सबसे पहले सिराज से कैच छूटे. वो भी दो दो. 11वें ओवर की दूसरी गेंद थी. मार्कस स्टोइनिस का ओवर था और दूसरी गेंद पर क्रिस लिन ने शॉट खेला और सिराज के हाथ से गेंद टपक गई. कोहली का पारा चढ़ने लगा था. कोहली की एक एक रिएक्शन देखने वाली थी. फिर 16वें ओवर की तीसरी गेंद. युजवेंद्र चाहल बॉलिंग कर रहे थे. सामने नीतिश राणा स्ट्राइक पर थे. पॉइंट पर खड़े मोहम्मद सिराज ने फिर एक कैच टपका दिया. हालांकि ये मुश्किल कैच था मगर सिराज का कॉन्फिडेंस पहले ही लो हो चुका था तो वो इसे लपक नहीं पाए. खुद भी मैदान पर गिर पड़े.

सिराज को अगले मैच में जगह मिलेगी इस पर संशय है.
दो कैच तो छूटे ही. साथ ही इस खिलाड़ी की बदनसीबी की इंतहा तो तब हो गई जब कप्तान कोहली ने उन्हें तीसरा ओवर फेंकने के लिए 18वें ओवर में बुलाया. कोलकाता का स्कोर 17 ओवरों में 153/5 था और यहां से भी मैच आरसीबी के पाले में लग रहा था क्योंकि कोलकाता को 18 गेंदों पर 53 रन चाहिए थे. सामने आंद्रे रसेल थे. सिराज की पहली गेंद पर कोई रन नहीं पड़ा. दूसरी पर भी कोई रन नहीं पड़ा. सारा दबाव रसल पर आ गया. मगर फिर तीसरी गेंद वाइड हो गई और साथ में अंपायर से गेंद की हाइट के लिए वॉर्निंग भी मिल गई क्योंकि ये एक बीमर थी. फिर इसी गेंद को जब दोबारा फेंका तो ये नो बॉल के साथ छक्के के लिए चली गई. ये एक बार फिर बीमर थी और रसल ने खुद के बचाव में बल्ला ऐसा भांजा की गेंद सीमा पर उड़ती हुई गई. यानी इससे 7 रन आए. अंपायर ने कप्तान कोहली को कहा कि ये गेंद भी कमर की हाइट से ऊपर है और ये दूसरा मौका है तो अब सिराज ये ओवर जारी नहीं रख सकते.
पहले से खीझ चुके कोहली ने सिराज को हटाकर बाकी की चार गेंदें मार्कस स्टोइनिस के फिंकवाने का निर्णय लिया. मगर कोहली को क्या पता था कि आगे जो होगा वो और खतरनाक है. स्टोनिस ने तीसरी गेंद फेंकी जिसे रसल ने छक्के के लिए भेज दिया. चौथी को भी उसी रूट पर छक्के के लिए. फिर पांचवीं गेंद वाइड हो गई. फिर एक रन आया और आखिरी पर भी सिंगल. कुल 23 रन पड़े और इस एक ओवर से मैच कोलकाता की तरफ झुक गया. फिर रही सही कसर टिम साउदी के 19वें ओवर ने पूरी कर दी जिसमें रसल ने साउदी के ओवर में 29 रन कूट दिए. हले लगातार तीन छक्के फिर चौका और फिर छक्का पड़ा. इस तरह टिम साउदी के 4 ओवरों में 61 रन पड़े जो आरसीबी के लिए सबसे खराब बॉलिंग स्पेल है. कोलकाता ने एक ओवर रहते ही मैच जीत लिया. आरसीबी ने आखिरी 4 ओवरों में 75 रन लुटाए.

सिराज के अलावा नवदीप सैनी ने पहले ही ओवर में क्रिस लिन का कैच छोड़ा था. वहीं राजस्थान के खिलाफ अजिंक्य रहाणे के कैच छोड़ने वाले विराट कोहली ने भी यहां 17वें ओवर में दिनेश कार्तिक का कैच भी टपका दिया. यानी पूरी टीम गड़बड़ाई हुई है. कोहली को समझ नहीं आ रहा कि वो करें तो करें क्या, बोलें तो बोलें क्या. आखिर में यही कहना पड़ेंगा कि वाह रसल वाह.
लल्लनटॉप वीडियो भी देखें-














