसा जॉली की महिला डबल्स जोड़ी बर्मिंघम पहुंच चुके हैं. मालविका बंसोड़ भी पहुंच गई हैं, लेकिन उन्नति हुड्डा अब भी भारत में हैं क्योंकि नई दिल्ली से बर्मिंघम के लिए उनकी सीधी उड़ान आखिरी समय में रद्द हो गई थी.
वीडियो: क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन, लिवर कैंसर से पीड़ित थे











.webp?width=275)






.webp?width=120)


