The Lallantop

जिस बैट से 5 छक्के मारे, वो रिंकू का था ही नहीं, नए इंटरव्यू में हुआ खुलासा!

रिंकू ने बताया, उनका बैट टूट गया था, इस खिलाड़ी से बल्ला मांगकर उतरे...

Advertisement
post-main-image
रिंकू सिंह ने आखिरी ओवर में पांच छक्के मार दिलाई थी जीत (फोटो- ट्विटर)

रिंकू सिंह का नाम कल से कीवर्ड बना हुआ है. क्रिकेट से लेकर बॉलीवुड तक सारे लेजेंड्स रिंकू की तारीफ कर रहे हैं. अब रिंकू सिंह का एक नया इंटरव्यू सामने आया है (Rinku Singh interview). रिंकू ने इस इंटरव्यू में बड़ा खुलासा किया. बताया कि जिस बैट से उन्होंने 5 छक्के जड़े, वो उनका था ही नहीं. वो बल्ला उन्होंने दूसरे खिलाड़ी से मांगा था.  

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक से जुड़े नितिन श्रीवास्तव को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में रिंकू ने बताया कि बल्ला दरअसल KKR के कप्तान नीतीश राणा का था. उन्हें नीतीश से बल्ला इसलिए मांगना पड़ा क्योंकि उनका बैट टूट गया था. रिंकू ने बताया,

“पिछले साल भी मैंने नितीश भैया के बैट से खेला था. उनके SS के बैट काफी अच्छे होते हैं. मेरा बैट टूट गया था इसलिए मैंने नितीश भैया का बैट मांग लिया था.”

Advertisement

रिंकू ने आगे ये भी बताया कि आखिरी ओवर में उनके दिमाग में क्या चल रहा था. रिंकू ने कहा,

“जब मैं बैटिंग कर रहा था तो मुझे रन्स के बारे में कोई अंदाजा नहीं था. मुझे पता भी नहीं था कि कितने रन चाहिए. मैं थोड़ा नर्वस था. फिर छक्के लगते चले गए. जब दो बॉल में 10 रन चाहिए तो मुझे लगा कि मैच में अब कुछ हो सकता है. फिर मुझे और कॉन्फिडेंस आ गया और मैंने मैच फिनिश कर दिया.”

ऑक्शन के वक्त कहां थे?

रिंकू ने आगे अपने स्ट्रगल पर भी बात की. अपने सफर के बारे में बात करते हुए रिंकू ने बताया कि मैंने काफी मेहनत की और आज यहां पर पहुंचा हूं. इतना ही नहीं रिंकू ने अपने ऑक्शन पर भी बात की. रिंकू ने बताया,

Advertisement

“मेरे परिवार ने 80 लाख रुपये कभी नहीं देखे थे. जिस वक्त ऑक्शन चल रहा था घर पर लाइट चली गई थी. हम सब ने ऑक्शन फोन पर देखा था.”

गुजरात के साथ हुए मुकाबले पर जीत हासिल करने पर रिंकू ने बताया कि काफी अच्छी नींद आई. ये मेरी लाइफ का बेस्ट मैच था. पूरी रात मेरे दिमाग में छक्के चल रहे थे.

इंडिया के लिए खेलने का सपना

भारतीय टीम के लिए खेलने पर रिंकू ने कहा कि हर खिलाड़ी का सपना होता है कि वो भारत के लिए खेले. रिंकू ने बताया कि मैं जो भी चीजें करता आ रहा हूं उन्हीं को आगे करता रहूंगा. बेसिक्स पर प्रैक्टिस करूंगा और ऐसे ही खेल जारी रखूंगा.

मैच का हाल भी जानते जाइए

KKR वर्सेज गुजरात मैच में गुजरात ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला किया. शुभमन गिल, साइ सुदर्शन की बेहतरीन बैटिंग और अंत में विजय शंकर की तेज-तर्रार पारी के दम पर गुजरात ने 20 ओवर में 204 रन बनाए. विजय ने सिर्फ 24 गेंदों पर 63 रन बना डाले.

जवाब में KKR एक समय जीत की ओर बढ़ रही थी. 16 ओवर में KKR ने चार विकेट खोकर 155 रन बना लिए थे. क्रीज़ पर रिंकू के साथ आंद्रे रसल खड़े थे. लेकिन 17वां ओवर लेकर आए राशिद खान ने कमाल कर दिया.

राशिद ने लगातार गेंदों पर आंद्रे रसल, सुनील नरेन और शार्दुल ठाकुर को वापस भेज हैट्रिक मार दी. लगा कि GT ये मैच अपने नाम कर लेगी. लेकिन रिंकू अलग ही इरादे के साथ उतरे थे. उन्होंने आखिरी ओवर में यश दयाल को लगातार पांच छक्के मार, KKR को मैच जिता दिया.

Advertisement