The Lallantop

RCB अभी भी पहुंच सकती है प्लेऑफ में, बस इस तिकड़म की जरूरत है!

IPL 2024 में प्लेऑफ की रेस मजेदार होती जा रही है. RCB ने लगातार पांच मुकाबले जीतकर इस रेस को काफी मजेदार बना दिया है.

Advertisement
post-main-image
RCB ने लगातार पांच जीत के साथ प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा (PTI)

IPL 2024 में लीग स्टेज के मुकाबले जैसे-जैसे खत्म होने की कगार पर हैं, वैसे ही प्लेऑफ की रेस मजेदार होती जा रही है. पॉइंट्स टेबल (IPL Points Table) में हर मैच के बाद उठापटक देखने को मिल रही है. कभी लगता है कि कोई टीम प्लेऑफ के बेहद करीब पहुंच चुकी है, तो कुछ मैच के बाद ही वो टीम रेस से लगभग बाहर जाती हुई नजर आती है. IPL 2024 में अब महज 8 लीग मुकाबले खेले जाने बाकी है, लेकिन सिर्फ कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) की टीम ही प्लेऑफ का टिकट हासिल कर पाई है. 

वहीं, कुछ हद तक राजस्थान रॉयल्स की टीम भी प्लेऑफ में अपना एक कदम रख चुकी है. लेकिन बाकी की दो पोजीशन के लिए कई टीम्स रेस में शामिल है. इनमें से एक टीम जिसकी काफी चर्चा हो रही है, वो है रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु. वजह है एक समय रेस से लगभग बाहर हो चुकी RCB ने कमाल की वापसी की है. टीम ने लगातार 5 मुकाबलों में जीत हासिल की है और खुद को फिर से इस रेस में वापस लेकर आई है. लेकिन उनके प्लेऑफ में पहुंचने की राह में क्या-क्या चुनौतियां हैं और कौन-कौन सी दूसरी टीम्स प्लेऑफ का टिकट पा सकती हैं, सब विस्तार से जानते हैं.

Advertisement
राजस्थान रॉयल्स

शुरुआत राजस्थान रॉयल्स से करते हैं. टीम 12 में से 8 मुकाबलों में जीत हासिल कर चुकी है. लेकिन काफी समय तक टेबल टॉपर रहने वाली इस टीम को पिछले तीन मुकाबले में लगातार हार का सामना करना पड़ा है. इसका असर टीम के नेट रन रेट पर भी पड़ा है. टीम के दो लीग मुकाबले बाकी हैं. ऐसे में प्लेऑफ में पहुंचने के लिए टीम को एक और मैच में जीत हासिल करनी होगी. वहीं टॉप-2 में फिनिश करने के लिए टीम को दोनों मुकाबले में जीत हासिल करनी हो सकती है.

Advertisement
चेन्नई सुपर किंग्स

अब बात करते हैं चेन्नई सुपरकिंग्स की. टीम को 13 में से 7 मुकाबलों में जीत मिली है. उनका नेट रन रेट +0.528 का है. जो कि काफी अच्छा है. टीम का अगला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ है. इस मैच में जीत टीम को सीधे प्लेऑफ का टिकट दिला देगी. जबकि इस मैच में हार के बाद भी टीम प्लेऑफ में पहुंच सकती है, लेकिन इसके लिए उन्हें दूसरी टीम्स के रिजल्ट पर निर्भर रहना होगा. साथ ही उन्हें हार का अंतर भी ज्यादा नहीं रखना होगा.

ये भी पढ़ें: विराट कोहली जैसा क्यों नही बन पाए इशांत? पेसर ने अपने जवाब से कर दी बोलती बंद

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु

अब बात करते हैं इस समय सबसे चर्चित और फैन्स फेवरेट टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की. 12 मई को RCB ने DC को हराकर अपनी लगातार पांचवीं जीत हासिल की. टीम 13 मुकाबले खेल चुकी है और उनके 12 पॉइंट्स हैं. अगर अगले मैच में RCB जीत हासिल करती है तो टीम के 14 पॉइंट्स हो जाएंगे. हालांकि इसके बावजूद टीम को दूसरी टीम्स के रिजल्ट पर निर्भर रहना होगा. RCB चाहेगी कि लखनऊ, हैदराबाद, दिल्ली और गुजरात अपने बाकी बचे मैच हार जाएं. अगर ये नतीजे RCB के पक्ष में जाते हैं तब उन्हें चेन्नई के खिलाफ कम से कम 18 रन से जीत हासिल करनी होगी. या फिर चेज के दौरान टारगेट को 18.1 ओवर या उसके अंदर चेज करना होगा. इससे RCB का नेट रन रेट CSK से ज्यादा हो जाएगा.

Advertisement

दिल्ली कैपिटल्स

दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार के बाद अपनी राह को बेहद कठिन बना लिया है. टीम का नेट रन रेट -0.482  का हो गया है. टीम को 13 में से 6 मुकाबलों में जीत मिली है. आखिरी मैच में जीत हासिल करने के बाद भी दिल्ली के लिए राह आसान नहीं रहने वाली है. उनकी संभावना तभी बन पाएंगी, अगर SRH को अपने दोनों मैचों में बड़ी हार मिले. इसके अलावा वो उम्मीद करेंगे कि CSK, RCB को हरा दे. जबकि LSG को बाकी बचे दो में से सिर्फ़ एक मैच में जीत मिले. साथ ही वो नेट रन रेट में भी DC से पीछे रहें.

सनराइजर्स हैदराबाद 

सनराइजर्स हैदराबाद की बात करें तो टीम 12 में से 7 मुकाबले जीत चुकी है. SRH का नेट रन रेट 0.406 है, जो कि काफी अच्छा है. ऐसे में बाकी बचे दो में से एक मैच में भी जीत उन्हें प्लेऑफ का टिकट दिलाने के लिए काफी होगी. जबकि टीम अगर दोनों मुकाबले हार जाती है तो RCB और CSK बेहतर रन रेट के आधार पर उनसे आगे निकल सकती हैं.

लखनऊ सुपरजाएंट्स

आखिर में बात करते हैं लखनऊ सुपरजाएंट्स की. टीम के 12 मुकाबलों के बात 12 अंक हैं. लेकिन नेट रन रेट -0.769 का है. ऐसे में टीम को बाकी बचे अपने दोनों मैच जीतने ही होंगे. ताकि वो 16 पॉइंट्स हासिल कर प्लेऑफ का टिकट पा ले. हालांकि, 16 अंक होने पर भी उनकी जगह पक्की नहीं होगी. क्योंकि फिलहाल CSK और SRH दोनों 16 अंकों तक पहुंच सकती हैं. बेहतर रन रेट के साथ. ऐसे में उन्हें बाकी टीम के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा.

वीडियो: राजस्थान रॉयल्स को हराने के बाद CSK प्लेयर्स को मिले गोल्ड मेडल, वजह काफी मजेदार है

Advertisement