Andrew Symonds और Harbhajan Singh का झगड़ा आज भी याद किया जाता है, लेकिन VVS Laxman को Bad Umpiring पर भी अफसोस है (गेटी फाइल)
सिडनी टेस्ट क़रीब आ गया है. कुछ ही घंटों बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) में भिड़ेंगी. इस मैच से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने 2008 के कुख्यात सिडनी टेस्ट को याद किया है. इस मैच की बात होते ही लोगों को मंकीगेट याद आता है. एंड्रयू सायमंड्स और हरभजन सिंह के बीच हुए इस विवाद ने ना सिर्फ सिडनी टेस्ट बल्कि पूरे टूर से ज्यादा चर्चा बटोरी थी. लेकिन लक्ष्मण ने इसी टेस्ट की एक और कंट्रोवर्सी पर कमेंट किया है. लक्ष्मण इस टेस्ट के दौरान हुई अंपायरिंग से आज भी निराश हैं. स्टार स्पोर्ट्स के एक चैट शो के दौरान लक्ष्मण ने कहा कि भारत सिडनी 2008 टेस्ट जीत सकता था. लेकिन ऐसा हो नहीं पाया. लक्ष्मण ने कहा,
'मैं इसे ऑस्ट्रेलिया के लोगों का घमंड नहीं कहूंगा. लेकिन मुझे ऐसा महसूस होता है कि मेलबर्न टेस्ट हारने के बाद हमारे पास सिडनी टेस्ट मैच जीतने का बेहतरीन मौका था. हां इसे ज्यादातर मंकीगेट के लिए याद किया जाता है लेकिन मैं सोचता हूं कि हमारे पास वह टेस्ट जीतने का बेहतरीन मौका था. जब हमने पहली पारी में बोलिंग शुरू की, हमारे बोलर्स ने शुरुआती विकेट फटाफट निकाले. ऑस्ट्रेलिया प्रेशर में थी. और उस दौरान मैं सोचता हूं एंड्रयू सायमंड्स दो या तीन बार आउट हुए, लेकिन अंपायर्स ने बड़ी गलतियां की. आरपी सिंह ने जिस तरह से सायमंड्स को बल्ले का किनारा लगाने पर मजबूर किया था, मैं उसे कभी नहीं भूल सकता.'
लक्ष्मण के मुताबिक जोरदार आवाज होने के बावजूद अंपायर ने सायमंड्स को आउट नहीं दिया. लक्ष्मण ने कहा,
'जोर की आवाज हुई लेकिन अंपायर नहीं माने. दुर्भाग्य से इसके बाद सायमंड्स ने बड़ी सेंचुरी मार दी. फिर आखिरी दिन मुझे लगता है कि जिस तरह से सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ को आउट दिया गया, वो बहुत गलत था.'
मंकीगेट के बारे में बोलते हुए लक्ष्मण ने कहा,
'मंकीगेट वाला मामला तो अलग ही चला गया था. एक बार को हमें लगा कि सीरीज ही बीच में खत्म कर दी जाएगी. कप्तान अनिल कुंबले ने डिप्लोमेट की तरह काम किया. मैं सोचता हूं कि अंततः BCCI ने सही फैसला लिया और हमने सीरीज जारी रखी.'
सिडनी टेस्ट 2020 की बात करें तो 7 जनवरी से शुरू होने वाले इस टेस्ट के लिए भारतीय टीम घोषित हो गई है. रोहित शर्मा टीम में वापसी कर रहे हैं. उन्होंने मयंक अग्रवाल को रिप्लेस किया. चोटिल उमेश यादव की जगह नवदीप सैनी डेब्यू करेंगे.