संजू सैमसन. तमाम फ़ैन्स की मानें तो इनके साथ न्याय नहीं हो रहा है. संजू मौजूदा समय में सबसे खतरनाक भारतीय बल्लेबाजों में से एक हैं. और संजू ने अपने इस टैग को एक बार फिर से सही साबित किया है. उन्होंने IPL2024 के अपने पहले ही मैच में धूम मचा दी. संजू ने लखनऊ के खिलाफ़ 52 गेंदों पर 82 रन की नाबाद पारी खेली. इसमें छह छक्के और तीन चौके शामिल रहे. संजू की ये बैटिंग देख सोशल मीडिया पर खूब बातें हुईं.
संजू कुछ भी कर लें, BCCI वाले... सैमसन की बैटिंग ने सोशल मीडिया पर कराया बवाल
Sanju Samson ने IPL2024 की ताबड़तोड़ शुरुआत कर दी है. उन्होंने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ़ 52 गेंदों पर 82 रन की पारी खेली. उनकी ये पारी देख सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब रिएक्ट किया.

पूर्व क्रिकेटर इरफ़ान पठान लिखते हैं,
‘स्पिनर्स के खिलाफ़ बैकफ़ुट पर खेलते संजू सैमसन एक मास्टर क्लास हैं. कमाल की बैटिंग.’
एक फ़ैन ने लिखा,
'समझ नहीं आता कि क्यों भारत संजू सैमसन का पूरा इस्तेमाल नहीं करता. ये जब भी खेलते हैं, अलग क्लास के लगते हैं.'
एक दूसरे फ़ैन ने लिखा,
'संजू, कमाल के टैलेंट और समर्पण के साथ अविश्वसनीय रूप से प्रतिभाशाली व्यक्ति हैं.'
एक फ़ैन ने तो BCCI को सुना ही दिया. इन्होंने लिखा,
'ये आदमी कुछ भी कर ले, BCCI सहानुभूति बटोरने वाले ऋषभ पंत और केएल राहुल नाम के एक बंदे को ही मौका देगा, जो कई वर्ल्ड कप में फ़्लॉप हो चुका है. सॉरी संजू सैमसन, एक क्रिकेटिंग देश के रूप में हम फ़ेल रहे.'
संजू सैमसन की ये बैटिंग देख एक स्टैट भी चलने लगे. इसके मुताबिक संजू IPL2020 से लेकर अब तक, हर बार पहले मैच में कम से कम पचासा जरूर मार रहे हैं. IPL2020 में उन्होंने 74 रन बनाए थे. 2021 में 119, 2022 और 2023 में 55 और 2024 में 82 रन की पारी खेली.
बात संजू की करें तो वह तीसरे ही ओवर में क्रीज़ पर आ गए थे. ओपनर जॉस बटलर दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हुए. उनका विकेट नवीन उल हक़ के खाते में गया. इसके बाद पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर टीम के दूसरे ओपनर भी आउट हो गए. लेकिन संजू एक एंड पर खड़े रहे. उन्होंने टीम की जरूरत के हिसाब से बैटिंग की. नंबर चार पर आए रियान पराग ने अपने कप्तान का बेहतरीन साथ देते हुए 29 गेंदों पर 43 रन बनाए. रियान ने अपनी पारी में एक चौका और तीन छक्के जड़े.
संजू ने रियान के साथ 93 रन की पार्टनरशिप की. रियान के आउट होने के बाद हेटमायर सिर्फ़ पांच रन बनाकर आउट हो गए. लेकिन इनके बाद आए ध्रुव जुरेल ने 12 गेंदों पर 20 रन की तेज पारी खेली. राजस्थान ने पहले बैटिंग करते हुए चार विकेट खोकर 193 रन बनाए. जवाब में लखनऊ वाले बहुत कोशिश करने के बावजूद लक्ष्य से पीछे रह गए. राजस्थान ने मैच को 20 रन से अपने नाम कर लिया.
वीडियो: धोनी ने कप्तानी छोड़ी, लेकिन अभी और दर्द देने वाले है!













