न्यूज़ीलैंड ने सिर्फ 11 गेंदों में कैसे बदला अपना और इंग्लैंड दोनों का इतिहास?
जिम्मी...जिम्मी...जिम्मी.
Advertisement

England को पीटकर Daryl Mitchell और Jimmy Neesham ने New Zealand को फाइनल में पहुंचा (एपी फोटो)
डैरिल मिचेल और जिमी नीशम. न्यूज़ीलैंड के दो नए हीरो. मिचेल और नीशम ने 10 नवंबर, बुधवार की रात बेहतरीन क्रिकेट दिखाते हुए फेवरिट्स इंग्लैंड को T20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया. अबू धाबी में हुए T20 वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल में न्यूज़ीलैंड ने छह गेंदें बाकी रहते हुए ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से पीट दिया. इससे पहले न्यूज़ीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीता और पहले बोलिंग का फैसला किया. इंग्लैंड ने मोईन अली के पचासे के दम पर 20 ओवर्स में 166 रन बनाए. इंग्लैंड के लिए दाविद मलान ने भी 41 रन बनाए. जबकि न्यूज़ीलैंड की ओर से टिम साउदी, एडम मिल्न, ईश सोढ़ी और जिमी नीशम ने एक-एक विकेट निकाले. जवाब में न्यूज़ीलैंड की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही. क्रिस वोक्स ने पहले ही ओवर में मार्टिन गप्टिल को निपटा दिया. सिर्फ चार रन पर गप्टिल के आउट होने के बाद तीसरे ओवर में केन विलियमसन भी वापस हो लिए. उनका विकेट भी वोक्स के खाते में गया. न्यूज़ीलैंड ने सिर्फ 13 रन पर अपने दो अहम विकेट गंवा दिए.
# ENGvsNZ Result
लगा कि इंग्लैंड की टीम आसानी से मैच अपने नाम कर लेगी. लेकिन डैरिल मिचेल का प्लान अलग ही था. उन्होंने एक छोर थामे रखा. और सबसे पहले उनके साथ आए डेवन कॉन्वे. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 72 रन की पार्टनरशिप की. यहां से न्यूज़ीलैंड ने मैच में वापसी करनी शुरू की. लेकिन 95 के टोटल पर कॉन्वे 46 रन बनाकर आउट हुए. और फिर 107 तक आते-आते ग्लेन फिलिप्स भी वापस लौट गए. इन दोनों को लियम लिविंग्सटन ने आउट किया.
इसके बाद छठे नंबर पर बैटिंग करने आए जिमी नीशम. नीशम ने लिविंग्सटन की गेंद पर सिंगल लेकर स्ट्राइक अपने पास रखी. अब आखिरी चार ओवर्स में न्यूज़ीलैंड को 57 रन चाहिए थे. गेंद लेकर आए क्रिस जॉर्डन. पहली गेंद... नीशम ने मिडविकेट के ऊपर से इसे पहुंचाया बाउंड्री के बाहर. मिले पूरे छह रन. अगली गेंद पैड पर थी. लेगबाई के दो रन मिले. ओवर की पहली दो गेंदों में आठ रन आ गए. और जॉर्डन ने अगली गेंद वाइड फेंक दी. ओवर की तीसरी लीगल डिलिवरी पर नीशम ने चौका जड़ दिया. अगली गेंद फिर से वाइड. और ओवर की चौथी लीगल डिलिवरी फिर से लेग साइड की ओर उड़ चली. वहां जॉनी बेयरस्टो ने बेहतरीन तरीके से इसे लपका लेकिन रीप्ले में पता चला कि इस दौरान उनका पैर बाउंड्री रोप से सट गया था. और न्यूज़ीलैंड को फिर से छह रन मिल गए. और फिर अगली दो गेंदों पर नीशम ने तीन रन और बटोर लिए. इस ओवर में 23 रन आए और अब न्यूज़ीलैंड को जीत के लिए 18 गेंदों पर 34 रन की जरूरत थी. अगला ओवर मिला आदिल रशीद को. पहली गेंद डॉट रही. और अगली गेंद पर नीशम अपने घुटनों पर बैठे और उसे आसमान की सैर कराते हुए मिडविकेट के ऊपर से छह रन के लिए भेज दिया. अगली गेंद पर सिंगल और फिर ओवर की चौथी गेंद पर मिचेल ने लॉन्ग-ऑन पर छक्का जड़ दिया. पांचवीं गेंद पर एक और सिंगल आया और फिर ओवर की आखिरी गेंद पर रशीद ने नीशम को ऑयन मॉर्गन के हाथों कैच करा दिया. लेकिन आउट होने से पहले नीशम ने सिर्फ 11 गेंदों पर पूरा मैच बदल दिया.
उन्होंने 245.45 के स्ट्राइक रेट से 11 गेंदों पर 27 रन कूट डाले. इसमें एक चौका और तीन छक्के शामिल रहे. नीशम आउट हुए तो न्यूज़ीलैंड को जीत के लिए 12 गेंदों पर 20 रन चाहिए थे. और मिचेल ने वह रन वोक्स द्वारा फेंके गए 19वें ओवर में ही बना लिए. न्यूज़ीलैंड ने छह गेंदें बाकी रहते ही मैच को पांच विकेट से अपने नाम कर फाइनल में एंट्री कर ली. यह पहली बार है जब न्यूज़ीलैंड की टीम T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है. जबकि इंग्लैंड को T20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में पहली हार मिली.
Advertisement










