The Lallantop

KKR फैंस के लिए खुशखबरी! CSK के ख‍िलाफ मैच से पहले टीम में जुड़ेगा ये धाकड़ बॉलर

श्रीलंका क्रिकेट ने Matheesha Pathirana को IPL 2026 के लिए हरी झंडी दे दी है. CSK के खि‍लाफ 14 अप्रैल को होने वाले मुकाबले में उनके खेलने की पूरी संभावना है.

Advertisement
post-main-image
मथीशा पथ‍िराना जल्द ही KKR कैंप से जुड़ने वाले हैं. (फोटो-PTI)

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के फैंस के लिए एक ऐसी खबर आई है, जिसे सुनकर मायूस बैठे समर्थक खुशी से झूम उठेंगे. इस सीज़न KKR की हालत वैसे ही पतली चल रही है, लेकिन अब उनके खेमे में एक ऐसा गेंदबाज़ जुड़ने जा रहा है, जिसकी यॉर्कर बल्लेबाजों के पैर सुन्न कर देती है. नाम है मथीशा पथिराना (Matheesha Pathirana).

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, पथिराना पूरी तरह से फिट हो गए हैं और IPL में तहलका मचाने के लिए तैयार हैं. श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने पथिराना को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट यानी NOC दे दी है.

NOC मिल गई

दरअसल, IPL से ठीक पहले हुए T20 वर्ल्ड कप के दौरान पथिराना को पिंडली में चोट लग गई थी. इसी चोट की वजह से वो टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों से बाहर चल रहे थे. लेकिन, अब ये 23 साल का 'बेबी मलिंगा' पूरी तरह फिट है और KKR स्क्वॉड से जुड़ने के लिए तैयार है.

Advertisement

KKR मैनेजमेंट को पथिराना पर इतना भरोसा था कि उन्होंने इस गेंदबाज़ का कोई रिप्लेसमेंट नहीं मांगा. फ्रेंचाइज़ी लगातार श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के संपर्क में थी और पथिराना की रिकवरी पर नज़र गड़ाए बैठी थी. उनका ये सब्र अब रंग लाया है.

ये भी पढ़ें : RR के मैनेजर डगआउट में बैठकर चला रहे थे फोन, BCCI की कार्रवाई तय है!

CSK से होगा सामना

कहानी में सबसे बड़ा ट्विस्ट क्या है पता है? पथिराना 14 अप्रैल को सेलेक्शन के लिए उपलब्ध होंगे. इसी दिन KKR का मैच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ है. वही CSK, जो पथिराना की पुरानी फ्रेंचाइज़ी है और जहां रहकर उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई.

Advertisement

चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में जब पथिराना पर्पल जर्सी पहनकर अपनी पुरानी पीली जर्सी वाली टीम के खिलाफ स्लिंगिंग एक्शन से यॉर्कर डालेंगे, तो स्टेडियम का माहौल देखने लायक होगा.

KKR की बॉलिंग का क्या हाल है?

पथिराना की वापसी KKR के लिए किसी संजीवनी बूटी से कम नहीं है. पॉइंट्स टेबल पर नज़र डालें तो KKR सबसे नीचे पड़ी है. टीम ने अब तक तीन मैच हारे हैं और एक मैच बारिश में धुल गया था. बॉलिंग डिपार्टमेंट की तो कमर पूरी ही टूटी हुई थी. हर्षित राणा और आकाश दीप जैसे गेंदबाज़ टीम का हिस्सा नहीं हैं.

मुस्तफिजुर रहमान की जगह ज़िम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजराबानी (Blessing Muzarabani) को टीम में लाया गया और पथिराना की गैरमौजूदगी में वही अकेले विदेशी तेज़ गेंदबाज़ के तौर पर खेल रहे थे. टीम की हालत पिछले मैच में इतनी खस्ता हो गई कि कैमरन ग्रीन (Cam Green) से भी गेंदबाज़ी करवानी पड़ी, जबकि शुरुआती तीन मैचों में ग्रीन सिर्फ बतौर बल्लेबाज़ खेल रहे थे.

पथिराना अपनी तूफानी रफ्तार और सटीक यॉर्कर के लिए जाने जाते हैं. डेथ ओवर्स में वो क्या कर सकते हैं, ये सबने देखा है. अब देखना होगा कि बोर्ड से हरी झंडी मिलने के बाद पथिराना की एंट्री KKR की डूबती नैया को पार लगा पाती है या नहीं.
 

वीडियो: कोलकाता बनाम लखनऊ के मैच में मुकुल का डंका बजा, KKR के बॉलर्स को क्यों याद आ गए धोनी?

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement