The Lallantop

विलियमसन के अलावा किन तीन खिलाड़ियों को रिटेन करेगा SRH?

इरफान पठान ने बताया, वॉर्नर होंगे या नहीं?

Advertisement
post-main-image
SRH के खिलाड़ी केन विलियमसन, राशिद खान और डेविड वार्नर (बाएं से दाएं) (पीटीआई फोटो)
IPL 2022 के लिए रिटेन किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट देने में अब सिर्फ दो दिन का समय बचा है. ऐसे में सभी टीमों ने इसकी तैयारियां ज़ोर-शोर से शुरू कर दी है. सभी आठ पुरानी फ्रेंचाइज़ के पास सिर्फ 30 नवंबर तक का ही समय है ये बताने के लिए कि वो मेगा ऑक्शन से पहले किन चार खिलाड़ियों को रिटेन कर रही हैं. उसके बाद IPL 2022 में जुड़ने वालीं दो नई फ्रेंचाइजी बचे हुए खिलाड़ियों में से तीन-तीन खिलाड़ियों को अपने-अपने दल में शामिल करेंगी. इसके अलावा इरफान पठान की नज़र में हैदराबाद की टीम किन खिलाड़ियों के साथ जा सकती है. इसकी भी बात करेंगे. इस स्टोरी में हम बात करेंगे 2016 की चैंपियन टीम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की. साथ ही उनके बारे में बताएंगे कि कौन से ऐसे चार खिलाड़ी हैं जिन्हे इस टीम में रिटेन किया जा सकता है. 2014 के बाद पहली बार ऐसा हो सकता है जब SRH की टीम बिना डेविड वार्नर के खेलने उतरेगी. इस बात के संकेत टीम मैनेजमेंट ने इसी साल हुए IPL में दे दिए थे जब उन्होंने ख़राब फॉर्म के चलते पहले तो वार्नर को कप्तानी से हटाया और फिर प्लेइंग इलेवन से भी बाहर कर दिया. हालांकि IPL 2021 के तुरंत बाद हुए T20 वर्ल्ड कप में वार्नर ने अपनी बल्लेबाज़ी का लोहा मनवाया और मैन ऑफ़ दी टूर्नामेंट बने हैं. बावजूद इसके पूर्व भारतीय तेज़ गेंदबाज़ इरफ़ान पठान का मानना है की SRH उनमे निवेश नहीं करेगी. कौन होगा SRH का कप्तान? पठान की मानें तो SRH सबसे पहले न्यूज़ीलैंड के कप्तान केन विलियमसन को रिटेन करेगी और साथ ही उन्हें कप्तानी कार्यभार भी सौंपेगी. इसके अलावा टीम मैनेजमेंट अफ़ग़ानिस्तान के स्पिन गेंदबाज़ राशिद खान को भी रिटेन करना चाहेगी. हालांकि पठान ने यह भी माना कि अभी रशीद खान के SRH के साथ जुड़े रहने पर भी सवालिया निशान है. स्टारस्पोर्ट्स पर बात करते हुए इरफ़ान पठान ने कहा,
'केन विलियमसन टीम के कप्तान होंगे. वैसे तो राशिद खान टीम की पहली पसंद होने चाहिए. लेकिन जहां तक मैंने सुना है कि विलियमसन ही टीम की कप्तानी करेंगे. राशिद अगर टीम के साथ जुड़े रहते हैं तो ये हैदराबाद की टीम के लिए बहुत अच्छा होगा. लेकिन अगर वो अलग होने का फैसला करते हैं तो मतलब कि वे अपने लिए कुछ बेहतर विकल्प खोज रहे हैं.'
बता दें कि ख़बरें ये भी आ रहीं थीं कि खान साब टीम के सेकेंड रिटेंड खिलाड़ी बनने के लिए तैयार नहीं है. वे चाहते हैं कि उन्हें टीम में फर्स्ट चॉइस पर रखा जाए. आपको ये भी बता दें कि जिस खिलाड़ी को पहले नंबर पर रिटेन किया जाएगा उसे दूसरे नंबर पर रिटेन किए गए खिलाड़ी से सालाना चार करोड़ की राशि अधिक मिलेगी. भारत के किन खिलाड़ियों पर है SRH की नज़र? भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो पठान का मानना है कि टीम मैनजमेंट जम्मू एंड कश्मीर के बल्लेबाज़ अब्दुल समद और तेज़ गेंदबाज़ उमरान मलिक के साथ जाएगी. अब्दुल समद भले ही अभी तक IPL में अपना इम्पैक्ट नहीं छोड़ पाए हैं लेकिन उनके गेम को फिनिश करने की काबीलियत किसी से छिपी नहीं है. वहीं उमरान की बात करें तो उन्होंने अपने पहले ही सीज़न में टूर्नामेंट की सबसे तेज़ गेंद फेंककर काफी सुर्खियां बटोरी हैं. साथ ही पठान का यह भी कहना है कि मैनेजमेंट भुवनेश्वर कुमार की तरफ भी नहीं देख रही है. क्योंकि वे कुछ ख़ास गेंदबाज़ी नहीं कर रहे हैं. पठान ने कहा,
'भुवनेश्वर भी एक विकल्प हैं लेकिन वे अच्छी गेंदबाज़ी नहीं कर रहे हैं. खलील अहमद भी हैं. टी नटराजन भी हैं. लेकिन मुझे लगता है कि टीम भविष्य को देखते हुए निवेश करेगी और आपको अब्दुल समद और उमरान मालिक टीम में रिटेन होते दिख सकते हैं.'
देखा जाए तो SRH के पास चुनने के लिए और भी कई विकल्प हैं. जेसन रॉय, विजय शंकर, मनीष पांडे, मुजीब उर रहमान, जेसन होल्डर. ये कुछ ऐसे नाम हैं जिनके बारे में भी SRH सोच सकती है. किसी भी टीम के लिए केवल चार ही खिलाड़ियों को चुनना निश्चित ही एक मुश्किल टास्क होने वाला है. कोई भी टीम अधिकतम तीन ही भारतीय खिलाड़ी रिटेन कर सकती है. चौथा खिलाड़ी विदेशी होना अनिवार्य है. या फिर टीमें दो भारतीय और और दो विदेशी खिलाड़ी भी रिटेन कर सकती हैं. ऐसे में देखना होगा कि SRH किन खिलाड़ियों पर दांव लगाती है.

Advertisement
Advertisement