The Lallantop

सर्विस सेंटर वाले से भिड़ी 3.32 करोड़ की पोर्श कार, मालिक परेशान, कौन भरेगा मरम्मत की रकम?

बेंगलुरु में एक अधिकृत सर्विस सेंटर के कर्मचारी द्वारा टेस्ट ड्राइव के दौरान 3.32 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) से अधिक कीमत की पोर्श 911 (Porsche 911) कार को एक कैब से भिड़ा दिया गया.

Advertisement
post-main-image
3.32 करोड़ की पोर्श 911 का हुआ बुरा हाल (Courtesy: साहिल सिपानी इंस्टा)

कार सर्विस सेंटर पर खराब सर्विस और लापरवाही के तमाम केस गाहे-बगाहे सामने आते रहते हैं. लेकिन सर्विस स्टार्ट होने से पहले ही किसी किस्म के भारी नुकसान का केस शायद ही कभी आपने देखा हो. लेकिन ऐसा ही एक केस आईटी सिटी बेंगलुरु से सामने आया है. बेंगलुरु में एक अधिकृत सर्विस सेंटर के कर्मचारी द्वारा टेस्ट ड्राइव के दौरान 3.32 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) से अधिक कीमत की पोर्श 911 (Porsche 911) कार को एक कैब से भिड़ा (Bengaluru-Porsche 911) दिया गया. कोई बात नहीं अब जो हो गया, रिपेयर कर देते हैं. काश ऐसा होता तो फिर स्टोरी ही नहीं होती.

Advertisement
3.32 करोड़ रुपये की कार कबाड़ में

पोर्श 911 कार के साथ घटे वाक्ये को सोशल मीडिया पर गाड़ी के मालिक साहिल सिपानी ने शेयर किया है. मामला 23 जुलाई 2026 का है जब उन्होंने अपनी गाड़ी कंपनी के अधिकृत सर्विस सेंटर VST मोटर्स को सौंपी थी. साहिल की पोस्ट के मुताबिक टेस्ट ड्राइव के दौरान सुबह के लगभग 10:50 बजे उनकी कार केआर पुरम के कटम्नल्लूर ब्रिज के पास एक कैब से भिड़ गई.

आपकी जानकारी के लिए बताते चलें कि सर्विस सेंटर पर सर्विस से पहले गाड़ी को चलाकर देखना एक स्टेंडर्ड प्रोसेस है. भिड़ंत के समय डार्क-मैटेलिक ग्रे रंग की पोर्श कार को सर्विस सेंटर का कर्मचारी प्रसन्न चला रहा था. टेस्ट ड्राइव के दौरान कार की एक कैब जिसे टी. सिद्देगौड़ा चला रहे थे, से आमने-सामने की टक्कर हो गई. गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन दोनों गाड़ियों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.

Advertisement

कैब ड्राइवर सिद्देगौड़ा की पुलिस शिकायत के अनुसार, वे एक यात्री को लेकर केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की तरफ जा रहे थे और सर्विस रोड जंक्शन पर दाईं ओर मुड़ने के लिए उन्होंने गाड़ी धीमी की थी. तभी विपरीत दिशा से आ रही पोर्श कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी. उन्होंने पोर्श के ड्राइवर पर तेज और लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगाया. एनडीटीवी की खबर के मुताबिक जांचकर्ताओं का मानना है कि या तो ड्राइवर टेस्ट ड्राइव के दौरान इस हाई-परफॉरमेंस कार पर से नियंत्रण खो बैठा था या उसे इसे संभालने का पर्याप्त अनुभव नहीं था. पुलिस बयान के मुताबिक, सर्विस सेंटर के कर्मचारी ने टेस्ट ड्राइव के दौरान लापरवाही से गाड़ी चलाई और उसे दुर्घटनाग्रस्त कर दिया.

ये भी पढ़ें: EV कार में कई 'कलेश' निकले, ओनर ने बिना कोर्ट गए ₹12 लाख वापस लिए

मालिक मांग रहा जवाब

इस घटना को ढाई महीने से ऊपर हो चुके हैं, लेकिन गाड़ी को रिपेयर नहीं किया गया है. साहिल के मुताबिक वीएसटी मोटर्स, पोर्श इंडिया और पोर्श जर्मनी को बार-बार ईमेल करने और संपर्क करने के बावजूद, तीन महीने बीत जाने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला है. पिछले कुछ हफ्तों से तो संपर्क पूरी तरह से बंद हो गया है. उन्होंने वीएसटी मोटर्स और पोर्श के इस मामले को संभालने के तरीके पर गहरी निराशा जताई है.

Advertisement

साहिल ने अपनी इंस्टा पोस्ट में लिखा, 'मैंने कभी नहीं सोचा था कि पोर्श 911 के मालिक होने का अनुभव जवाबदेही की एक अंतहीन लड़ाई में बदल जाएगा." उन्होंने कहा कि इस पूरी घटना को महज "मानवीय भूल" (human error) बताकर खारिज किया जा रहा है, न कि कोई वास्तविक जिम्मेदारी ली जा रही है.

खबर लिखे जाने तक पोर्श की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है. बात करें पोर्श 911 की तो ये दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित, लोकप्रिय और शानदार लग्जरी स्पोर्ट्स कारों में से एक है. इसके कैरेरा से लेकर जीटीएस3 जैसे मॉडल बहुत लोकप्रिय हैं. कार मात्र 3.4 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है, और इसकी टॉप स्पीड 311 किमी/घंटा है. भारत में पोर्श 911 की एक्स-शोरूम कीमत लगभग 2.11 करोड़ से शुरू होकर टॉप मॉडल के लिए करीब 3.82 करोड़ एक्स शोरूम तक जाती है.

वीडियो: Shiva Sharma Murder Case: आरोपी मॉडल को यूपी पुलिस ने कैसे गिरफ्तार किया?

Advertisement