24 अक्टूबर 2021. क्रिकेट में ये पाकिस्तान के लिए खास रात थी. शाहीन शाह अफरीदी गेंद से आग उगल रहे थे. बाबर-रिजवान भारतीय गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा रहे थे. पाकिस्तान ने इस दिन पहली बार किसी ICC वर्ल्ड कप में भारत को हराया था. वो भी 10 विकेट से. उस रात कराची से लाहौर तक खूब जश्न मना. सोशल मीडिया पर ऐसा माहौल बना कि पाकिस्तान ने दुनिया फतह कर ली हो. आप सोचेंगे हम इस दिन को क्यों याद कर रहे हैं?
'इंडिया को हराकर बेड़ा गर्क हो गया!' यूसुफ ने बताई पाकिस्तान की दुर्दशा की असली वजह
Pak vs Eng : इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तानी टीम की दुर्दशा हो गई है. टीम दो मैच हारकर सीरीज गंवा चुकी है. WTC पॉइंट्स टेबल पर टीम 9वें स्थान पर है. अब इसे लेकर पूर्व क्रिकेटर Md. Yousuf ने हार की वजह के पीछे की असली वजह बताई है. उनके हिसाब से इसके पीछे टीम इंडिया के खिलाफ मिली जीत है.

दरअसल, हम ऐसे ही इसे याद नहीं कर रहे. इसे याद दिलाया है पाकिस्तानी पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ ने. उनके मुताबिक, ये जीत ही वजह है पाकिस्तानी टीम के मौजूदा हालात की. दरअसल, पाकिस्तान टीम इस वक्त गर्त में है. इंग्लैंड दौरे पर टीम ने ऐसी जलालत झेली है कि PCB को बीच दौरे से ही 7-7 खिलाड़ियों का बोरिया-बिस्तर बांधकर घर वापस बुलाना पड़ा. उन्होंने कोच तक को नहीं बख्शा.
पहले हेडिंग्ले टेस्ट में पाकिस्तान एक पारी और 103 रन से हारा. फिर लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर 194 रन की करारी शिकस्त मिली. इस शर्मनाक प्रदर्शन के बाद बोर्ड का माथा ठनका. उन्होंने वो किया, जो क्रिकेट इतिहास में कम ही देखने को मिलता है. सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच बचा हुआ था, लेकिन PCB ने बीच दौरे से ही मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक, सलमान अली आगा समेत 7 खिलाड़ियों को इस्लामाबाद की फ्लाइट का टिकट थमा दिया. उन्होंने टीम के हेड कोच सरफराज अहमद और उनके असिस्टेंट उमर गुल की भी रातों-रात छुट्टी कर दी. उनकी जगह टीम में 7 नए और युवा चेहरों को इंग्लैंड भेजा गया.
पाकिस्तान में मची इस भसड़ के बीच जब 'समा टीवी' पर पूर्व दिग्गज मोहम्मद यूसुफ से टीम की हालत पर सवाल पूछा गया तो उनका जवाब सुनने लायक था. यूसुफ ने बिना लाग-लपेट के पाकिस्तानी प्लेयर्स को रिमांड पर लिया. उन्होंने कहा,
2021 में इंडिया के खिलाफ जो मैच हम जीते थे, उसी मैच ने हमारा सबसे ज्यादा नुकसान किया. उस जीत के बाद खिलाड़ियों को लगा कि उन्होंने लाइफ में बहुत बड़ा तीर मार लिया है. उनके दिमाग में ये बात बैठ गई कि अब आगे करने को कुछ बचा ही नहीं है.
