The Lallantop

'5 छक्के मारूंगा सोचा नहीं था', आखिरी ओवर रिंकू के दिमाग में क्या चल रहा था?

रिंकू ने आखिरी 7 बॉल पर 40 रन मार दिए.

Advertisement
post-main-image
रिंकू सिंह ने IPL के आखिरी ओवर में सबसे ज्यादा रन चेज करने का रिकॉर्ड बना लिया (फोटो-AP)

IPL इतिहास में अगर सबसे शानदार मैच को गिना जाएगा तो आप 9 अप्रैल 2023 की तारीख को जरूर याद करेंगे. गुजरात टाइटन्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स. सबको एक ही नाम याद आएगा- रिंकू सिंह. जिस मैच को जीतना असंभव लग रहा था, उसे रिंकू सिंह ने संभव बना दिया. छक्के पर छक्के जड़कर. मैच के आखिर में 5 बॉल में 5 छक्के मारकर KKR को जिताने वाले रिंकू सिंह ने कहा कि सोचा नहीं था कि ऐसा कर पाएंगे. लेकिन एक भरोसा जरूर था. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

रिंकू ने अपने आखिरी 7 बॉल पर 40 रन मार दिए. सभी बाउंड्री के पार. मैच के बाद अवार्ड सेरेमनी के दौरान रिंकू सिंह ने कहा, 

“मुझे अंदर से भरोसा था कि मैं कर सकता हूं. पिछले साल भी एक ऐसी इनिंग लखनऊ के खिलाफ खेली थी. तब भी भरोसा था और आज भी था. राणा भाई (नीतीश राणा) ने कहा था कि भरोसा रखो और अंतिम तक खेलो, देखते हैं क्या होता है. मैं छक्का मारने की ही कोशिश कर रहा था. उमेश भैया (उमेश यादव) कहते रहे कि लगे रहो, ज्यादा सोचो मत और जैसा बॉल आ रहा है वैसा खेलो.”

Advertisement

आखिरी ओवर में 29 रन बचे थे. उस दौरान रिंकू क्या सोच रहे थे? इस पर उन्होंने बताया कि वे ज्यादा कुछ सोच नहीं रहे थे. जैसा बॉल आ रहा था वैसा खेल रहा था. उन्होंने कहा, 

"सोचा नहीं था कि 5 छक्के मार दूंगा. एक भरोसा था बस. बॉल मिले और लगते चले गए. और हम जीत भी गए."

गुजरात ने KKR को 205 रनों का लक्ष्य दिया था. KKR के दो विकेट 28 रन पर गिर गए थे. लेकिन इस बड़े टारगेट के लिए वेंकटेश अय्यर और नीतीश राणा ने पारी संभाली. लेकिन 17वें ओवर में राशिद खान ने हैट्रिक विकेट लेकर KKR को झटका दे दिया. अब टारगेट मुश्किल लग रहा था. लेकिन पिच की दूसरी छोर पर रिंकू सिंह खड़े थे. आखिरी ओवर में कोलकाता को जीतने के लिए 29 रन चाहिए थे. स्ट्राइक पर उमेश यादव थे. शायद ही किसी ने सोचा होगा कि KKR ये मैच जीत पाएगा.

Advertisement

लेकिन पहली बॉल पर ही उमेश यादव ने सिंगल लिया और स्ट्राइक पर रिंकू सिंह पहुंच गए. फिर बचे पांच बॉल में 28 रन. रिंकू ने हर बॉल पर छक्के जड़ दिये. हिसाब लगा लीजिए. रिंकू ने 2 रन ज्यादा बना दिये. इस तरह उन्होंने IPL के आखिरी ओवर में सबसे ज्यादा रन चेज़ करने का भी रिकॉर्ड बना लिया.

वीडियो: Dhoni ने पहले CSK को जिताया और फिर...

Advertisement