The Lallantop

बैंगलोर को मिली एक और हार, लेकिन उनकी ये 2 परफॉरमेंस ज़रूर देखी जायें

लगता है RCB से न हो पायेगा.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
आईपीएल 2019. 17वां मैच जो कि खेला जा रहा था चिन्नास्वामी मैदान में. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर जो कि अब तक एक भी मैच नहीं जीत सकी थी, आईपीएल के इस सीज़न में अभी भी जीत से कोसों दूर है. उसके सामने थी कोलकाता नाइट राइडर्स. केकेआर ने टॉस जीता और पहले बॉलिंग करने का फ़ैसला लिया. बैंगलोर की टीम बैटिंग करने के लिए आई और 200 रनों के पार जाकर रुकी. रुकी भी तो इसलिए क्यूंकि 20 ओवर पूरे हो गए थे. विराट कोहली और एबी डिविलियर्स ने बैट के साथ मेजर कंट्रीब्यूशन दिया और 10 रन प्रति ओवर से भी ऊपर के रेट रन बने. जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 5 गेंद बचे रहते हुए मैच जीत लिया. कोलकाता नाइट राइडर्स की इस शानदार जीत और बैंगलोर की एक और हार से जो कुछ भी पॉइंट्स मिले, देखते हैं:

1. आंद्रे रसल

Andre Russell RCB vs KKR IPL 2019 (2) रसल ने पिछले तीन मैचों में जो बैटिंग की है, वो देख लेते हैं - हैदराबाद के ख़िलाफ़ 19 गेंदों में 49 रन, पंजाब के ख़िलाफ़ 17 गेंदों में 48 रन और दिल्ली के ख़िलाफ़ 28 गेंदों में 62 रन. इस मैच में यानी आईपीएल के अपने चौथे मैच में रसल ने बनाए 13 गेंद में 48 रन. आंद्रे रसल जब आये तो केकेआर को जीतने के लिए 24 गेंदों में 67 रन चाहिए थे. आख़िरी के 3 ओवर में जीतने के लिए 53 रन चाहिए थे और आंद्रे रसल 2 गेंदों में 1 रन बनाकर खेल रहे थे. 18वें ओवर से रसल ने मारना शुरू किया और तब तक नहीं रुके जब तक केकेआर जीत चुकी थी. 19वें ओवर में रसल ने 5 गेंदें खेली और पांचों गेंदें बाउंड्री के पार गई. इस ओवर में कुल 29 रन आये. 2 ओवर में 30 का टार्गेट 1 ओवर में लगभग अचीव कर लिया गया था. 1 रन की ही कसर बची थी जिसे अगले ओवर की पहली ही गेंद पर स्कोर कर लिया गया. मैन ऑफ़ द मैच आंद्रे रसल ही रहे. अपने 4 मैचों में 3 मैन ऑफ़ द मैच ले चुके हैं.

2. कोहली की बैटिंग

Virat Kohli RCB vs KKR IPL 2019 विराट कोहली मैच में पहले बैटिंग करने आये. आरसीबी के ओपनर वही हैं. अपनी पहली ही गेंद पर उन्होंने जिस तरह से एक कमाल की कवर ड्राइव मारी, ये मालूम चल गया था कि कोहली के साथ फॉर्म का कोई भी मसला नहीं है. इसके बाद उन्होंने एक अच्छी इनिंग्स खेली. एक वक्त पर लग रहा था कि वो सेंचुरी मार देंगे लेकिन फिर उनकी इनिंग्स को कुलदीप यादव ने एक शानदार कैच से रोका. कोहली ने अपनी इनिंग्स में कई क्लासिक शॉट्स खेले. ऐसे शॉट्स टी-20 में अक्सर देखने को नहीं ही मिलते हैं लेकिन कोहली इन कन्वेशनल शॉट्स के साथ भी तेज़ रन्स बनाने में कामयाब हो जाते हैं. कोहली को एबी डिविलियर्स का भी अच्छा साथ मिला. डिविलियर्स ने 32 गेंद में 63 रन बनाए. कोहली के साथ एबी की पार्टनरशिप 56 गेंदों में 108 रन की रही.

3. चाहल की बॉलिंग

Yujvendra Chahal IPL 2019 KKR vs RCB 200 रन से ऊपर के टार्गेट को पार करने के बाद भी बैंगलोर का एक बॉलर है जिसके बारे में बात की जाएगी. युजवेंद्र चाहल. 4 ओवर में सिर्फ़ 24 रन और 1 विकेट. इस लिहाज़ से ये भी समझा जा सकता है कि बाकी के बॉलर्स को कितनी पिटाई झेलनी पड़ी होगी. चाहल ने पेस को अच्छा मिक्स किया और बॉल को कई मौकों पर हवा में भी छोड़ा. उन्हें मारना बेहद मुश्किल दिखाई दे रहा है. मैच के शुरुआती हिस्से में क्रिस लिन कह रहे थे कि मैदान में ओस गिरेगी और दूसरी इनिंग्स में बैटिंग करना आसान होगा लेकिन चाहल को देखकर ऐसा लग ही नहीं रहा था. ऐसा लग रहा था जैसे वो कोई दूसरी ही बॉल से बॉलिंग कर रहे थे जो ग्रिप कर के आ रही थी और जिसे मारने में दिक्कत मालूम दे रही थी. लेकिन आरसीबी इसका भी कोई फ़ायदा नहीं उठा पाई और आख़िरी ओवर्स में उन्हें रसल के कोप का शिकार होना पड़ा. पॉइंट्स टेबल में केकेआर दूसरे नंबर पर है. उसके 4 मैचों में 6 पॉइंट्स हैं. आरसीबी सबसे नीचे है. अभी भी अपने खाते में एक भी जीत नहीं लिखवा पाई है.

Advertisement
Advertisement