ये भी पढ़ें : सात्विक-चिराग ने जीता चाइना मास्टर्स का खिताब, फाइनल में हे-रेन की चीनी जोड़ी को हराया
यूसुफ यही नहीं रुके. उन्होंने प्लेयर्स के रवैये की धज्जियां उड़ाते हुए कहा,
अंदरूनी क्लेश का भी फोड़ा भांडाजब आप अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो आपको और ज्यादा हंबल रहना चाहिए. लेकिन, हमारे खिलाड़ियों का तो कॉलर खड़ा हो गया. उनके अंदर घमंड आ गया. अनुशासन खत्म हो गया. यहां तक कि उन्होंने खेल की इज्जत करना छोड़ दिया. जब आप ऐसा रवैया अपनाएंगे, तो तबाही तो आएगी ही. और वही तबाही आज पाकिस्तान क्रिकेट में दिख रही है.
यूसुफ ने टीम के अंदरूनी क्लेश का भी भांडा फोड़ा. उन्होंने बताया कि 2021 की उस जीत के बाद टीम में क्रिकेट खेलने से ज्यादा 'कप्तानी' की रेस शुरू हो गई थी. हर दूसरा खिलाड़ी खुद को पाकिस्तान टीम का कप्तान समझने लगा था. पिछले चार-पांच सालों में पाकिस्तानी टीम का हाल बदतर होता चला गया है. चाहे 2023 का ODI वर्ल्ड कप हो, अंतिम दोनों T20 वर्ल्ड कप हों, एशिया कप हो या चैंपियंस ट्रॉफी.
पाकिस्तान टीम के प्रदर्शन का ग्राफ लगातार गिरता ही जा रहा है. यूसुफ के मुताबिक, बोर्ड ने हर तरह से प्लेयर्स को सपोर्ट किया. एक से बढ़कर एक विदेशी और देसी कोच बदले. लेकिन, खिलाड़ियों ने मैदान पर ज़िम्मेदारी लेने से साफ हाथ खड़े कर दिए. यूसुफ ने WTC का ऐसा कड़वा सच बयां किया, जो पाकिस्तान क्रिकेट प्रेमियों को बहुत चुभेगा. उन्होंने कहा,
आज हमारी टीम वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप की पॉइंट्स टेबल में 9वें नंबर पर लटकी हुई है. और मजे की बात ये है कि उस टेबल में कुल टीमें ही 9 हैं! यानी हम सबसे आखिरी पायदान पर हैं. पूरी दुनिया में पाकिस्तान क्रिकेट का नाम खराब हो रहा है. ऐसे में अगर बोर्ड ने 7 खिलाड़ियों को बीच दौरे से वापस बुलाने का सख्त कदम उठाया है, तो इसमें कुछ गलत नहीं है. मैं PCB के इस फैसले के पूरे साथ हूं.
यूसुफ ने तो यहां तक इशारा कर दिया कि खिलाड़ियों को अचानक बीच सीरीज से वापस बुलाने के पीछे सिर्फ खराब फॉर्म नहीं, बल्कि ड्रेसिंग रूम के अंदर मची कोई बहुत बड़ी भसड़ या अनुशासनहीनता भी हो सकती है. कहा जाता है असफलता झेलना फिर भी आसान होता है. लेकिन, कामयाबी हर किसी के बस की बात नहीं होती. यूसुफ के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट के साथ ठीक यही हुआ.
भारत को वर्ल्ड कप में हराने का जो सपना उन्होंने दशकों से देखा, वो 2021 में जैसे पूरा हुआ. टीम का मोटिवेशन ही खत्म हो गया. उन्हें लगा कि टीम इंडिया को एक बार हरा दिया तो समझो जग जीत लिया. इसी घमंड, आपसी गुटबाजी और कप्तानी की छीना-झपटी ने पाकिस्तान क्रिकेट को आज उस मुकाम पर ला खड़ा किया है, जहां से वापसी का रास्ता बहुत मुश्किल है. अब देखना ये होगा कि PCB का यह सर्जिकल स्ट्राइक टीम को सुधारेगा या भसड़ अभी और बढ़ेगी.
वीडियो: पाकिस्तान की हार पर PCB चीफ मोहसिन नकवी की बात सुन पाकिस्तानी फैन्स का भड़कना तय है












